1 मार्च से महंगा हुआ गैस सिलेंडर: कमर्शियल LPG के दामों में ₹31 तक की बढ़ोतरी, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत
नेशनल डेस्क : तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने महीने के पहले दिन आम जनता और व्यापारियों को बड़ा झटका दिया है। 1 मार्च, 2026 से एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में ₹28 से ₹31 तक की बढ़ोतरी की गई है। राहत की बात यह है कि यह वृद्धि केवल 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर पर लागू हुई है, जबकि घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर और पीएनजी (PNG) के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
शहरों के अनुसार नए रेट (19 किलो कमर्शियल सिलेंडर): ताजा बढ़ोतरी के बाद देश के प्रमुख महानगरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं:
दिल्ली: ₹1740.50 से बढ़कर ₹1768.50 हो गई है।
कोलकाता: यहाँ अब सिलेंडर ₹1875.50 में मिलेगा।
मुंबई: कीमत ₹1692.00 से बढ़कर ₹1720.50 हो गई है।
चेन्नई: यहाँ सबसे अधिक ₹1929.00 का भाव हो गया है।
होली से पहले व्यापारियों को झटका: होली के त्योहार में अब केवल 2 दिन शेष हैं, ऐसे में कमर्शियल गैस का महंगा होना रेस्टोरेंट, होटल और ढाबा संचालकों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि इससे उनकी लागत बढ़ जाएगी।
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर: आम जनता के लिए राहत बरकरार है। दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत ₹853.00, कोलकाता में ₹879.00, मुंबई में ₹852.50 और चेन्नई में ₹868.50 पर स्थिर बनी हुई है। साथ ही दिल्ली-एनसीआर और अन्य शहरों में पाइप वाली गैस (PNG) की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

