ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार: कप्तान श्रेयस अय्यर का फूटा गुस्सा, चहल को ओवर न देने पर दी सफाई

स्पोर्टस डेस्क : आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 3 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। यह पंजाब किंग्स की टूर्नामेंट में लगातार चौथी हार है, जिससे कप्तान श्रेयस अय्यर काफी नाराज नजर आए। शुरुआती सात मैचों में 13 अंक हासिल करने वाली पंजाब की टीम अब जीत के लिए संघर्ष कर रही है।

210 रन बनाकर भी हारा पंजाब: धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि उनके हिसाब से यह स्कोर पर्याप्त था, बल्कि उन्हें लगा कि बोर्ड पर 30 रन अतिरिक्त ही थे।

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने 6 गेंद शेष रहते ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया और पंजाब की प्लेऑफ की उम्मीदों को झटका दिया। गौरतलब है कि धर्मशाला के इस स्टेडियम में आईपीएल इतिहास में पहली बार 200 से अधिक रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया गया है।

युजवेंद्र चहल को क्यों नहीं दी गेंदबाजी?: मैच के दौरान सबसे चौंकाने वाला फैसला युजवेंद्र चहल से एक भी ओवर न कराना रहा। इस पर सफाई देते हुए कप्तान अय्यर ने बताया कि उनके मन में चहल को गेंदबाजी देने का विचार जरूर आया था, लेकिन पिच पर गेंद जिस तरह से सीम कर रही थी और तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, उसे देखते हुए उन्होंने स्पिनर को नहीं लगाया।

तेज गेंदबाजों से नाराज दिखे कप्तान:श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम के पेसर्स की लाइन और लेंथ पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अगर तेज गेंदबाजों ने सही दिशा में गेंदबाजी की होती, तो विकेट निकाले जा सकते थे और मैच का नतीजा कुछ और होता। खराब गेंदबाजी का खामियाजा टीम को लगातार चौथी हार के रूप में भुगतना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *