ब्रेकिंग न्यूज़
Ludhiana : सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, DIG ने किया दौरा

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना रेंज के DIG गुरसेवक सिंह बराड़ ने आज अलग-अलग थानों के पुलिस अधिकारियों और एरिया ACP के साथ लुधियाना मेट्रोपोलिस के कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पार्किंग में खड़े वाहनों की फिजिकल और तकनीकी तरीके से जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

DIG गुरसेवक सिंह बराड़ ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लुधियाना पुलिस की यह चेकिंग ड्राइव आगे भी लगातार जारी रहेगी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर लगातार निगरानी की जाएगी।

मानसा में 260 ग्राम हेरोइन और .32 बोर पिस्तौल समेत दो गिरफ्तार, 6 जिंदा कारतूस भी बरामद

मानसा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : बिट्टू बुढलाडा

मानसा पुलिस की ओर से नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढलाडा पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन, एक .32 बोर पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस संबंध में मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि जिले में नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वाले लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बुढलाडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। साथ ही अवैध हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसएसपी वैभव चौधरी ने कहा कि मानसा पुलिस का नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुल्तानपुर लोधी : दिनदहाड़े दो घरों में चोरी, 2 लाख कैश और 3 सोने की अंगूठियां चोरी

सुल्तानपुर लोधी / सत्ता संदेश

पवित्र शहर सुल्तानपुर लोधी के घनी आबादी वाले इलाके में चोरों ने दिनदहाड़े दो घरों को निशाना बनाकर करीब 2 लाख रुपये की नकदी और 3 सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। एक ही इलाके में दो घरों में हुई चोरी की घटना के बाद लोगों में दहशत और रोष का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सुखदेव सिंह अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। उनका बेटा इंग्लैंड से आया हुआ था और कुछ दिनों बाद वापस विदेश जाने वाला था। इसी के चलते परिवार श्री दरबार साहिब में माथा टेकने और रिश्तेदारों से मिलने गया था।

सुखदेव सिंह के मुताबिक, जब परिवार घर से बाहर था, उसी दौरान चोरों ने घर में दाखिल होकर करीब 1.5 लाख रुपये नकद और तीन सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। घर लौटने पर चोरी का पता चला तो परिवार के होश उड़ गए।

इसी दौरान पास में रहने वाली सुखविंदर कौर के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर वहां से करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। दोनों घरों को मिलाकर करीब 2 लाख रुपये नकद और तीन सोने की अंगूठियां चोरी होने की बात सामने आई है।

घनी आबादी वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घरों की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जरूरी तथ्य जुटाए हैं और चोरों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

लुधियाना की घटना के विरोध में कल होशियारपुर बंद की कॉल, SC समुदाय और संगठनों ने दी चेतावनी

होशियारपुर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : अभिषेक भाटिया

लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद पंजाब में रोष बढ़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में आज लुधियाना बंद करवाया गया। वहीं, अब होशियारपुर में भी SC समुदाय और विभिन्न संगठनों ने विरोध जताते हुए कल होशियारपुर बंद की कॉल दी है।

होशियारपुर में SC समुदाय के लोगों और विभिन्न संगठनों की ओर से प्रेस वार्ता की गई। इस दौरान प्रतिनिधियों ने कहा कि लुधियाना में हुई घटना के विरोध में कल होशियारपुर को पूर्ण रूप से बंद करवाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बंद के दौरान आवाजाही भी नहीं चलने दी जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान संगठनों ने सरकार से मांग की कि लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो दलित समाज अपने संघर्ष को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

वहीं, होशियारपुर बंद की कॉल के बाद प्रशासन और पुलिस के सामने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी बढ़ गई है। संगठनों ने लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की है।

श्री गुरु नानक देव के शादी पर्व से पहले फाड़ें होर्डिंग्स, राजनीतिक दलों ने की कार्रवाई की मांग

बटाला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: लकी सिंह

श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी की शादी की सालगिरह 18 सितंबर को बटाला में मनाई जानी है। इस ऐतिहासिक आयोजन से पहले शहर में लगाए गए सैकड़ों होर्डिंग्स को देर रात किसी शरारती तत्व ने फाड़ दिया। घटना के बाद राजनीतिक दलों में रोष देखने को मिला है।

जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों की ओर से शहर के बाहर से आने वाली संगत और श्रद्धालुओं का स्वागत करने तथा उन्हें शादी पर्व की बधाई देने के लिए विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन होर्डिंग्स पर श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी के नाम भी अंकित थे।

देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने इन होर्डिंग्स को फाड़ दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस हरकत की निंदा की और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

राजनीतिक दलों ने एकमत होकर कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े इन होर्डिंग्स को फाड़ना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि पुलिस इस घटना को लेकर बेअदबी का मामला दर्ज करे और जिस व्यक्ति या लोगों ने यह हरकत की है, उनकी पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाए।

नेताओं ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी के शादी पर्व का बटाला के इतिहास और धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व है। ऐसे पवित्र आयोजन से पहले इस तरह की हरकत माहौल खराब करने का प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

13 साल की उम्र में आरव गुप्ता ने ‘स्विच वर्ड’ नाम की लिखी दूसरी किताब

गुरदासपुर / सत्ता संदेश

गुरदासपुर के आठवीं कक्षा के छात्र 13 वर्षीय आरव साई गुप्ता ने कम उम्र में लेखन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। आरव ने अपनी दूसरी किताब लिखी है, जिसका नाम ‘स्विच वर्ड’ है। यह किताब अब बाजार में प्रकाशित होकर पाठकों के लिए उपलब्ध हो गई है।

आरव की पहली किताब जनवरी 2026 में प्रकाशित हुई थी। इस किताब में उन्होंने भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी ऐसी कहानियों को सामने रखा था, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। पहली किताब को पाठकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसके बाद आरव ने अपनी दूसरी किताब लिखने का फैसला किया।

‘स्विच वर्ड’ में आरव ने खास तौर पर टीनएज उम्र में बच्चों और युवाओं के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं को उठाया है। किताब में ओवरथिंकिंग, असफल होने का डर और टीनएजर्स की अन्य मानसिक एवं व्यवहारिक चुनौतियों को समझाने के साथ-साथ उनसे निपटने के संभावित समाधान भी बताए गए हैं।

आरव का कहना है कि टीनएजर होने के कारण उन्होंने अपने आसपास के दोस्तों की समस्याओं को करीब से देखा है। उन्होंने इन समस्याओं को समझने के लिए उनके बारे में सोचा, जानकारी जुटाई और इसी अनुभव एवं जानकारी को किताब के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की है।

आरव के मुताबिक, किताब का हर अध्याय पाठक को एक नई समस्या से अवगत कराता है और उसके समाधान की दिशा भी दिखाता है। उनका उद्देश्य है कि किताब पढ़ने वाले टीनएजर्स अपनी परेशानियों को बेहतर तरीके से समझें और उन्हें खुद दूर करने के लिए प्रेरित हों।

आरव की मां मीनू गुप्ता ने बताया कि इस किताब को लिखने के दौरान उनके बेटे ने काफी मेहनत की। वह देर रात तक जागकर नोट्स तैयार करता था और टीनएजर्स से जुड़ी अलग-अलग समस्याओं के बारे में जानकारी जुटाता था। अब किताब के बाजार में आने के बाद आरव बेहद खुश हैं।

13 साल की उम्र में दूसरी किताब प्रकाशित करना आरव साई गुप्ता की रचनात्मक सोच और लेखन के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। ‘स्विच वर्ड’ के जरिए उन्होंने अपनी उम्र के युवाओं की समस्याओं को समझने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने की एक सराहनीय कोशिश की है।

शादी के नगर कीर्तन में हुड़दंग या स्टंट किया तो होगा बड़ा एक्शन, DJ पर भी प्रशासन की सख्ती

बटाला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : लकी सिंह

श्री गुरु नानक देव जी की शादी के ऐतिहासिक नगर कीर्तन को लेकर बटाला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर कीर्तन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

बटाला में जिले के अधिकारियों, बटाला म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के मेयर, पुलिस प्रशासन और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में नगर कीर्तन के रूट प्लान, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि नगर कीर्तन के दौरान यदि किसी व्यक्ति ने हुड़दंग किया, मोटरसाइकिल पर स्टंट किए या ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ट्रैक्टर पर बड़े DJ सिस्टम लगाकर शहर में घूमने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

ADC गुरदासपुर ने कहा कि नगर कीर्तन के दौरान किसी भी तरह की शरारत या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति DJ लेकर शहर में घूमता हुआ पाया जाता है तो उसे शहर से बाहर भेजने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखें और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें।

वहीं, बटाला म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के मेयर ने कहा कि नगर कीर्तन को लेकर शहर में साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि बटाला शहर साफ-सुथरा और कचरा मुक्त रहे तथा नगर कीर्तन के दौरान कानून-व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त रहे।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर कीर्तन के दौरान किसी भी शरारती तत्व को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Supreme Court Decision: इतने साल तक किराए पर रहा किराएदार, तो हो जाएगा कब्जा

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

सुप्रीम कोर्ट ने एक नया नियम जारी किया है कि अगर कोई किसी की जमीन पर लंबे समय से कब्जा करके बैठा है तो वह जमीन उसकी ही हो जाएगी। उसे ही उस प्रॉपटी का मालिक मान लिया जाएगा।

अगर आपकी प्रॉपटी पर कोई इंसान लंबे समय से कब्जा करके बैठा है। और आप उसे वहां से हटाने में बेगौरी कर रहें है तो ये आपके लिए बहुत बुरी बात है।

उसे वहां से हटाने में देरी करना आपका भारी नुकसान करवा सकता है। अगर आपकी किसी अचल संपत्ति पर किसी ने कब्जा जमा लिया है तो उसे वहां से हटाने में लेट लतीफी नहीं करें।

अपनी संपत्ति पर दूसरे के अवैध कब्जे को चुनौती देने में देर की तो संभव है कि वह आपके हाथ से हमेशा के लिए निकल जाए।

12 वर्ष के अंदर उठाना होगा कदम

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, अगर वास्तविक या वैध मालिक अपनी अचल संपत्ति को दूसरे के कब्जे से वापस पाने के लिए समयसीमा के अंदर कदम नहीं उठा पाएंगे

तो उनका मालिकाना हक समाप्त हो जाएगा और उस अचल संपत्ति पर जिसने कब्जा कर रखा है, उसी को कानूनी तौर पर मालिकाना हक दे दिया जाएगा।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी स्पष्ट कर दिया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को इस दायरे में नहीं रखा जाएगा। यानी, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को कभी भी कानूनी मान्यता नहीं मिल सकती है।

तीन जजों की बेंच ने की कानून की व्याख्या

लिमिटेशन ऐक्ट 1963 के तहत निजी अचल संपत्ति पर लिमिटेशन (परिसीमन) की वैधानिक अवधि 12 साल जबकि सरकारी अचल संपत्ति के मामले में 30 वर्ष है। यह मियाद कब्जे के दिन से शुरू होती है।

सुप्रीम कोर्ट के जजों जस्टिस अरुण मिश्रा, जस्टिस एस अब्दुल नजीर और जस्टिस एमआर शाह की बेंच ने इस कानून के प्रावधानों की व्याख्या करते हुए कहा कि कानून उस व्यक्ति के साथ है

जिसने अचल संपत्ति पर 12 वर्षों से अधिक से कब्जा कर रखा है। अगर 12 वर्ष बाद उसे वहां से हटाया गया तो उसके पास संपत्ति पर दोबारा अधिकार पाने के लिए कानून की शरण में जाने का अधिकार है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

बेंच ने कहा, ‘हमारा फैसला है कि संपत्ति पर जिसका कब्जा है, उसे कोई दूसरा व्यक्ति बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के वहां से हटा नहीं सकता है। अगर किसी ने 12 साल से अवैध कब्जा कर रखा है

तो कानूनी मालिक के पास भी उसे हटाने का अधिकार भी नहीं रह जाएगा। ऐसी स्थिति में अवैध कब्जे वाले को ही कानूनी अधिकार, मालिकाना हक मिल जाएगा।

हमारे विचार से इसका परिणाम यह होगा कि एक बार अधिकार (राइट), मालिकाना हक (टाइटल) या हिस्सा (इंट्रेस्ट) मिल जाने पर उसे वादी कानून के अनुच्छेद 65 के दायरे में तलवार की तरह इस्तेमाल कर सकता है,

वहीं प्रतिवादी के लिए यह एक सुरक्षा कवच होगा। अगर किसी व्यक्ति ने कानून के तहत अवैध कब्जे को भी कानूनी कब्जे में तब्दील कर लिया तो जबर्दस्ती हटाए जाने पर वह कानून की मदद ले सकता है।’

12 वर्ष के बाद हाथ से निकल जाएगी संपत्ति

फैसले में स्पष्ट किया गया है कि अगर किसी ने 12 वर्ष तक अवैध कब्जा जारी रखा और उसके बाद उसने कानून के तहत मालिकाना हक प्राप्त कर लिया तो उसे असली मालिक भी नहीं हटा सकता है।

अगर उससे जबर्दस्ती कब्जा हटवाया गया तो वह असली मालिक के खिलाफ भी केस कर सकता है और उसे वापस पाने का दावा कर सकता है क्योंकि असली मालिक 12 वर्ष के बाद अपना मालिकाना हक खो चुका होता है।