ब्रेकिंग न्यूज़
चैंपियंस लीग: विनीसियस के गोल से रियाल मैड्रिड अगले दौर में, पीएसजी और अटलांटा भी आगे बढ़े

मैड्रिड, 26 फरवरी (एपी) विनीसियस जूनियर ने बुधवार को बेनफिका के खिलाफ फिर से विजयी गोल दागा जिससे रियाल मैड्रिड चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम 16 में पहुंचने में सफल रहा।

मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) भी मोनाको को हराकर प्लेऑफ से आगे बढ़ गया जबकि अटलांटा ने बोरुसिया डॉर्टमुंड के खिलाफ अंतिम क्षणों में गोल करके प्रतियोगिता में इटली की भागीदारी को बरकरार रखा।

लेकिन युवेंटस दूसरे चरण में वापसी करने में नाकाम रहा और गैलाटासराय से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

विनीसियस ने बेनफिका के खिलाफ पहले चरण के मैच में विजयी गोल करने के बाद कथित नस्लीय दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।

उन्होंने इस घटना को पीछे छोड़ते हुए फिर से शानदार खेल दिखाया और सैंटियागो बर्नबेउ स्टेडियम में 80वें मिनट में अपनी टीम का दूसरा गोल करके पुर्तगाली की टीम पर रियाल मैड्रिड की दूसरे चरण में 2-1 से और कुल मिलाकर 3-1 की जीत सुनिश्चित की। रियाल मैड्रिड ने पहला चरण 1-0 से जीता था।

ब्राजील के स्टार खिलाड़ी ने फिर से कॉर्नर फ्लैग के बगल में अपने गोल का जश्न मनाया। विनीसियस ने पहले चरण के मैच में बेनफिका के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी पर उन्हें ‘बंदर’ कहने का आरोप लगाया था।

बेनफिका ने 14वें मिनट में राफा सिल्वा के गोल से कुल स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया, लेकिन दो मिनट बाद ही ऑरेलियन चोउमेनी ने रियाल मैड्रिड के लिए गोल दाग दिया।

पीएसजी ने मोनाको को 3-2 के कुल स्कोर से हराकर खिताब बचाने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। इन दोनों टीम के बीच दूसरे चरण का मैच 2-2 से बराबर रहा।

युवेंटस को गैलाटासराय के खिलाफ दूसरे चरण में 3-2 से जीत के बावजूद 7-5 के कुल स्कोर से हार का सामना करना पड़ा। अटलांटा ने डॉर्टमुंड के खिलाफ दूसरा चरण 4-1 से जीता और इस तरह से 4-3 के कुल स्कोर के साथ अगले दौर में प्रवेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *