ब्रेकिंग न्यूज़
समराला को मिली खेल सौगात, मालवा ग्राउंड में बनेगा हॉकी टर्फ

नशे से दूर, खेलों की ओर कदम: 2 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

समराला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: परमिंदर वर्मा

समराला के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मालवा ग्राउंड की तस्वीर जल्द ही पूरी तरह बदलने जा रही है। हलका समराला के विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने मालवा ग्राउंड में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान क्षेत्र के लिए बड़ी खेल परियोजनाओं की घोषणा करते हुए आधुनिक हॉकी टर्फ मैदान का नींव पत्थर रखा।     

इस अवसर पर विधायक दयालपुरा ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करने और खेल ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि करीब 8 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा, जिस पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें से करीब 1 करोड़ रुपये की राशि केवल आधुनिक हॉकी टर्फ मैदान के निर्माण पर खर्च होगी। यह अत्याधुनिक हॉकी टर्फ चंडीगढ़ से लुधियाना के बीच के क्षेत्र का पहला ऐसा मैदान होगा, जहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विधायक ने बताया कि इस खेल परिसर में हॉकी के अलावा फुटबॉल और वॉलीबॉल के लिए भी आधुनिक मैदान बनाए जाएंगे। साथ ही खिलाड़ियों के अभ्यास और प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए 400 मीटर का रनिंग ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपने घर के नजदीक ही उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक दयालपुरा ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि मालवा ग्राउंड जैसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक खेल मैदान की लंबे समय तक उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मैदान का मुख्य गेट चोरी हुए 15 वर्ष से अधिक समय बीत गया, लेकिन किसी भी सरकार ने इसकी देखरेख और विकास की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि अब इस मैदान को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर क्षेत्र के खिलाड़ियों को नई पहचान देने और खेल संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। यह परियोजना न केवल खिलाड़ियों के लिए लाभकारी साबित होगी, बल्कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *