ब्रेकिंग न्यूज़
बाऊपुर युवक मर्डर केस का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, एक महिला भी नामजद

कपूरथला / सत्ता संदेश

कपूरथला पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस को कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कबीरपुर पुलिस ने बाऊपुर जदीद के 26 वर्षीय युवक राहुल सिंह की हत्या के मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि जांच के दौरान एक महिला को भी केस में नामजद किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों, वाहन और अन्य अहम सबूत भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस को दी शिकायत में गांव बाऊपुर जदीद निवासी जसबीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा राहुल सिंह, जो एयरटेल कंपनी में कार्यरत था, 5 जून को ड्यूटी पर गया था लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा कई बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कबीरपुर के चीफ ऑफिसर एसआई मलकीत सिंह की अगुवाई में विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध कार राहुल सिंह का पीछा करती हुई दिखाई दी। जांच के दौरान राहुल की मोटरसाइकिल बाऊपुर पुल के नीचे लावारिस हालत में मिली, जबकि घटनास्थल से खून के निशान भी बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण थी। मामले की आगे की जांच के दौरान आरोपी मलकीत सिंह की पत्नी काजल की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी केस में नामजद किया गया। उसके खिलाफ धारा 140(1) और 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने राहुल सिंह का शव भी बरामद कर लिया है और पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक कार, मृतक की मोटरसाइकिल, दो दरांतियां (एक बड़ी और एक छोटी), एक लोहे की रॉड तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल हत्या की गुत्थी सुलझी है बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद भी मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *