लुधियाना: साहनेवाल एयरपोर्ट पर बनेगा पायलट ट्रेनिंग सेंटर, सीएम मान और केजरीवाल ने किया हलवारा एयरपोर्ट का दौरा
लुधियाना: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को लुधियाना के हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी घोषणा की कि साहनेवाल हवाई अड्डे को पायलट ट्रेनिंग सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
पायलट ट्रेनिंग सेंटर: सीएम मान ने कहा कि अमृतसर और पटियाला में पहले से ही एविएशन सेंटर चल रहे हैं जहाँ से युवा ट्रेनिंग लेकर सफल पायलट बन रहे हैं, अब इसी कड़ी में साहनेवाल एयरपोर्ट को भी ट्रेनिंग के लिए विकसित किया जाएगा।
हवाई अड्डे का नामकरण: हलवारा हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने के लिए पंजाब विधानसभा से प्रस्ताव पास कर केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिसकी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
विस्तार और सुविधाएँ: हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही है। भविष्य में टर्मिनल और एप्रन के विस्तार के लिए सरकार के पास पर्याप्त जमीन उपलब्ध है।
समय में बदलाव की मांग: मिलिट्री एयरपोर्ट होने के कारण वर्तमान में शाम 5 बजे तक का कट-ऑफ समय है, लेकिन सरकार दोपहर की उड़ानों का समय शाम तक बढ़ाने के लिए भारतीय वायु सेना से बातचीत कर रही है।
दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आगामी 2027 के चुनावों पर विश्वास जताते हुए कहा कि पंजाब में ‘प्रो-इंकंबेंसी’ की लहर है और उनकी पार्टी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारी जीत दर्ज करेगी।

