IPL 2026 प्लेऑफ का शेड्यूल जारी: धर्मशाला में होगा पहला मुकाबला, अहमदाबाद में सजेगा फाइनल का मंच
स्पोर्टस डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। 70 रोमांचक लीग मैचों के समापन के बाद अब टूर्नामेंट अपने निर्णायक दौर में पहुँच गया है, जहाँ हर मुकाबला टीमों के लिए खिताबी जीत की राह तय करेगा।
धर्मशाला और चंडीगढ़ में होंगे अहम मुकाबले: प्लेऑफ की शुरुआत 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए (HPCA) स्टेडियम में क्वालिफायर-1 के साथ होगी। इस मैच में अंक तालिका की टॉप-2 टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी। इसके बाद कारवां चंडीगढ़ की ओर मुड़ेगा:
एलिमिनेटर: 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के बीच ‘करो या मरो’ का मुकाबला खेला जाएगा।
क्वालिफायर-2: 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में ही क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम के बीच भिड़ंत होगी, जिससे दूसरी फाइनलिस्ट टीम का फैसला होगा।
अहमदाबाद में होगा ग्रैंड फिनाले: टूर्नामेंट का सबसे बड़ा और अंतिम मुकाबला यानी फाइनल 31 मई को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यहीं आईपीएल 2026 के नए चैंपियन का फैसला होगा।
बेंगलुरु से क्यों छीना फाइनल का मौका? पहले आईपीएल का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु में आयोजित होना तय था। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि कुछ विशेष ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों के चलते वेन्यू में बदलाव करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, स्थानीय एसोसिएशन और प्रशासन की कुछ शर्तें बीसीसीआई के तय प्रोटोकॉल के अनुरूप नहीं थीं, जिसके कारण बोर्ड ने फाइनल को अहमदाबाद शिफ्ट करने का फैसला लिया।

