PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…11-04-2026
पंजाब डेस्क: पंजाब-चंडीगढ़ टॉप 10 खबरें: वृंदावन हादसे में 11 मौतें, मंत्री पर गंभीर आरोप और जालंधर पुलिस की ‘फर्जी’ रेड का पर्दाफाश। आए चुटकियों में पढ़े दिनभर की अहम 10 खबरें।
1. वृंदावन नाव हादसे में 11 मौतें: वृंदावन नाव हादसे में मरने वाले पंजाब के लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है,। लुधियाना के जगराओं में शनिवार को एक ही परिवार के 5 सदस्यों की चिताएं एक साथ जलीं, जहाँ मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पहुंचकर शोक व्यक्त किया। अबोहर के मानिक टंडन, जिनकी 12 सितंबर को शादी होनी थी, उनकी लाश भी शनिवार को बरामद की गई।
2. AAP मंत्री पर गंभीर आरोप: मुकेरियां के कारोबारी मलकीत सिंह की बेटियों ने वीडियो जारी कर सीएम मान से गुहार लगाई है कि मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के डर से उनका स्कूल जाना छूट गया है। वहीं मंत्री मुंडियां ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा है कि उन्होंने कोई ट्रॉली नहीं खरीदी और न ही कोई पैसा बकाया है।
3. जालंधर पुलिस की ‘फर्जी’ रेड: जालंधर के शाहकोट थाने के SHO, ASI और एक लेडी कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एक CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें पुलिस खुद अपनी गाड़ी से शराब का ड्रम निकालकर आरोपी के घर में रखते हुए दिख रही है, जिसके बाद रेड का नाटक किया गया।
4. 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े पिता-पुत्र: गुरदासपुर के गांव सैरोवाल में पुलिस प्रताड़ना और झूठे केस से परेशान होकर पिता-पुत्र 55 घंटे तक हाई वोल्टेज टावर पर चढ़े रहे। डीएसपी द्वारा 15 दिनों में जांच के आश्वासन के बाद ही वे नीचे उतरे।
5. सिंगर बब्बू मान के शो में हंगामा: पाकिस्तानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अलीजा सहर ने आरोप लगाया है कि जर्मनी में बब्बू मान के शो के दौरान सिक्योरिटी गार्ड्स ने उनके साथ बदसलूकी की और गलत ढंग से छुआ। अलीजा ने वीडियो जारी कर सिंगर से इंसाफ की मांग की है।
6. पंजाब कैबिनेट के बड़े फैसले: मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में 13 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने को मंजूरी दी गई है, जिसमें बेअदबी बिल पेश किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के 11,500 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का फैसला भी लिया गया है।
7. आर्मी का सामान ले जा रहे ट्रक में आग: संगरूर के एक ड्राइवर ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र के नासिक में रिश्वत न देने पर एक पुलिसकर्मी ने जलती हुई सिगरेट उसके ट्रक पर फेंक दी, जिससे ट्रक में लदा आर्मी सीएसडी (CSD) का सामान जलकर राख हो गया।
8. चंडीगढ़ में ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ स्कीम: चंडीगढ़ प्रशासन पर्यटकों के लिए आलीशान कोठियों में रुकने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इससे कोठी मालिकों को कमाई होगी और पर्यटकों को महंगे होटलों से राहत मिलेगी।
9. चंडीगढ़ में 6 मंजिला फ्लैट: चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड जल्द ही ग्रुप हाउसिंग स्कीम लॉन्च करेगा। कलेक्टर रेट बढ़ने के कारण अब यहाँ 6 मंजिला इमारतों के निर्माण की अनुमति दी गई है।
10. मोहाली में IPL के दौरान हंगामा: महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच के दौरान टिकटों की चेकिंग को लेकर पुलिस और दर्शकों के बीच तीखी बहस हुई। दर्शकों ने पुलिस पर टिकट ब्लैक करने के आरोप लगाए।

