ब्रेकिंग न्यूज़
मणिपुर: सशस्त्र लोगों ने बंधक बनाए गए 21 तंगखुल नगा को बातचीत के बाद छोड़ा

 इंफाल, 12 मार्च (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में कुकी समुदाय के ग्रामीणों और हथियारबंद लोगों द्वारा बंधक बनाए गए 21 तंगखुल नगा लोगों को वार्ता के बाद बृहस्पतिवार तड़के छोड़ दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कुकी ग्रामीणों और हथियारबंद लोगों ने तीन वाहनों में जा रहे इन लोगों को बुधवार दोपहर शांगकाई में बंधक बना लिया था।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘बंधक बनाए गए आम नागरिकों को राज्य सरकार तथा नगा एवं कुकी समुदायों के संगठनों की गहन वार्ता के बाद तड़के करीब चार बजे रिहा कर दिया गया।’’

उन्होंने कहा कि इन नागरिकों को शांगकाई से पांच किलोमीटर दूर लिटान पुलिस थाने लाया गया और उन्हें उनके-उनके परिवारों से मिलाया गया।

अधिकारी ने कहा कि तंगखुल नगा बहुल जिले में, खासकर कुकी बहुल कांगपोकपी से लगने वाले इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह तनाव बना रहा और सुरक्षा बल गश्त कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो।

राज्य के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की थी।

शांगकाई ग्राम प्राधिकरण ने आरोप लगाया था कि ‘तंगखुल स्वयंसेवकों’ ने खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर गोलीबारी की जिसके बाद उन्हें बंधक बनाया गया।

उसने कहा कि पानी की पाइपलाइन की मरम्मत करने गए कुकी समुदाय के दो सदस्यों पर भी गोलीबारी की गई और वे लापता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *