ब्रेकिंग न्यूज़
अमेरिका में पटियाला के युवक की गोली मारकर हत्या: कर्ज लेकर भेजा था विदेश, अब शव लाने के लिए सरकार से लगाई गुहार

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ पंजाब के पटियाला जिले के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान गांव फतेहपुर निवासी गुरदास सिंह के रूप में हुई है।

पार्किंग में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग: जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब गुरदास सिंह एक शॉपिंग मॉल की पार्किंग में अपनी कार में बैठा हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने बिना किसी उकसावे के उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। न्यूयॉर्क पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक इस हमले के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।

परिवार का सहारा था गुरदास: गुरदास सिंह 12वीं पास करने के बाद बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था। उनके पिता दविंदर सिंह ने बेटे को विदेश भेजने के लिए भारी कर्ज लिया था। गुरदास वहां मेहनत-मजदूरी कर न केवल अपना जीवन संवार रहा था, बल्कि वह कनाडा में पढ़ रही अपनी बहन की पढ़ाई में भी आर्थिक मदद कर रहा था। हाल ही में उसने अपनी कमाई से बड़ी राशि घर भी भेजी थी ताकि माता-पिता को तंगी का सामना न करना पड़े।

सरकार से मदद की अपील: इस दुखद घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पंजाब सरकार और भारत सरकार से गुहार लगाई है कि गुरदास के पार्थिव शरीर को अमेरिका से भारत लाने में मदद की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *