मशहूर सिंगर के पार्टनर को बिश्नोई गैंग की धमकी: 10 करोड़ की रंगदारी मांगी; बच्चों और परिवार को खत्म करने की चेतावनी
पंजाब डेस्क : पंजाब में गायकों और कारोबारियों को गैंगस्टरों द्वारा धमकी दिए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामले में मशहूर पंजाबी गायक परमिश वर्मा के बिजनेस पार्टनर हरविंदर सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा फोन आया है। फोन करने वाले ने खुद को गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बताते हुए 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है।
परिजनों और रिश्तेदारों की जानकारी होने का दावा : शिकायतकर्ता हरविंदर सिंह, जो लंबे समय से परमिश वर्मा का कारोबार संभाल रहे हैं, ने बताया कि उन्हें 14 फरवरी से लगातार अलग-अलग नंबरों से धमकियां मिल रही हैं।
आरोपी ने डराते हुए कहा कि उसके पास हरविंदर की पत्नी, बच्चों, माता-पिता और यहां तक कि उनके रिश्तेदारों की भी पूरी जानकारी है। धमकी में साफ कहा गया है कि यदि 10 करोड़ रुपये का इंतजाम नहीं किया गया, तो वह हरविंदर, उनके साथी परमिश वर्मा और उनके पूरे परिवार को जान से मार देगा।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा: इस गंभीर मामले को लेकर लुधियाना के सराभा नगर पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 351(3) के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अधिकारी अब उन विदेशी नंबरों की तकनीकी जांच कर रहे हैं जिनसे कॉल किए गए थे। साथ ही, पुलिस ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने का आश्वासन दिया है और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस मामले की सूचना दे दी गई है।

