ब्रेकिंग न्यूज़
तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक उलटफेर: TVK चीफ विजय बनेंगे नए मुख्यमंत्री, बहुमत का आंकड़ा किया पार

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के प्रमुख और अभिनेता से राजनेता बने विजय ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। विदुतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) द्वारा आधिकारिक समर्थन मिलने के बाद विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

बहुमत का जादुई आंकड़ा: तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है। TVK (107 सीटें) को अब कांग्रेस (5), CPI (2), CPI(M) (2), VCK (2) और IUML (2) का समर्थन प्राप्त है, जिससे उनके गठबंधन के पास कुल 121 विधायकों का मजबूत समर्थन हो गया है।

राज्यपाल से मुलाकात: विजय ने चेन्नई स्थित राजभवन (लोक भवन) में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें विभिन्न सहयोगी दलों से प्राप्त समर्थन पत्र सौंपे। VCK के अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन ने आधिकारिक तौर पर समर्थन पत्र TVK के चुनाव अभियान प्रबंधन के महासचिव आधव अर्जुन को सौंपा था।

शपथ ग्रहण की तैयारी: विजय के शपथ ग्रहण समारोह का समय तय हो गया है। वे 10 मई को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भी शामिल होने की पुष्टि हो गई है।

राज्यभर में जश्न: सरकार गठन की बाधाएं दूर होने की खबर मिलते ही पूरे तमिलनाडु में TVK कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दलित और बहुजन वोट बैंक वाली VCK का समर्थन विजय के लिए सामाजिक न्याय की राजनीति के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *