PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…30-04-2026
पंजाब डेस्क : पंजाब और चण्डीगढ़ में आज का दिन राजनीतिक और कानूनी हलचलों से भरा रहा। जहाँ एक ओर आम आदमी पार्टी सरकार के नए बेअदबी कानून को अदालत में चुनौती दी गई, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान का राष्ट्रपति से मिलने का कार्यक्रम भी चर्चा में रहा। इसके अलावा, खेल जगत से जुड़ी एक शर्मनाक घटना और हिमाचल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
बेअदबी कानून को ईसाई भाईचारे की चुनौती: पंजाब सरकार द्वारा बेअदबी के लिए उम्रकैद की सजा वाले कानून को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि कानून में केवल श्री गुरु ग्रंथ साहिब का जिक्र है और अन्य धर्मों के ग्रंथों को शामिल न करना संविधान की भावना के खिलाफ है।CM भगवंत मान की राष्ट्रपति से मुलाकात: मुख्यमंत्री भगवंत मान 5 मई को राष्ट्रपति से अकेले मुलाकात करेंगे। वह ‘राइट टू रिकॉल’ के तहत उन 6 राज्यसभा सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग करेंगे जिन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी जॉइन की है।
नाबालिग फुटबॉल खिलाड़ी का यौन उत्पीड़न: चण्डीगढ़ में एक नामी फुटबॉल कोच पर टूर्नामेंट के दौरान एक नाबालिग खिलाड़ी के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। खिलाड़ी ने चण्डीगढ़ के प्रशासक से शिकायत की है कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय गवाहों पर दबाव बना रही है।
संगरूर में दोहरा हत्याकांड: संगरूर में एक दामाद ने अपने ससुर और साले की गोली मारकर हत्या कर दी। विवाद तब शुरू हुआ जब पत्नी के बुलावे पर ससुर और साला आपसी झगड़ा सुलझाने आए थे, लेकिन बहस बढ़ने पर दामाद ने फायरिंग कर दी।
हिमाचल में दर्दनाक हादसा: माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर लौट रहे लुधियाना के दो युवकों की कार खाई में गिरकर आग का गोला बन गई, जिससे दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक युवक ने हादसे से महज एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर अपनी मौत से जुड़ी रील पोस्ट की थी।
IPS अजय पाल शर्मा का ‘सिंघम’ अंदाज: लुधियाना के रहने वाले यूपी कैडर के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा इन दिनों बंगाल चुनाव में चर्चा में हैं। पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में उन्होंने बदमाशों को चेतावनी दी है कि बदमाशी करने पर उनका “कायदे से इलाज” किया जाएगा।
पंजाब में डिजिटल जनगणना शुरू: पंजाब में आज से ऑनलाइन जनगणना शुरू हो गई है, जो 14 मई तक चलेगी। लोग वेब पोर्टल पर 16 भाषाओं में उपलब्ध 33 सवालों के जवाब देकर खुद अपनी जानकारी भर सकते हैं।
CISCE बोर्ड परीक्षा के नतीजे: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। लुधियाना के रेयांश गुप्ता ने 12वीं में 99.25% और अर्णव गर्ग ने 10वीं में 99.2% अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है।
राहुल गांधी की पंजाब कांग्रेस को नसीहत: राहुल गांधी ने हिमाचल के कांगड़ा में पंजाब के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने नेताओं को VIP कल्चर छोड़कर सीधे जनता से संवाद करने और सोशल मीडिया पर विपक्षी नैरेटिव का प्रभावी जवाब देने को कहा।
न्यूयार्क में भिड़े पंजाबी युवक: अमेरिका के न्यूयार्क में हॉर्न बजाने को लेकर चार पंजाबी युवक आपस में भिड़ गए और सड़क पर मारपीट की। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है और वर्क परमिट खत्म होने के कारण अब उन्हें भारत डिपोर्ट करने की तैयारी की जा रही है।

