ब्रेकिंग न्यूज़
मोगा में प्रवासी मजदूरों पर अंधाधुंध फायरिंग: यूपी-बिहार के मजदूरों को बनाया निशाना, दो गंभीर रूप से घायल

पंजाब डेस्क : पंजाब के मोगा जिले में जीरा रोड पर स्थित एक सेलर (चावल मिल) में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों पर मंगलवार सुबह रूह कंपा देने वाला हमला हुआ। काम खत्म कर अपने कमरों की ओर लौट रहे मजदूरों पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

घटना का विवरण: जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे 7 से 8 प्रवासी मजदूर पल्लेदारी का काम खत्म कर अपने किराये के कमरे पर जा रहे थे। जैसे ही वे सेलर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे, एक बाइक पर आए हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई और मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पीड़ितों की स्थिति: इस हमले में दो मजदूर, अशोक कुमार और सुबोध माझी, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोशल मीडिया पर ली हमले की जिम्मेदारी: हैरान करने वाली बात यह है कि इस हमले की जिम्मेदारी लाडी भलवान और निरवेर सिंह नाम के व्यक्तियों ने ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर गोलियां चलाते हुए एक वीडियो साझा किया और प्रवासी मजदूरों के खिलाफ नफरत भरी बातें लिखीं। पोस्ट में लिखा गया कि “यूपी और बिहार से आकर पंजाब को अपने बाप की जागीर समझ रहे हैं” और वे पंजाब का माहौल खराब कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *