ब्रेकिंग न्यूज़
खबर पंजाब मोदी हवाई अड्डा

पंजाब: प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा किया, हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।
केंद्रीय बजट से पहले सोने, चांदी के वायदा भाव में नौ प्रतिशत की भारी गिरावट

 नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने से पहले रविवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में नौ प्रतिशत तक की गिरावट आई और ये अपने निचले ‘सर्किट’ स्तर पर पहुंच गईं। हाल ही में आई रिकॉर्ड तोड़ तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली जारी रखी।
 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी।
 मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर, लगातार दूसरे सत्र में गिरावट जारी रही। सोने के अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंधों का वायदा भाव 13,711 रुपये या नौ प्रतिशत टूटकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में इसने अपना निचला सर्किट स्तर छू लिया।
 एमसीएक्स पर चांदी के वायदा भाव में भी भारी गिरावट आई क्योंकि व्यापारियों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली जारी रखी। इसके परिणामस्वरूप मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 26,273 रुपये या नौ प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई जो इसका निचला सर्किट स्तर है।
 वैश्विक वायदा बाजार अवकाश के कारण रविवार को बंद रहेंगे।
हुंदै मोटर इंडिया की जनवरी में कुल बिक्री में 11.5 प्रतिशत बढ़कर 73,137 इकाई

 नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) हुंदै मोटर इंडिया की जनवरी में कुल बिक्री सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत बढ़कर 73,137 इकाई हो गई।
 मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी हुंदै मोटर इंडिया ने बयान में कहा कि जनवरी, 2025 में कंपनी की कुल बिक्री 65,603 इकाई रही थी।
 घरेलू बाजार में थोक बिक्री पिछले महीने नौ प्रतिशत बढ़कर 59,107 इकाई हो गई जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 54,003 इकाई रही थी।
 निर्यात पिछले महीने 14,030 इकाई रहा जबकि जनवरी 2024 में यह 11,600 इकाई था।
 हुंदै मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने बयान में कहा, ‘‘ घरेलू बिक्री में अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री 59,107 इकाई दर्ज की गई। कुल बिक्री सर्वाधिक 73,137 इकाई रही जिसमें 11.5 प्रतिशत की मजबूत वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। ये आंकड़ें हुंदै के ब्रांड नेतृत्व को ही नहीं बल्कि हमारे कर्मचारियों, भागीदारों एवं ग्राहकों की सामूहिक शक्ति को भी दर्शाते हैं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने संत रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को संत रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि करुणा और न्याय पर उनके विचार सरकार के कल्याणकारी कदमों का मूल आधार है।
 प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मानवता के अनन्य उपासक महान संत श्री गुरु रविदास महाराज जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।’’
 मोदी ने कहा, ‘‘उनके विचारों में न्याय और करुणा का भाव सर्वोपरि था, जो जनकल्याण की हमारी योजनाओं के मूल में है। उन्होंने सामाजिक समरसता और सद्भावना के जिस दीप को प्रज्वलित किया, वह देशवासियों के पथ को सदैव आलोकित करता रहेगा।’’
 प्रधानमंत्री संत रविदास के अनुयायियों, रविदासिया समुदाय के एक पवित्र स्थान डेरा सचखंड बल्लां का दौरा कर रहे हैं।
 उनका डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से भी बातचीत का कार्यक्रम है, जिन्हें हाल ही में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी, जांच शुरू


मुंबई, एक फरवरी (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू में फिल्म निर्माता एवं निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर रविवार तड़के अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ और इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय शेट्टी अपने आवास पर थे या नहीं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात लोगों ने इमारत पर चार गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और उन्होंने जांच शुरू की।
अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शेट्टी ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

आदित्यनाथ ने रविदास के विचार आत्मसात कर समरस, विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का किया आह्वान
लखनऊ, एक फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को संत रविदास की जयंती पर उन्हें नमन किया और लोगों से उनके विचारों को आत्मसात कर समरस एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सद्गुरु रविदास जी महाराज की पावन जयंती पर कोटि-कोटि नमन।’’  
 उन्होंने कहा, ‘‘सद्गुरु रविदास जी ने कर्म से सेवा, समरसता और समानता का जो संदेश दिया, वह आज भी हमें प्रेरित करता है।’’  
 आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘'सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास' का जो संकल्प है, उसकी आत्मा गुरु रविदास जी की शिक्षाओं में है।’’  
 मुख्यमंत्री ने लोगों से रविदास के विचारों को आत्मसात कर समरस एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
मध्यकालीन कवि एवं समाज सुधारक संत रविदास ने अपने दोहों और उपदेशों के माध्यम से जाति आधारित सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संदेश दिया। उनका जन्म वाराणसी के पास सीर गोवर्धनपुर गांव में हुआ था।  
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर पंजाब के दौरे पर

