ब्रेकिंग न्यूज़
सहारनपुर में गोकशी के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
सहारनपुर (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) सहारनपुर जिले की कुतुबशेर थाना पुलिस ने गोकशी के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (प्रथम) अमित श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि  आरोपियों की पहचान ग्राम धलापड़ा निवासी नासिर और हमजा कॉलोनी निवासी शोबान  के रूप में हुई है।
मामले का विवरण देते हुए सीओ ने बताया कि शनिवार और रविवार की मध्य रात कुतुबशेर थाना पुलिस टीम बड़ी नहर पटरी से हबीबगढ़ जाने वाले कच्चे रास्ते पर जांच कर रही थी तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखे। 
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, जिस पर संदिग्धों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर हड़बड़ाहट में उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। पुलिस को पास आता देख आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। 
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी थाना कुतुबशेर में गोवध अधिनियम के तहत वांछित आरोपी हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक-एक तमंचा, दो खोखा, चार कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
आदित्यनाथ ने रविदास के विचार आत्मसात कर समरस, विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का किया आह्वान
लखनऊ, एक फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को संत रविदास की जयंती पर उन्हें नमन किया और लोगों से उनके विचारों को आत्मसात कर समरस एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सद्गुरु रविदास जी महाराज की पावन जयंती पर कोटि-कोटि नमन।’’  
 उन्होंने कहा, ‘‘सद्गुरु रविदास जी ने कर्म से सेवा, समरसता और समानता का जो संदेश दिया, वह आज भी हमें प्रेरित करता है।’’  
 आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘'सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास' का जो संकल्प है, उसकी आत्मा गुरु रविदास जी की शिक्षाओं में है।’’  
 मुख्यमंत्री ने लोगों से रविदास के विचारों को आत्मसात कर समरस एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
मध्यकालीन कवि एवं समाज सुधारक संत रविदास ने अपने दोहों और उपदेशों के माध्यम से जाति आधारित सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संदेश दिया। उनका जन्म वाराणसी के पास सीर गोवर्धनपुर गांव में हुआ था।  
U-19 एशिया कप: पाकिस्तान को 90 रनों से रौंदकर भारत ने सेमीफाइनल की तरफ बढ़ाया कदम

स्पोर्ट्स डेस्क: दुबई में खेले गए U-19 एशिया कप 2025 के हाई-वोल्टेज मैच में भारत U19 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान U19 को 90 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने ग्रुप मैचों में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

यह मैच U-19 एशिया कप 2025 के तहत दुबई में खेला गया, जहां टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 46.1 ओवर में 240 रन बनाए। टीम के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने धैर्य से खेलते हुए बड़ी पारी खेली, जिससे भारत मजबूत स्कोर तक पहुंच पाया।240 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम भारतीय बॉलिंग के आगे बेबस नजर आई।

शुरुआती झटकों की वजह से पाकिस्तानी बल्लेबाज दबाव में आ गए और टीम तय ओवरों में टारगेट के करीब भी नहीं पहुंच पाई। भारतीय गेंदबाजों ने डिसिप्लिन्ड लाइन-लेंथ से गेम पर पूरा कंट्रोल बनाए रखा।

इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ़ पॉइंट्स टेबल में अपनी जगह मज़बूत की, बल्कि सेमीफ़ाइनल के लिए अपनी दावेदारी भी मज़बूत की। दूसरी तरफ़, पाकिस्तान को अब टूर्नामेंट में आगे रहने के लिए अगले मैचों में बेहतर परफ़ॉर्म करना होगा।