ब्रेकिंग न्यूज़
विवादों में युवराज सिंह के पिता: वेब सीरीज में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी को लेकर चंडीगढ़ में FIR की मांग

मनोरंजन डेस्क : पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और एक्टर योगराज सिंह एक बार फिर अपने विवादित बयानों के कारण कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। चंडीगढ़ के दो वकीलों ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप के आधार पर योगराज सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला? यह विवाद अमेज़न प्राइम वीडियो पर 8 मई 2026 को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज ‘लुक्खे’ के एक एपिसोड से शुरू हुआ। इस सीरीज के एक सीन में योगराज सिंह का किरदार (वालिया साहब) महिलाओं के प्रति बेहद आपत्तिजनक और शर्मनाक भाषा का इस्तेमाल करता है। वायरल क्लिप में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है— “जनानी दिन में चूल्हे पे…।

वकीलों का विरोध और पुलिस शिकायत : जिला बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा ने 12 मई को चंडीगढ़ एसएसपी को इस संबंध में पत्र सौंपा है। शिकायतकर्ताओं का तर्क है कि यह बयान महिलाओं की गरिमा, शालीनता और सम्मान पर सीधा हमला है।

एक राष्ट्रीय स्तर की प्रभावशाली हस्ती द्वारा ऐसी भाषा का प्रयोग समाज में महिलाओं के प्रति नफरत को बढ़ावा देता है। शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि क्या ऐसी भाषा “गुरु सिख” के सिद्धांतों और समानता की शिक्षाओं के अनुरूप है?

विवादों से पुराना नाता: योगराज सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी वह एमएस धोनी पर करियर बर्बाद करने का आरोप लगाने, कपिल देव को लेकर विवादित टिप्पणी करने और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर आपत्तिजनक बयान देने के कारण चर्चा में रह चुके हैं। फिलहाल, इस ताजा मामले पर योगराज सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *