T20 वर्ल्ड कप: भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से रौंदा; सेमीफाइनल की दहलीज पर टीम इंडिया, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने न केवल जीत हासिल की, बल्कि अपने नेट रनरेट में भी भारी सुधार किया है। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया है, जबकि भारत अब अंतिम चार में पहुंचने से सिर्फ एक कदम दूर है।
बल्लेबाजी में बना ‘महा-रिकॉर्ड‘ : टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है, जिसने 19 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 23 गेंदों में 50 रन बनाए। तिलक वर्मा ने भी 16 गेंदों में 44 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा, यह मैच सूर्यकुमार यादव के लिए भी खास रहा क्योंकि यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 148वां मुकाबला था।
अर्शदीप की घातक गेंदबाजी: 257 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने अकेले संघर्ष करते हुए नाबाद 97 रनों की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे को 1-1 विकेट मिला।
सेमीफाइनल की राह : भारतीय टीम को अब सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मैच में जीत हासिल करनी होगी।