लुधियाना (01 फरवरी):-(सत्ता संदेश):-प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर पंजाब के दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी आदमपुर हवाई अड्डे पर जाएंगे और वहां इसका नाम बदलकर श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि पूज्‍यनीय संत और समाज सुधारक को सम्मान देने के लिए यह नामकरण किया गया है। गुरु रविदास जी की समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को प्रेरित करती रहती हैं।

प्रधानमंत्री लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल भवन राज्य के लिए एक नया प्रवेश द्वार स्थापित करेगा, जो लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा। हलवारा में भारतीय वायु सेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केन्‍द्र भी है। लुधियाना के पुराने हवाई अड्डे का रनवे अपेक्षाकृत छोटा था, जो छोटे आकार के विमानों के लिए उपयुक्त था। कनेक्टिविटी में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए हलवारा में एक नया नागरिक एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसका रनवे लंबा है और ए320 जैसे विमानों के संचालन में सक्षम है।

प्रधानमंत्री जालंधर जिले के डेरा सचखंड बल्लन भी जाएंगे, जहां वे संत गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके सम्मान में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

LPU में खेती में कार्बन क्रेडिट अपनाने पर स्टेकहोल्डर मीटिंग

कार्बन प्रदूषण खेती के लिए एक बड़ा खतरा, LPU में संरक्षण पर गंभीर चर्चा

बढ़ता कार्बन उत्सर्जन खेती और पर्यावरण के लिए एक चुनौती, LPU में विशेषज्ञों ने समाधान बताए

कार्बन कंट्रोल के बिना सस्टेनेबल खेती असंभव: LPU में स्टेकहोल्डर मीटिंग

पर्यावरण सुरक्षा के लिए खेती में कार्बन क्रेडिट अपनाना समय की ज़रूरत है

कार्बन कम करें, खेती बचाएं: LPU में किसानों और विशेषज्ञों का साझा मंच

जलवायु परिवर्तन के खिलाफ खेती में कार्बन मैनेजमेंट पर ज़ोर

जालंधर (31 जनवरी):-(सत्ता संदेश) खेती, पर्यावरण और इंसानी सेहत पर बढ़ते कार्बन उत्सर्जन के गंभीर प्रभावों को ध्यान में रखते हुए, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में खेती में कार्बन क्रेडिट अपनाने पर एक स्टेकहोल्डर मीटिंग हुई। यह कार्यक्रम मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस और स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर ने ICSSR द्वारा स्पॉन्सर्ड एक प्रोजेक्ट के तहत आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत LPU के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के डीन डॉ. प्रदीप कुमार चुणेजा के उद्घाटन भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन को कंट्रोल किए बिना सस्टेनेबल खेती संभव नहीं है। इस मौके पर डॉ. मनदीप भारद्वाज और डॉ. सपना जरियाल ने प्रोजेक्ट के बैकग्राउंड के बारे में जानकारी दी और बताया कि पंजाब और हरियाणा के किसानों की कार्बन क्रेडिट के प्रति तैयारी और इसकी व्यवहार्यता पर एक स्टडी की जा रही है।
कार्बन प्रदूषण के नुकसान पर चिंताएं
वक्ताओं ने कहा कि पराली जलाने, डीजल से चलने वाली मशीनों, केमिकल फर्टिलाइजर के ज़्यादा इस्तेमाल और खेती के गलत तरीकों से पर्यावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा बढ़ रही है, जिससे जलवायु परिवर्तन, अनियमित बारिश, गर्मी में बढ़ोतरी और मिट्टी की उर्वरता में कमी आ रही है।
फगवाड़ा के एक प्रगतिशील किसान अवतार सिंह ने कम संसाधनों से खेती करके कार्बन क्रेडिट कमाने के अपने अनुभव साझा किए।
ह्यूमन डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (NGO) के धनंजय कुमार ने रीजेनरेटिव एग्रीकल्चर पर रोशनी डाली।
ICRISAT और ILRI से जुड़े विशेषज्ञों ने फसल अवशेष मार्केट मॉडल पर अपने अनुभव साझा किए।
मौसम, मिट्टी और कार्बन के बीच संबंध
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वैज्ञानिक सुरिंदर पाल ने मौसम और कार्बन फुटप्रिंट के बीच आपसी संबंध के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
GIS विशेषज्ञ डॉ. अनिल सूद ने रिमोट सेंसिंग के ज़रिए फसल अवशेष मैनेजमेंट की भूमिका पर चर्चा की।
पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर डॉ. राजीव ने कहा कि मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाने के लिए फसल अवशेषों का सही मैनेजमेंट बहुत ज़रूरी है।

