ब्रेकिंग न्यूज़
नितिन गडकरी ने NHLML परियोजनाओं की समीक्षा की, मल्टीमॉडल इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से पूरा करने के निर्देश

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड-एनएचएलएमएल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और देश भर में विकसित किए जा रहे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, रोपवे, इंटरमॉडल स्टेशन और सड़क मार्ग किनारे विकसित की जा रही सुविधाओं में प्रगति का आकलन किया।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रा सुगम बनाने और सुविधाएं बढ़ाने के काम में लगी है।

बैठक में गडकरी ने भविष्य अनुरूप एकीकृत परिवहन प्रणाली निर्मित करने की इन परिवर्तनकारी पहल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं बहुआयामी संपर्क मजबूत बनाएंगी, नए आर्थिक अवसर खोलेंगी, संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देंगी और भारत की समग्र प्रचालन प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाएंगी।

गडकरी ने परियोजना कार्यान्वयन में बाधक प्रमुख चुनौतियों का मूल्यांकन किया और सभी पक्षधारकों को प्राथमिकता के आधार पर इन्‍हें दूर करने और परियोजना निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिये। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से प्रचालन दक्षता में सुधार होगा, परिवहन लागत कम होगी और यात्रियों को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा और सुविधाएं मिलेंगी। इससे विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत दृष्टि योजना आगे बढ़ाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *