ब्रेकिंग न्यूज़
स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत से जनता का भरोसा साबित: जयराम ठाकुर

हिमाचल प्रदेश / सत्ता संदेश

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत को जनता का समर्थन बताते हुए कहा कि चार जिलों में हुए चुनावों में मंडी, सोलन और धर्मशाला में पार्टी की जीत यह दर्शाती है कि लोगों का विश्वास लगातार बीजेपी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सबसे निचले स्तर का चुनाव होता है और इसमें जनता ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना संदेश दिया है। उनके अनुसार सरकार ने चुनाव से पहले किए गए वादे पूरे नहीं किए, जिसके कारण लोगों में नाराजगी है।

हिमाचल में लगाए गए एंट्री टैक्स को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लोगों के पंजाब से पारिवारिक और सामाजिक संबंध हैं, लेकिन इस तरह का टैक्स लगाने से पर्यटन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की ओर से भी हिमाचल के वाहनों पर टैक्स लगाने की बात सामने आई है, जिससे दोनों राज्यों के बीच आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

सरकारी नौकरियों में डोप टेस्ट को अनिवार्य किए जाने के फैसले पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्णय लेने का तरीका काफी अलग है। उन्होंने माना कि प्रदेश में नशे की समस्या गंभीर होती जा रही है और अब ड्रग्स गांवों तक पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान और टास्क फोर्स का गठन किया गया है, लेकिन अब नौकरी से पहले डोप टेस्ट लागू करने का निर्णय लिया गया है।

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) कर्मचारियों की हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं। मुख्यमंत्री पहले ही वेतन हर महीने की पहली तारीख को देने का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा, जिसके कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

मानसून की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार आगामी बारिश के मौसम के लिए तैयार नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 की आपदा के बाद सड़कों पर पड़ा मलबा अभी तक नहीं हटाया गया है। ऐसे में मानसून के दौरान यह मलबा फिर सड़कों पर आ सकता है, जिससे सड़कें बंद होने और लोगों को परेशानियों का सामना करने की आशंका बढ़ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *