ब्रेकिंग न्यूज़
Tawang International Tourism Mart 2026: 29 अक्टूबर से होगा आयोजन, 22 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 29 से 31 अक्टूबर तक 14वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट का आयोजन होगा। 22 देशों के 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है।

अरुणाचल प्रदेश / सत्ता संदेश

तपूर्वोत्तर भारत की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए 29 से 31 अक्टूबर, 2026 तक अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 14वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट (ITM) का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, अरुणाचल प्रदेश सरकार और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के सहयोग से आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय कार्यक्रम होटल विवांता, तवांग में होगा। इसमें देश-विदेश के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक भाग लेंगे और क्षेत्र में पर्यटन विकास तथा व्यावसायिक साझेदारियों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पर्यटन एवं पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी तथा अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 29 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान नॉर्थ ईस्ट बाजार का उद्घाटन किया जाएगा और पूर्वोत्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे।

22 देशों के 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद

14वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट में 200 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा विक्रेताओं के भाग लेने की संभावना है। इनमें 22 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदार शामिल होंगे। ऑस्ट्रेलिया, भूटान, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मलेशिया, फिलीपींस, पोलैंड, रूस, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।

इस आयोजन में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के पर्यटन स्थलों, स्थानीय अनुभवों और पर्यटन उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक स्थलों और एडवेंचर टूरिज्म को घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाना है।

30 अक्टूबर को होंगे बी2बी सत्र

मार्ट के दूसरे दिन, 30 अक्टूबर को व्यवसाय-से-व्यवसाय (B2B) बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा पूर्वोत्तर के पर्यटन सेवा प्रदाताओं को एक मंच पर लाया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटन व्यवसायों के बीच सहयोग बढ़ाने, नए पर्यटन उत्पाद विकसित करने और स्थानीय उद्यमियों की बाजार तक पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विकास से जुड़े तकनीकी सत्र भी आयोजित होंगे। इनमें पूर्वोत्तर में लाइव कार्यक्रमों और संगीत समारोहों से जुड़ी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने तथा संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्रों में पर्यटकों की पहुंच सुगम बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा रॉयल एनफील्ड की ओर से ‘गंतव्यों से परे: पूर्वोत्तर भारत में अनुभवपरक यात्राओं का सृजन’ विषय पर प्रस्तुति दी जाएगी।

स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और खान-पान का होगा प्रदर्शन

आयोजन में नॉर्थ ईस्ट बाजार के माध्यम से पूर्वोत्तर की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, वस्त्रों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और क्षेत्रीय व्यंजनों के जरिए प्रतिनिधियों को आठों राज्यों की विविध परंपराओं और खान-पान से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

तवांग के प्रमुख पर्यटन स्थलों का करेंगे भ्रमण

मार्ट के दौरान प्रतिभागियों के लिए तवांग और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण की योजना भी बनाई गई है। इनमें तवांग मठ, जसवंत गढ़ युद्ध स्मारक, जंग जलप्रपात, तवांग युद्ध स्मारक, छठे दलाई लामा की जन्मस्थली उर्ग्येलिंग गोम्पा, बुद्ध पार्क, पंकांग तेंग त्सो झील और शेरनुप गांव शामिल हैं।

इन भ्रमणों के माध्यम से प्रतिनिधियों को क्षेत्र की आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक दृश्यों, स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए परिचयात्मक भ्रमण भी निर्धारित किए गए हैं, जो 1 नवंबर, 2026 को गुवाहाटी से शुरू होंगे।

पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक भी होगी

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट के साथ 30 अक्टूबर को पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र में पर्यटन विकास को गति देने और राज्यों के बीच सहयोग मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट का 14वां संस्करण 13 वर्ष बाद तवांग में आयोजित हो रहा है। इससे पहले वर्ष 2013 में इस आयोजन का दूसरा संस्करण तवांग में हुआ था। मार्ट का पिछला संस्करण नवंबर 2025 में सिक्किम की राजधानी गंगटोक में आयोजित किया गया था। इस बार तवांग में होने वाले आयोजन से पूर्वोत्तर भारत के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और क्षेत्र में पर्यटन आधारित व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *