PM मोदी का इजरायल दौरा: भारतीय लिबास में नेतन्याहू ने दिया सरप्राइज; आज रक्षा और AI समेत कई बड़े समझौतों पर लगेगी मुहर
नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा का आज (26 फरवरी 2026) दूसरा और आखिरी दिन है। यह दौरा भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने पर केंद्रित है।
डिनर पर नेतन्याहू का ‘इंडियन लुक‘ : दौरे के पहले दिन बुधवार को आयोजित रात्रिभोज में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर पीएम मोदी के सामने आए। नेतन्याहू ने अपने मित्र मोदी को चौंकाने और भारत के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए यह वस्त्र धारण किया था। पीएम मोदी ने इस भाव की खूब सराहना की। इससे पहले, एयरपोर्ट पर नेतन्याहू की पत्नी ने भगवा वस्त्र पहनकर पीएम मोदी का स्वागत किया था, जिसे संबंधों की प्रगाढ़ता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
आज का कार्यक्रम: याद वाशेम म्यूज़ियम और राष्ट्रपति से मुलाकात आज पीएम मोदी और नेतन्याहू एक साथ याद वाशेम (Yad Vashem) म्यूज़ियम जाएंगे। यह होलोकॉस्ट (यहूदियों के नरसंहार) के पीड़ितों की याद में बना एक ऐतिहासिक स्मारक है, जहाँ पीएम मोदी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद, वे इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हरजोग से मुलाकात करेंगे।
इन क्षेत्रों में होंगे बड़े समझौते : दौरे के अंतिम चरण में दोनों देशों के बीच जेरूसलम के किंग डेविड होटल में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें होंगी। इन बैठकों के दौरान रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), तकनीक और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की प्रबल संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इजरायली पीएम ने मोदी को अपने देश के तकनीकी नवाचारों और एआई की क्षमताओं से भी अवगत कराया है।