कार्बन संरक्षण और युवाओं के लिए अवसर। डॉ. हरमीत कौर, डिप्टी डायरेक्टर, मैनेजमेंट डिपार्टमेंट PAMETI ने कम कार्बन वाले भविष्य के लिए ग्रीन जॉब्स और कार्बन फाइनेंस में युवाओं के लिए अवसरों पर चर्चा की।
पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के इंजीनियर इंजी. रविंदर भट्टी ने कार्बन उत्सर्जन नियंत्रण पर जानकारी दी।
हरियाणा के डॉ. राजेश कथवाल ने चावल-गेहूं फसल चक्र और कार्बन क्रेडिट के बीच संबंध पर चर्चा की।
हरियाणा के लीड एग्रोनॉमिस्ट डॉ. नवीन कुमार ने कृषि में कार्बन क्रेडिट अपनाने में आने वाली चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा किए, जबकि ADO जालंधर डॉ. विशाल ने ज़मीनी स्तर की स्थिति पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के आखिर में खुली चर्चा के दौरान, सभी स्टेकहोल्डर्स इस बात पर सहमत हुए कि कार्बन प्रदूषण प्रबंधन और कार्बन क्रेडिट सिस्टम कृषि और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, बशर्ते इसे पॉलिसी और फील्ड लेवल पर लागू किया जाए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर समय पर कार्बन उत्सर्जन को कंट्रोल नहीं किया गया, तो भविष्य में किसानों को अनियमित बारिश, सूखे, बाढ़ और फसल के नुकसान का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही, इंसानी सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

PM मोदी इसी हफ्ते पंजाब आएंगे, डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेकेंगे

पंजाब डेस्क: गुरु रविदास महाराज जी की 649वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को पंजाब दौरे पर आएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होंगे।

बताया जा रहा है कि शाम 4 बजे यहां पहुंचेंगे।प्रधानमंत्री का यह दौरा गुरु रविदास महाराज जी की जयंती के पावन अवसर को समर्पित रहेगा।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और डेरा प्रबंधन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पीएम मोदी के दौरे को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

बता दें कि 25 जनवरी को ही डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास जी को पद्मश्री अवॉर्ड के लिए चुना गया था। इसके बाद PM का ये दौरा हो रहा है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर 2025 को उस समय पंजाब दौरे पर आए थे। जब पंजाब में बाढ़ आई हुई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने हिमाचल के साथ पंजाब का हवाई जहाज से दौरा किया था। साथ ही गुरदासपुर के आर्मी एरिया में किसानों से मुलाकात की थी। इस दौरान पंजाब सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों से मीटिंग भी की थी। इस दौरान वित्तीय सहायता के रूप में ₹1,600 करोड़ देने का ऐलान किया था।

चाइना डोर का कहर: स्कूल से लौट रहे 15 साल के स्टूडेंट ने गला काटा, माता-पिता के इकलौते बेटे की दर्द से मौत

लुधियाना: चाइना डोर (खूनी डोर) के खिलाफ एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस की सख्ती के दावों के बावजूद, शनिवार को एक बहुत ही दर्दनाक हादसा हुआ। समराला के पास रोहाले गांव के रहने वाले 15 साल के तरनजोत सिंह की चाइना डोर में उलझने से गला कटने से मौत हो गई। तरनजोत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

कैसे हुआ हादसा? मिली जानकारी के मुताबिक, तरनजोत सिंह अपने एक दोस्त प्रभजोत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर स्कूल से घर लौट रहा था। जब वे लुधियाना-चंडीगढ़ मेन हाईवे पर गांव चहलां पहुंचे, तो रास्ते में फंसी पतंग की डोर ने तरनजोत का गला पूरी तरह से काट दिया। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा उसका साथी प्रभजोत सिंह भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे समराला के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

परिवार ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप: इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के माता-पिता और दादा ने इस मौत के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि अगर चाइना तार की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्त रोक लगी होती तो उनका बेटा आज जिंदा होता।

पुलिस कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलने पर SHO समराला हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। जब पत्रकारों ने पुलिस की सख्ती के दावों पर सवाल पूछे तो वह साफ जवाब नहीं दे सके और सिर्फ इतना कहा कि पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। गौरतलब है कि इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया था और DSP समराला ने चाइना तार का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज करने की चेतावनी भी दी है।