ब्रेकिंग न्यूज़
लखनऊ पहुंचने के बाद सुलतानपुर के लिये रवाना हुये राहुल, अदालत में बयान दर्ज करायेंगे

लखनऊ, 20 फरवरी (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे और यहां से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए, जहां वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ एक टिप्पणी के मामले में बयान दर्ज कराने के लिए सांसद विधायक अदालत में पेश होंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गांधी अदालत की सुनवाई के लिए पहुंचे थे।

राय ने कहा, “वह विशेष रूप से सुनवाई के लिए आए हैं और उसके बाद वह वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।”

गांधी शुक्रवार सुबह लखनऊ पहुंचे और वहां से उन्हें अदालत की सुनवाई के लिए सीधे सुल्तानपुर ले जाया गया।

सुल्तानपुर में कुछ कांग्रेस नेताओं ने गांधी की यात्रा से पहले ‘सत्यमेव जयते’ यानी सत्य की हमेशा जीत होती है, लिखे पोस्टर लगाए हैं।

यह मामला 2018 का है जब स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।

पिछले पांच साल से मुकदमा चल रहा है. दिसंबर 2023 में, अदालत के समक्ष उपस्थित न होने पर गांधी के खिलाफ वारंट जारी किया गया था।

उन्होंने फरवरी 2024 में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद एक विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25,000 रुपये की दो जमानत राशि पर जमानत दे दी।

इसके बाद 26 जुलाई, 2024 को राहुल गांधी ने अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया।

बाद में अदालत ने शिकायतकर्ता को मामले में सबूत पेश करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *