ब्रेकिंग न्यूज़
यूनियन के आह्वान पर टांडा के सफाई कर्मचारियों ने मान सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

होशियारपुर / सत्ता संदेश

जिला होशियारपुर के शहर टांडा उड़मुड़ में म्यूनिसिपल मुलाजिम एक्शन कमेटी पंजाब के आह्वान पर सफाई सेवक टांडा की प्रधान माया, चेयरमैन जसपाल और वाइस प्रधान जतिंदर हंस की देखरेख में तथा उड़मुड़ टांडा कर्मचारी यूनियन के प्रधान तरसेम लाल की अगुवाई में सफाई सेवकों और कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी न होने के विरोध में पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सभा को संबोधित करते हुए प्रधान तरसेम लाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले उनकी यूनियन को भरोसा दिया था कि सरकार बनने पर उनकी सभी जायज मांगें मान ली जाएंगी, लेकिन सत्ता में आने के बाद मान सरकार ने यूनियन की एक भी मांग स्वीकार नहीं की।

उन्होंने कहा कि मान सरकार बनने के बाद से ही यूनियन की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है और अपने चहेतों को ठेके देकर कर्मचारियों के साथ धक्केशाही की जा रही है, जिसे यूनियन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि नगर काउंसिल कर्मचारी यूनियन और सफाई सेवकों की लंबे समय से लंबित मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेकेदारी सिस्टम खत्म करना, पुरानी पेंशन बहाल करना, डीए की बकाया किश्तें जारी करना और पे-कमिशन का बकाया जल्द देना शामिल है। इसके अलावा यूनियन की अन्य मांगों को भी जल्द पूरा किया जाए ताकि कर्मचारियों में बढ़ता रोष समाप्त हो सके।

तरसेम लाल ने मान सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यूनियन की मांगें जल्द स्वीकार नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले ही सफाई कार्य बंद कर नगर काउंसिल को ताला लगाया जा चुका है और आने वाले समय में पानी की सप्लाई भी ठप कर सरकार के खिलाफ पुतला फूंक प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *