ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…15-04-2026

पंजाब डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ के लिए आज का दिन बड़ी राजनीतिक हलचल और कई दुखद घटनाओं भरा रहा। जहाँ एक तरफ AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की छापेमारी और राघव चड्ढा की सुरक्षा वापस लिए जाने से सियासी पारा चढ़ गया है, वहीं फतेहगढ़ साहिब में हुए एक भीषण बस हादसे ने 8 परिवारों की खुशियां छीन लीं। इसके अलावा, फरीदकोट में एक महिला ASI की अमानवीय क्रूरता और किसानों द्वारा एक बार फिर रेल रोकने के ऐलान ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है,। मोहाली में एक युवती के बिल्डिंग से कूदने और मोगा में एक कारोबारी की संदिग्ध मौत जैसी खबरों के बीच, लुधियाना की एक महिला की इंस्टाग्राम रील्स से जान बचने की कहानी भी चर्चा का विषय बनी रही।आइए, विस्तार से जानते हैं पंजाब और चंडीगढ़ की आज की 10 बड़ी और चुनिंदा खबरें…

1. AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की रेड: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल के 9 ठिकानों पर छापेमारी की। जालंधर, गुरुग्राम और दिल्ली स्थित उनके ठिकानों पर यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे ‘मोदी स्टाइल’ बताया, जबकि भाजपा नेता रवनीत बिट्टू ने इसे ‘गंदगी की सफाई’ करार दिया।

2. श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 8 की मौत: फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी एक बस बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। बस में करंट आने से हादसा और भयानक हो गया; मरने वालों में सगे भाई भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

3. राघव चड्‌ढा की सुरक्षा वापस ली गई: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा की सुरक्षा वापस ले ली है। चर्चा है कि उन्हें केंद्र सरकार की ओर से Z+ सुरक्षा मिल सकती है, हालांकि उनके करीबियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। हाल ही में उन्हें राज्यसभा के उपनेता पद से भी हटाया गया था।

4. चंडीगढ़ मेट्रो प्रोजेक्ट पर तकरार: चंडीगढ़ में मेट्रो चलाने को लेकर सांसद मनीष तिवारी और प्रशासक गुलाब चंद कटारिया आमने-सामने हैं। प्रशासक का कहना है कि मेट्रो शहर के लिए घाटे का सौदा हो सकती है, जबकि मनीष तिवारी का मानना है कि यह भविष्य की ट्रैफिक चुनौतियों और आर्थिक विकास के लिए जरूरी है।

5. मासूम पोती के साथ क्रूरता करने वाली लेडी ASI सस्पेंड: फरीदकोट में एक महिला एएसआई (ASI) सरबजीत कौर ने अपनी 5 साल की पोती के हाथ-पैर बांधकर उसे कड़ी धूप में गेट से लटका दिया। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने उन्हें तुरंत सस्पेंड कर दिया है। बच्ची के माता-पिता पुर्तगाल में हैं।

6. किसान 17 अप्रैल को रोकेंगे रेल: पंजाब के किसान संगठनों ने फसलों की खरीद में देरी और बेमौसमी बारिश से हुए नुकसान के विरोध में 17 अप्रैल को 3 घंटे के लिए चक्का जाम करने का फैसला किया है। दोपहर 12 से 3 बजे तक रेलवे ट्रैक जाम किए जाएंगे। किसानों की मांग है कि गेहूं की खरीद तुरंत शुरू की जाए।

7. मोहाली में 5वीं मंजिल से कूदी युवती: मोहाली के सिटी सेंटर में अंबाला की रहने वाली एक युवती ने 5वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को मौके से उसकी स्कूटी और बैग मिला है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का प्रयास है या किसी ने उसे धक्का दिया।

8. मोगा में कार में मिला कारोबारी का शव: मोगा में एक कपड़ा कारोबारी गुरप्रीत सिंह का शव उनकी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में मिला है। उनके सिर में गोली लगी थी और पास ही उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी थी। पुलिस के अनुसार, कारोबारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है।

9. कनाडा में पंजाबी छात्र ने कबूला जुर्म: कनाडा के कैलगरी में भारतीय मूल के रेडियो होस्ट ऋषि नागर पर हमला करने वाले पंजाबी छात्र दिलप्रीत सिंह ने कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। छात्र एक खबर के प्रसारण से नाराज था। सजा के बाद उसे भारत डिपोर्ट किया जा सकता है।

10. इंस्टाग्राम रील्स ने बचाई महिला की जान: लुधियाना की राजिंदर कौर ने इंस्टाग्राम पर देखी गई रील्स की मदद से अपनी जान दो बार बचाई। उन्होंने वृंदावन में नाव पलटने पर पानी में बचने की तकनीक और घर में सिलेंडर की आग पर काबू पाने का तरीका सोशल मीडिया से ही सीखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *