जलालपुर में पेड़ों को काटने पर गांव वालों का विरोध, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
होशियारपुर / सत्ता संदेश
एक तरफ पंजाब सरकार पर्यावरण को बचाने और हरियाली बढ़ाने के लिए लोगों को ज़्यादा से ज़्यादा पेड़ लगाने के लिए बढ़ावा दे रही है, जिससे प्रेरणा लेकर कई गांव की पंचायतों ने बड़े पैमाने पर पेड़ लगाए हैं। लेकिन दूसरी तरफ गांव जलालपुर में सड़क किनारे लगे पेड़ों को काटने का मामला सामने आया है, जिससे गांववालों में भारी विरोध है।
इस बारें में ग्रमीणों ने 25 मई को टांडा DSP को एक लिखित एप्लीकेशन दी थी, लेकिन अभी तक उस कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जिसके चलते ग्रामीणों में निराशा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ अनजान लोगों ने सड़क किनारे लगे पेड़ों को काट दिया है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगर पेड़ों की कटाई इसी तरह जारी रही तो पर्यावरण बचाने के लिए की जा रही कोशिशें बेअसर हो जाएंगी।
इस मौके पर गांव के चैयरमैन लखवीर सिंह, पूर्व पंच सुखविंदर सिंह, कुलवंत सिंह कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन, BDPO टांडा, DDPO होशियारपुर और पंजाब के मुख्यमंत्री से मांग की है कि पेड़ काटने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो गांववाले संघर्ष तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन की होगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में गांववाले मौजूद थे।

