खेल जगत में शोक की लहर: दिग्गज ओलंपियन और खेल प्रशासक राजा रणधीर सिंह का निधन, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जताया दुख
पंजाब डेस्क : भारतीय खेलों के स्वर्णिम इतिहास के साक्षी रहे दिग्गज निशानेबाज और कुशल प्रशासक राजा रणधीर सिंह का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के चचेरे भाई रणधीर सिंह पिछले कुछ समय से बीमार थे और उन्होंने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज : राजा रणधीर सिंह का खेल करियर उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने 1978 के बैंकॉक एशियाई खेलों में ट्रैप शूटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह एशियाई खेलों में निशानेबाजी में भारत को पहला गोल्ड दिलाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने 1968 से 1984 तक लगातार 5 ओलंपिक खेलों में भारत का गौरवशाली प्रतिनिधित्व किया।
मैदान के बाहर भी रहा बड़ा कद : एक खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद, उन्होंने खेल प्रशासन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। वे लंबे समय तक भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के महासचिव रहे। इसके अलावा, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के सदस्य और ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अध्यक्ष जैसे गरिमामय पदों की जिम्मेदारी संभाली। खेलों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें 1979 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
कैप्टन अमरिंदर सिंह का भावुक संदेश : कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोशल मीडिया पर इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए लिखा कि उनके भाई का जाना एक व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है। उनके निधन पर राजनीतिक और खेल जगत की तमाम हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है और इसे भारतीय खेलों के एक युग का अंत बताया है।

