ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…16-04-2026

पंजाब डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ की आज की बड़ी और अहम खबरों के बुलेटिन में आपका स्वागत है। आज राज्य की राजनीति में उस वक्त बड़ी हलचल देखने को मिली जब AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर 24 घंटे चली ED की छापेमारी खत्म हुई। वहीं, अमृतसर में 4 बच्चों के पिता की सरेआम हत्या और संगरूर में भाई को ट्रैक्टर से कुचलने जैसी दिल दहला देने वाली घटनाओं ने सनसनी फैला दी है।जहाँ एक तरफ कनाडा में मशहूर पंजाबी रेडियो होस्ट को ड्रग्स तस्करी में सजा सुनाई गई है, वहीं जालंधर के कृष भगत का मुंबई इंडियंस में सिलेक्शन खेल जगत के लिए एक उत्साहजनक खबर है। इसके अलावा, कपूरथला के एक व्यक्ति की 25 साल बाद घर वापसी और बदली हुई पारिवारिक परिस्थितियों की हैरान करने वाली कहानी भी आज चर्चा का केंद्र बनी हुई है।आइए, विस्तार से जानते हैं पंजाब-चंडीगढ़ की दिनभर की 10 बड़ी खबरें…।

1. AAP सांसद अशोक मित्तल के घर 24 घंटे बाद खत्म : ED की रेडआम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल के 9 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी गुरुवार सुबह खत्म हुई। करीब 24 घंटे तक चली इस जांच में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला गया। विपक्षी दलों और सत्ता पक्ष के बीच इस रेड को लेकर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

2. अमृतसर में 4 बच्चों के पिता की गोलियां मारकर हत्या: अमृतसर के गांव भुल्लर में 33 वर्षीय मनजीत सिंह की 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब वह अपनी गाड़ी में बैठा था। परिजनों ने पुरानी रंजिश और गैंगस्टरों से संबंध होने का आरोप लगाया है।

3. महिला आरक्षण पर CM मान की मांग: पंजाब की सीटें बढ़ाकर 20 करेंमुख्यमंत्री भगवंत मान ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए केंद्र से मांग की है कि यदि देश में कुल सीटें बढ़ती हैं, तो पंजाब की लोकसभा सीटें भी 13 से बढ़ाकर 20 की जानी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे विकास की नहीं, सिर्फ एक-दूसरे की टांग खींचने की बात करते हैं। 4. अमृतपाल को जेल में ही रखने के लिए हाई कोर्ट पहुंची सरकार: पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि अमृतपाल सिंह पर लगा NSA खत्म होने के बाद भी उसे डिब्रूगढ़ जेल (असम) में ही रखा जाए। सरकार ने सुरक्षा कारणों और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उसे पंजाब न लाने की दलील दी है।

5. चंडीगढ़ में छिपा दिल्ली का गैंगस्टर गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस का वांटेड गैंगस्टर विकास दहिया उर्फ सोनू चंडीगढ़ के सेक्टर-38 की एक कोठी में 3 महीने से पहचान बदलकर रह रहा था। पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड के जरिए लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया। वह हत्या के मामले में 9 महीनों से फरार चल रहा था।

6. संगूर में छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचला: संगरूर के गांव बडबर में दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहाँ छोटे भाई ने पैसों और पेड़ के विवाद में अपने बड़े भाई मनजिंदर सिंह के ऊपर 4-5 बार ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी जान ले ली। आरोपी भाई वारदात के बाद से फरार है।

7. जालंधर में ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस में लूट: जालंधर में दो बदमाशों ने एक ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस में घुसकर महिला कर्मी का मुंह दबाया और गल्ले से 1.80 लाख रुपए लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

8. जालंधर के कृष भगत का मुंबई इंडियंस में सिलेक्शन: जालंधर के उभरते खिलाड़ी और मध्यम गति के गेंदबाज कृष भगत को आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने साइन किया है। टीम ने घायल अथर्व अंकोलेकर की जगह कृष को 30 लाख रुपए के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है।

9. कनाडा में पंजाबी रेडियो होस्ट को 5.5 साल की जेल: कनाडा में रहने वाली पंजाबी रेडियो होस्ट सुखविंदर कौर संघा को 83 करोड़ रुपए की ड्रग्स (मेथामफेटामाइन) की तस्करी के मामले में साढ़े 5 साल की सजा सुनाई गई है। वह जालंधर के नकोदर की रहने वाली है और वहां के पंजाबी समुदाय का एक बड़ा चेहरा थी।

10. 25 साल बाद लौटा पति, पत्नी ने देवर से कर ली थी शादी: कपूरथला का हंसा सिंह 25 साल बाद अपने गांव शिव दयालवाला वापस लौटा। घर आकर उसे पता चला कि उसकी पत्नी ने उसके ही छोटे भाई से शादी कर ली है और उसके बच्चे भी हैं। फिलहाल उसके भाई ने उसे अपने साथ रखने और देखरेख करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *