ब्रेकिंग न्यूज़
ट्रंप का मध्यावधि चुनाव से पहले मतदाताओं को साधने का प्रयास, जीत का भरोसा जताया

वाशिंगटन, 25 फरवरी (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संसद में अपने ‘स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन’ के दौरान मध्यावधि चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि ‘‘हम जीत रहे हैं’’। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने घरेलू स्तर पर रोजगार और विनिर्माण में तेजी लाई है, जबकि विदेशों में एक नई वैश्विक व्यवस्था स्थापित की है।

ट्रंप को उम्मीद है कि अपनी उपलब्धियों की लंबी सूची पेश करने से उनकी गिरती लोकप्रियता रेटिंग में सुधार आ सकता है।

ट्रंप की इस घोषणा का उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों को यह यकीन दिलाना था कि अर्थव्यवस्था मजबूत है और अमेरिकी नागरिकों को नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन का साथ देकर इसी तरह की अर्थव्यवस्था के लिए मतदान करना चाहिए।

लंबी लाल टाई और नीला सूट पहने हुए ट्रंप जब सदन में भाषण देने पहुंचे तो रिपब्लिकन सांसदों ने ‘‘यूएसए, यूएसए’’ के नारे लगाए।

वहीं अधिकतर डेमोक्रेट बिना ताली बजाए अपने स्थानों पर बैठे रहे। पार्टी के कुछ सांसदों ने भाषण में शामिल न होकर अपना विरोध दर्ज कराया।

ट्रंप ने सदन की कार्यवाही शुरू होने पर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अमेरिकी पुरुष हॉकी टीम को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सदन में आमंत्रित किया। टीम ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के दौरे के बाद संसद भवन पहुंची थी।

ट्रंप ने टीम का परिचय देने से पहले कहा, ‘‘हमारा देश फिर से जीत रहा है। वास्तव में, हम हर क्षेत्र में जीत रहे हैं। लोग मुझसे कहते हैं कि हम हर क्षेत्र में जीत रहे हैं और आपके आने से पहले हमारे देश में जीत की कोई आदत नहीं थी।’’

अपने पदक पहने और बड़े अक्षरों में ‘‘यूएसए’’ लिखे स्वेटर पहने हॉकी खिलाड़ियों के सम्मान में दोनों दलों के सदस्यों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। ट्रंप ने सदन के डेमोक्रेटिक पक्ष की ओर इशारा करते हुए चुटकी ली, ‘‘मैंने उन्हें पहली बार खड़े होते देखा है।’’

ट्रंप ने घोषणा की कि वह हॉकी टीम के गोलकीपर कॉनर हेलेब्यूक को अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम’ प्रदान करेंगे।

ट्रंप ने 2020 में भी इसी तरह की एक आश्चर्यजनक घोषणा की थी, जिसमें उन्होंने अपने संबोधन के दौरान रेडियो होस्ट रश लिम्बो के लिए इस पुरस्कार की घोषणा की थी।

राष्ट्रपति ने यह भी घोषणा की कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी तकनीकी कंपनियां उन क्षेत्रों में बिजली की दरें बढ़ाने पर सहमत हो रही हैं जहां उनके डेटा सेंटर स्थित हैं। डेटा सेंटर बड़ी मात्रा में बिजली का उपयोग करते हैं, जिससे उस क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं के लिए बिजली की लागत बढ़ सकती है।

ट्रंप ने पिछले सप्ताह अमेरिका के उच्चतम न्यायालय द्वारा उनकी कई प्रमुख शुल्क नीतियों को रद्द करने के फैसले का जिक्र करते हुए इसे ‘‘एक दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय’’ बताया और कहा कि अदालत के फैसले से पहले ‘‘सब कुछ ठीक चल रहा था’’। ट्रंप के इस बयान के दौरान डेमोक्रेट सदस्यों को ताली बजाते हुए देखा गया।

ट्रंप ने कहा कि वह आयात पर कर लगाने के लिए ‘‘वैकल्पिक’’ कानूनों का इस्तेमाल करते हुए आगे बढ़ेंगे। उन्होंने सांसदों से कहा, ‘‘कांग्रेस (संसद) की कार्रवाई इसके लिए आवश्यक नहीं होगी।’’

ट्रंप ने शुल्क के बारे में कहा, ‘‘इसने हमारे देश को बचाया है’’ और साथ ही यह भी कहा कि यह ‘‘शांति का रक्षक भी रहा’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सच में सदियों के लिए बहुत बड़ा बदलाव है।’’

ट्रंप का भाषण शुरू होने से पहले ‘व्हाइट हाउस’ की तरफ से जारी उसके कुछ हिस्सों में कहा गया कि ट्रंप यह संकल्प लेंगे कि, ‘‘आगे बढ़ते हुए, अमेरिका में फैक्टरियां, नौकरियां, निवेश और ट्रिलियन डॉलर आते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *