ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब में स्वास्थ्य क्रांति: 109 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू, केजरीवाल और मान ने दी बड़ी सौगात

पंजाब डेस्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने फतेहगढ़ साहिब में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान 109 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए। इस विस्तार के साथ ही राज्य में इन क्लीनिकों की कुल संख्या अब 990 हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में 400 और नए क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे, जिसके बाद पूरे पंजाब में लगभग 1500 क्लीनिक कार्यशील हो जाएंगे।

मुफ्त इलाज और रिकॉर्ड ओपीडी: इन क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को 107 प्रकार की दवाइयां और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह मुफ्त प्रदान किए जा रहे हैं। पिछले चार सालों में इस स्वास्थ्य नेटवर्क की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक लगभग 5 करोड़ ओ.पी.डी. विजिट दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, सरकार 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में है, जिनमें से 30 लाख कार्ड पहले ही बनाए जा चुके हैं।

महिलाओं और किसानों के लिए अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अवसर पर अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया:मां-बेटी सम्मान योजना: 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिसमें जनरल वर्ग की महिलाओं को ₹1000 और अनुसूचित जाति समुदाय की महिलाओं को ₹1500 प्रति महीना मिलेंगे।

सिंचाई प्रोजेक्ट: फतेहगढ़ साहिब में 41.22 करोड़ रुपए के निवेश से दो बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं, जिससे 70 गांवों के 41,726 एकड़ रकबे को नहरी पानी की सुविधा मिलेगी।

टोल प्लाजा: मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 19 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे आम लोगों को रोजाना 64 लाख रुपए की बचत हो रही है।

विपक्ष पर साधा निशाना: संबोधन के दौरान अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के साथ तुलना करते हुए जनता को आगाह किया कि अगर अन्य पार्टियां सत्ता में आईं तो मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य जैसी योजनाएं बंद हो सकती हैं। वहीं, सीएम मान ने बादल परिवार पर निजी हितों के लिए पंजाब की पीढ़ियों को बर्बाद करने का आरोप लगाया और स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का एकमात्र एजेंडा पंजाब की तरक्की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *