ब्रेकिंग न्यूज़
T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत फिर बना वर्ल्ड चैंपियन; फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर रचा इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बन गया है।

अहमदाबाद में धुला 2023 का दर्द : यह जीत भारतीय फैंस के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसी मैदान पर 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार का जख्म अब भर गया है। टीम इंडिया ने अतीत को भुलाकर इस मैदान पर कदम रखा और खिताबी जीत के साथ नया इतिहास लिख दिया।

सैमसन और अभिषेक का तूफानी प्रहार : टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255/5 का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया, जो किसी भी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है। इस विशाल स्कोर की नींव संजू सैमसन ने रखी, जिन्होंने टूर्नामेंट में अपने अर्धशतकों की हैट्रिक पूरी करते हुए 89 रन बनाए। उनके अलावा ईशान किशन (50 रन) और अभिषेक शर्मा (52 रन) ने भी शानदार अर्धशतक जड़े, जबकि अंत में शिवम दुबे ने मात्र 8 गेंदों में 26 रन कूटकर स्कोर को 255 तक पहुँचाया।

बुमराह और अक्षर की घातक गेंदबाजी: 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेकर कीवियों को बड़ा झटका दिया और अंत में जल्दी-जल्दी विकेट लेकर न्यूजीलैंड को महज 159 रनों पर ढेर कर दिया। अक्षर पटेल ने भी फिन ऐलन और ग्लेन फिलिप्स जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को सस्ते में निपटाकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी। सिर्फ 72 रन तक न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

अपराजित रही टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में भारत का सफर शानदार रहा। ग्रुप स्टेज में भारत ने USA, नामीबिया, और नीदरलैंड को हराने के साथ-साथ पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी थी। सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद फाइनल में न्यूजीलैंड पर यह एकतरफा जीत भारत के पूर्ण प्रभुत्व को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *