ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब में निकाय चुनाव का ऐलान, 26 मई को वोटिंग, 29 को आएंगे नतीजे

पंजाब / सत्ता संदेश


पंजाब में आठ नगर निगमों समेत 105 स्थानीय निकायों के लिए मतदान 26 मई को होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने सोमवार को यह घोषणा की। जानकारी के मुताबिक इस चुनाव की मतगणना 29 मई को होगी। राजकमल चौधरी ने मीडिया को चुनावों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ये चुनाव मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट स्थित आठ नगर निगमों में होंगे।
76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने बताया कि इसके अलावा 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव होंगे, जिससे 105 नगर निकायों के अंतर्गत कुल 2,019 वार्ड में मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। चौधरी ने बताया कि इन नगर निकायों के लिए 36,72,932 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 17,73,716 महिलाएं हैं।
सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा मतदान
बताया जा रहा है कि मतदान 3,977 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। चौधरी ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 19 मई है। उन्होंने कहा कि चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस के 35 हजार से अधिक कर्मियों को तैनात किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *