ब्रेकिंग न्यूज़
गोल्फ दिग्गज टाइगर वुड्स फिर गिरफ्तार: फ्लोरिडा में कार एक्सीडेंट के बाद लगा ‘DUI’ का आरोप, भेजे गए जेल

स्पोर्ट्स डेस्क: दुनिया के पूर्व नंबर एक गोल्फर और 15 बार के मेजर चैंपियन टाइगर वुड्स को अमेरिका के फ्लोरिडा में ‘ड्राइविंग अंडर द इन्फ्लुएंस’ (DUI) के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उनके जुपिटर आइलैंड स्थित घर के पास हुए एक सड़क हादसे के बाद की गई।

हादसे का विवरण: पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार (27 मार्च 2026) दोपहर टाइगर वुड्स अपनी लैंड रोवर कार से तेज रफ्तार में जा रहे थे। एक ट्रेलर खींच रहे वर्क ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी गाड़ी ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वुड्स की कार अनियंत्रित होकर पलट गई और ड्राइवर साइड पर जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में वुड्स या दूसरे चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वुड्स खुद ही दरवाजा खोलकर कार से बाहर निकल आए थे।

नशे का शक और जांच: हिरासत में लिए जाने के बाद वुड्स का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, जिसमें शराब की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, जांच अधिकारियों का मानना है कि वह किसी दवा (Medication) के प्रभाव में गाड़ी चला रहे थे, जिससे उनकी ड्राइविंग क्षमता प्रभावित हुई।

अतिरिक्त कानूनी मुश्किलें: टाइगर वुड्स ने पुलिस द्वारा मांगे गए यूरिन टेस्ट को देने से इनकार कर दिया। फ्लोरिडा के कानून के तहत परीक्षण से इनकार करना एक अलग अपराध माना जाता है, जिसके कारण उन पर एक अतिरिक्त चार्ज लगाया गया है। उन पर कुल मिलाकर तीन आरोप लगे हैं:

-DUI (नशे या दवा के प्रभाव में गाड़ी चलाना)

-संपत्ति को नुकसान पहुंचाना

-वैध परीक्षण से इनकार करना

8 घंटे जेल में रहना अनिवार्य: फ्लोरिडा के सख्त नियमों के मुताबिक, DUI के मामले में गिरफ्तार व्यक्ति को जमानत पर रिहा होने से पहले कम से कम 8 घंटे जेल में बिताने होते हैं। बता दें कि यह दूसरी बार है जब वुड्स को ऐसे आरोपों का सामना करना पड़ा है; इससे पहले साल 2017 में भी उन्हें फ्लोरिडा में लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *