रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर में TRAI ने परखी मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता, सेवाओं का किया विस्तृत आकलन
नई दिल्ली / सत्ता संदेश
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण- ट्राई ने रुद्रपुर शहर में गदरपुर, दिनेशपुर, जयनगर, खेमपुर/खानपुर, बिंद्ट खेड़ा, रुद्रपुर, बिलहरा, लालपुर और किच्छा तथा हल्द्वानी शहर में काठगोदाम, हलद्वानी, ट्रांसपोर्ट नगर, गोरापड़ाव और मोटाहल्दू तथा काशीपुर शहर में प्रतापपुर, कचनालगाजी, काशीपुर, धमार खेड़ा, रामनगर, ढकिया कलां, सुल्तानपुर और पट्टी कलां में मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता जांच की।
ट्राई ने उत्तर प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र – यूपीडब्ल्यू एलएसए के तहत अप्रैल 2026 में रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर शहरों में आयोजित स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट- आईडीटी के निष्कर्ष से दूरसंचार उपभोक्ताओं को अवगत कराने के लिए इसे जारी किया है। इस ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा प्रदान की जाने वाली मोबाइल नेटवर्क सेवाओं (वॉयस और डेटा दोनों) की वास्तविक समय गुणवत्ता आकलन और इसका सत्यापन करना है। स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के दौरान, ट्राई, कॉल ड्रॉप रेट, कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड और अपलोड प्रदर्शन आदि प्रमुख सेवा गुणवत्ता मापदंडों के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन को रिकॉर्ड करता है, जिन्हें बाद में उपभोक्ताओं को सूचित करने और सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवा में सुधार करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु प्रकाशित किया जाता है।
इंटरनल डेटा टेस्टिंग डिवाइस को शहरों, भीडभाड वाले सार्वजनिक स्थलों, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों आदि विभिन्न उपयोग परिवेशों में सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के मोबाइल नेटवर्क प्रदर्शन आकलन के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस प्रकार के ड्राइव टेस्टिंग में, 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर सभी सेवा प्रदाताओं के सिम कार्ड का उपयोग कर लाइव डेटा और वॉयस सेशन किए जाते हैं। इसमें कई उन्नत टेस्ट हैंडसेट का इस्तेमाल किया जाता है, और उन्नत सॉफ्टवेयर सिस्टम का उपयोग कर इस पूरे कार्य की वास्तविक समय में निगरानी और विश्लेषण किया जाता है।
ट्राई ने अपनी निर्धारित एजेंसी के माध्यम से 6 अप्रैल 2026 से 9 अप्रैल 2026 के दौरान उत्तर प्रदेश पश्चिमी क्षेत्र में रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर शहरों में 408 किलोमीटर (सिटी ड्राइव), 14 हॉटस्पॉट स्थानों और 3.2 किलोमीटर (वॉक टेस्ट) संचालित किया। ये परीक्षण ट्राई के भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के परिवीक्षण में किए गए। ड्राइव टेस्ट रिपोर्ट में प्रस्तुत अवलोकन, ड्राइव टेस्ट के दिन/समय पर परीक्षण क्षेत्र/मार्ग पर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन दर्शाते हैं।

