इंदौर में भीषण अग्निकांड: EV चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 7 लोगों की दर्दनाक मौत
नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ, जहाँ एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक व्यापारी मनोज के घर में हुई।
हादसे की मुख्य वजह: शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ. बताया जा रहा है कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार चार्ज पर लगाई गई थी, जिसमें शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग ने देखते ही देखते पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन और हताहत: हादसे के वक्त मकान के अंदर 10 से अधिक लोग मौजूद थे. स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया. मौके पर पहुँची दमकल की 8 से 10 टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
जांच के आदेश: इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग इतनी भयानक थी कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. इस हादसे ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

