बठिंडा में अनोखा प्रदर्शन: सिलेंडर की किल्लत पर ‘डाकू’ बने पूर्व पार्षद, घोड़े पर सवार होकर छीना गैस सिलेंडर
पंजाब डेस्क: पंजाब के बठिंडा में रसोई गैस (LPG) की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। शहर के पूर्व पार्षद विज कुमार शर्मा ने गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता से परेशान होकर ‘डाकू’ का वेश धारण किया और घोड़े पर सवार होकर अपना रोष प्रकट किया।
प्रतीकात्मक लूट और विरोध का कारण: प्रदर्शन के दौरान विज कुमार शर्मा ने सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति से प्रतीकात्मक रूप से सिलेंडर छीन लिया। उन्होंने बताया कि उन्हें स्वयं गैस सिलेंडर लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। पूर्व पार्षद ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो जारी होने के बाद, जिसमें लॉकडाउन जैसी स्थितियों की आशंका जताई गई है, आम लोगों के लिए सिलेंडर मिलना मुश्किल हो गया है।
प्रशासन के दावों पर सवाल: विज कुमार शर्मा ने बठिंडा के उपायुक्त (DC) और स्थानीय प्रशासन के उन दावों को चुनौती दी है जिनमें कहा गया था कि जिले में सिलेंडर की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत प्रशासन के दावों से बिल्कुल अलग है और लोग दर-दर भटक रहे हैं।
सरकार से मांग: पूर्व पार्षद ने पंजाब सरकार से मांग की है कि गैस एजेंसी मालिकों द्वारा की जा रही कालाबाजारी को रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि आम जनता को बिना किसी परेशानी के समय पर सिलेंडर मिल सकें।

