ब्रेकिंग न्यूज़
PNB Financial Inclusion Camp: कुराली के कालेवाल गांव में मेगा कैंप, सरकारी योजनाओं के लिए हुआ रजिस्ट्रेशन

मोहाली के कालेवाल गांव में PNB ने मेगा फाइनेंशियल इन्क्लूजन कैंप लगाया। जन धन योजना, बीमा, अटल पेंशन और किसान क्रेडिट कार्ड सहित कई योजनाओं की जानकारी व पंजीकरण किया गया।

कुराली / पंजाब / सत्ता संदेश

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ओर से मोहाली जिले के कुराली स्थित ग्राम पंचायत कालेवाल में मेगा फाइनेंशियल इन्क्लूजन सैचुरेशन कैंप का आयोजन किया गया। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित इस कैंप का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं से जोड़ना और उन्हें बैंकिंग सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।

PNB सर्कल ऑफिस मोहाली की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के जनरल मैनेजर पंकज सेतिया, खरड़ के एसडीएम गुरमीत सिंह, PNB मोहाली के सर्कल हेड बिस्वजीत बिस्वाल, नाबार्ड के DGM अरुण कुमार, SBI रीजनल ऑफिस के AGM कुंदन कुमार, पंजाब ग्रामीण बैंक के रीजनल हेड दिनेश कुमार, कालेवाल गांव की सरपंच सुरिंदर कौर और मोहाली के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एम.के. भारद्वाज सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान PNB के सर्कल हेड बिस्वजीत बिस्वाल ने मेहमानों और उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक क्षेत्र के लोगों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में लीड बैंक की जिम्मेदारी निभाते हुए बैंक का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी वित्तीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी बैंक शाखाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक के जनरल मैनेजर पंकज सेतिया ने सभी बैंकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की अपील की। उन्होंने KYC और एनरोलमेंट अपडेट करवाने पर जोर देते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बैंक खाते की जानकारी, OTP और पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए।

SLBC पंजाब के डिप्टी जनरल मैनेजर रामकिशोर मीणा ने अभियान के तहत दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र नागरिकों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत पंजीकरण किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत नए बैंक खाते खोलने, निष्क्रिय खातों को दोबारा चालू करने, खातों की री-KYC, आधार सीडिंग और नॉमिनी अपडेट करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

अभियान के दौरान निष्क्रिय और लावारिस बैंक जमा राशि को वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जा रही है। साथ ही डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करवाने के तरीकों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना से वंचित पात्र किसानों का पंजीकरण भी किया जा रहा है।

खरड़ के एसडीएम गुरमीत सिंह ने स्थानीय लोगों के हित में PNB की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है और ऐसे कार्यक्रम आम लोगों को सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कैंप में स्वयं सहायता समूहों, RSETI मोहाली और CFL सेंटर माजरी की ओर से विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के अंत में मोहाली के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एम.के. भारद्वाज ने आम लोगों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान के तहत आयोजित होने वाले कैंपों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भारत सरकार की वित्तीय समावेशन योजनाओं का लाभ उठाएं। ग्राम पंचायत कालेवाल की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को सिरोपा देकर सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *