पंजाब में इलेक्ट्रिक वाहनों की लहर: एक साल में 48% बढ़ी बिक्री; सरकार ने 2027 तक बढ़ाई ई-वाहन पॉलिसी
पंजाब डेस्क: पंजाब में इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-वाहनों) के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में पिछले एक साल में ई-वाहनों की बिक्री में 48% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बिक्री का नया रिकॉर्ड: वर्ष 2025 में पंजाब में रिकॉर्ड 35,631 ई-वाहन बिके, जबकि 2024 में यह संख्या 24,008 थी। अकेले पिछले तीन महीनों में ही 7,000 से अधिक नए ई-वाहन सड़कों पर उतरे हैं।
दोपहिया वाहनों का क्रेज: पंजाबियों में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के प्रति सबसे ज्यादा उत्साह है। 2024 में बिके 19,858 वाहनों के मुकाबले 2025 में 27,264 दोपहिया ई-वाहन बेचे गए। इस सेगमेंट में पंजाब अपने पड़ोसी राज्यों हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से काफी आगे है।
चारपहिया वाहनों की बिक्री दोगुनी: सूबे में इलेक्ट्रिक कारों की मांग भी दोगुनी हो गई है। 2024 में 4,150 गाड़ियां बिकी थीं, जो 2025 में बढ़कर 8,367 तक पहुंच गईं।
पॉलिसी में विस्तार: ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार ने अपनी ‘इलेक्ट्रिक वाहन नीति’ को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। अब यह नीति 20 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी, जिससे खरीदारों को पहले की तरह इंसेंटिव (छूट) मिलता रहेगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और ई-बसें: सरकार अब जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और पटियाला जैसे बड़े शहरों में ई-बसों की शुरुआत करने जा रही है। साथ ही, चार्जिंग स्टेशन और बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
कंपनियों के लिए भारी इंसेंटिव: ई-वाहन निर्माता कंपनियों को लुभाने के लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये के इंसेंटिव की योजना तैयार की है। इसके अलावा ई-साइकिल और तीन पहिया वाहनों के लिए भी अलग से छूट की घोषणा की गई है।

