ब्रेकिंग न्यूज़
कोयला घोटाले में बड़ी कार्रवाई: कोलकाता के डिप्टी पुलिस कमिश्नर शांतनु सिन्हा के ठिकानों पर ED की छापेमारी

नेशनल डेस्क : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज सुबह पश्चिम बंगाल में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता पुलिस के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (DCP) शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी की टीम सुबह लगभग 6:30 बजे बल्लीगंज के फर्न रोड स्थित उनके फ्लैट पर पहुंची और तलाशी शुरू की। इसके साथ ही, ईडी की एक अन्य टीम सन एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार के बेहाला स्थित आवास पर भी छापेमारी कर रही है।

PMLA केस के तहत जांच: जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज एक मामले से जुड़ी हुई है। अब तक ईडी ने कुल तीन परिसरों पर छापेमारी की है, जिनमें से दो ठिकाने शांतनु सिन्हा बिस्वास के हैं और एक जॉय कामदार का है। सूत्रों का कहना है कि यह मामला कोयला घोटाले से जुड़ा हो सकता है, जिसके सिलसिले में इस पुलिस अधिकारी को पहले भी पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया था।

पुराना रिकॉर्ड और पूछताछ : शांतनु सिन्हा बिस्वास लंबे समय तक कालीघाट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत रहे हैं। रविवार सुबह उनके घर पहुंचे ईडी अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इस छापेमारी से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि इसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एक बड़े व्यवसायी के नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *