₹30 के मुनाफे के लालच में घर को बनाया गैस गोदाम; छापेमारी में 32 अवैध सिलेंडर बरामद
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात एक घर पर छापेमारी कर 32 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
₹30 के लिए बड़ा जोखिम: आरोपी रिहान अहमद महज 30 रुपये के अतिरिक्त मुनाफे के लिए घनी आबादी के बीच अपने घर में सिलेंडरों का अवैध स्टॉक कर रहा था। जांच में सामने आया कि वह गांव के लोगों को ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचकर कालाबाजारी कर रहा था।
छापेमारी का मंजर: जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा बालियान के निर्देश पर गुरुवार रात करीब 9 बजे रिहान अहमद के घर पर दबिश दी गई। घर के अंदर का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए; वहां 18 भरे हुए और 14 खाली (कुल 32) घरेलू सिलेंडर बिना किसी वैध अनुमति के रखे हुए थे।
सुरक्षा को खतरा: अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का भंडारण न केवल अवैध है, बल्कि यह किसी भी वक्त भीषण अग्निकांड का कारण बन सकता था।
कानूनी कार्रवाई: पूर्ति निरीक्षक प्रीति की तहरीर पर आरोपी रिहान के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है और सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है।जिला पूर्ति अधिकारी ने जनता को आश्वासन दिया है कि जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिये के झांसे में न आएं और सीधे ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त करें।

