ब्रेकिंग न्यूज़
आईटीबीपी सुरक्षाकर्मियों के सम्मान में RBI ने आयोजित की वार्षिक सांस्कृतिक संध्या

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI), चंडीगढ़ द्वारा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सुरक्षाकर्मियों की सेवाओं के सम्मान और उनके प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को वार्षिक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रिज़र्व बैंक के हरियाणा, पंजाब एवं चंडीगढ़ संघ शासित क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक श्री विवेक श्रीवास्तव ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईटीबीपी वेस्टर्न कमांड के पुलिस महानिरीक्षक श्री अश्वनी कुमार डोगरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक और आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ Bureau of Civil Aviation Security के क्षेत्रीय निदेशक श्री संजय कुमार तथा यूटी चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में श्री विवेक श्रीवास्तव ने कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आईटीबीपी के जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

सांस्कृतिक संध्या के दौरान विभिन्न संगीतमय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गईं, जिन्होंने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। आईटीबीपी के जवानों के लिए आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से आपसी सौहार्द, सम्मान और सहयोग की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भारतीय रिज़र्व बैंक की ओर से आईटीबीपी के अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *