पंजाब भाजपा में बड़ा बदलाव: 2027 चुनाव के लिए ‘सिख’ चेहरे पर दांव
पंजाब डेस्क: केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब भाजपा के नए अध्यक्ष पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने एक बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। ढिल्लों, जो पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेहद करीबी माने जाते हैं, 4 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। नियुक्ति के बाद ढिल्लों ने विश्वास जताया कि “पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब में कमल खिलेगा” और 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी।
नियुक्ति के पीछे के रणनीतिक कारण:
सिख वोट बैंक: भाजपा ने पंजाब में सिख भावनाओं को देखते हुए जट्ट-सिख चेहरे को आगे बढ़ाया है ताकि राज्य के बड़े वोट बैंक को आकर्षित किया जा सके।
मालवा क्षेत्र पर पकड़: पंजाब की 117 में से 69 सीटें मालवा क्षेत्र में आती हैं, जहाँ जट्ट-सिख समुदाय का दबदबा है। ढिल्लों खुद इसी क्षेत्र के बरनाला जिले से आते हैं।
हिंदू पार्टी’ की छवि बदलना: अब तक पार्टी की कमान सुनील जाखड़ (अध्यक्ष) और अश्वनी शर्मा (वर्किंग अध्यक्ष) जैसे हिंदू चेहरों के पास थी। भाजपा इस छवि को बदलकर सिखों में पैठ बनाना चाहती है।कैप्टन अमरिंदर सिंह की भूमिका: इस नियुक्ति को कैप्टन अमरिंदर सिंह को संतुष्ट करने के कदम के रूप में भी देखा जा रहा है, क्योंकि ढिल्लों उनके पसंदीदा नेता हैं।
विपक्ष का हमला और जाखड़ की विदाई: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ढिल्लों को बधाई देते हुए तंज कसा और सुनील जाखड़ के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं, AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस नियुक्ति के साथ ही भाजपा ने पंजाब चुनाव लड़ने से पहले ही हार मान ली है। पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ढिल्लों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।
अन्य राज्यों में भी नियुक्तियां: भाजपा ने पंजाब के अलावा हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को अध्यक्ष बनाया है, जो 43 साल बाद राज्य की पहली महिला भाजपा अध्यक्ष बनी हैं। इसके अलावा दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा और त्रिपुरा में अभिषेक देबराय को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

