ब्रेकिंग न्यूज़
वायु यातायात नियंत्रकों के 1,279 पद रिक्त: सरकार

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि वायु यातायात नियंत्रकों के लिए स्वीकृत 5,537 पदों में से कुल 1,279 रिक्त हैं।

वायु यातायात का नियंत्रण सरकारी कंपनी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) करती है।

नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, ‘‘वायु यातायात का प्रबंधन एएआई कुल 5,537 वायु यातायात नियंत्रकों (एटीसीओ) के जरिए करती है। एटीसीओ के कुल 1,279 पद रिक्त हैं।’’

चालू वित्त वर्ष में अब तक, देश के सात प्रशिक्षण केंद्र में 4,320 एटीसी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

मंत्री ने एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में स्वीकृत कुल 1,630 पदों में से 787 रिक्त हैं।

उन्होंने बताया कि नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो में स्वीकृत कुल 598 पदों में से 230 पद रिक्त हैं।

मोहोल ने बताया कि डीजीसीए के पुनर्गठन के तहत नागरिक उड्डयन के भविष्य में विस्तार होने को ध्यान में रखते हुए, 2022 से 2024 की अवधि के दौरान 1630 पदों में से 441 पद (426 तकनीकी और 15 गैर-तकनीकी पद) सृजित किये गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *