ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…16-04-2026

पंजाब डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ की आज की बड़ी और अहम खबरों के बुलेटिन में आपका स्वागत है। आज राज्य की राजनीति में उस वक्त बड़ी हलचल देखने को मिली जब AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर 24 घंटे चली ED की छापेमारी खत्म हुई। वहीं, अमृतसर में 4 बच्चों के पिता की सरेआम हत्या और संगरूर में भाई को ट्रैक्टर से कुचलने जैसी दिल दहला देने वाली घटनाओं ने सनसनी फैला दी है।जहाँ एक तरफ कनाडा में मशहूर पंजाबी रेडियो होस्ट को ड्रग्स तस्करी में सजा सुनाई गई है, वहीं जालंधर के कृष भगत का मुंबई इंडियंस में सिलेक्शन खेल जगत के लिए एक उत्साहजनक खबर है। इसके अलावा, कपूरथला के एक व्यक्ति की 25 साल बाद घर वापसी और बदली हुई पारिवारिक परिस्थितियों की हैरान करने वाली कहानी भी आज चर्चा का केंद्र बनी हुई है।आइए, विस्तार से जानते हैं पंजाब-चंडीगढ़ की दिनभर की 10 बड़ी खबरें…।

1. AAP सांसद अशोक मित्तल के घर 24 घंटे बाद खत्म : ED की रेडआम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल के 9 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी गुरुवार सुबह खत्म हुई। करीब 24 घंटे तक चली इस जांच में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला गया। विपक्षी दलों और सत्ता पक्ष के बीच इस रेड को लेकर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

2. अमृतसर में 4 बच्चों के पिता की गोलियां मारकर हत्या: अमृतसर के गांव भुल्लर में 33 वर्षीय मनजीत सिंह की 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब वह अपनी गाड़ी में बैठा था। परिजनों ने पुरानी रंजिश और गैंगस्टरों से संबंध होने का आरोप लगाया है।

3. महिला आरक्षण पर CM मान की मांग: पंजाब की सीटें बढ़ाकर 20 करेंमुख्यमंत्री भगवंत मान ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए केंद्र से मांग की है कि यदि देश में कुल सीटें बढ़ती हैं, तो पंजाब की लोकसभा सीटें भी 13 से बढ़ाकर 20 की जानी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे विकास की नहीं, सिर्फ एक-दूसरे की टांग खींचने की बात करते हैं। 4. अमृतपाल को जेल में ही रखने के लिए हाई कोर्ट पहुंची सरकार: पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि अमृतपाल सिंह पर लगा NSA खत्म होने के बाद भी उसे डिब्रूगढ़ जेल (असम) में ही रखा जाए। सरकार ने सुरक्षा कारणों और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उसे पंजाब न लाने की दलील दी है।

5. चंडीगढ़ में छिपा दिल्ली का गैंगस्टर गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस का वांटेड गैंगस्टर विकास दहिया उर्फ सोनू चंडीगढ़ के सेक्टर-38 की एक कोठी में 3 महीने से पहचान बदलकर रह रहा था। पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड के जरिए लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया। वह हत्या के मामले में 9 महीनों से फरार चल रहा था।

6. संगूर में छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचला: संगरूर के गांव बडबर में दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहाँ छोटे भाई ने पैसों और पेड़ के विवाद में अपने बड़े भाई मनजिंदर सिंह के ऊपर 4-5 बार ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी जान ले ली। आरोपी भाई वारदात के बाद से फरार है।

7. जालंधर में ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस में लूट: जालंधर में दो बदमाशों ने एक ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस में घुसकर महिला कर्मी का मुंह दबाया और गल्ले से 1.80 लाख रुपए लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

8. जालंधर के कृष भगत का मुंबई इंडियंस में सिलेक्शन: जालंधर के उभरते खिलाड़ी और मध्यम गति के गेंदबाज कृष भगत को आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने साइन किया है। टीम ने घायल अथर्व अंकोलेकर की जगह कृष को 30 लाख रुपए के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है।

9. कनाडा में पंजाबी रेडियो होस्ट को 5.5 साल की जेल: कनाडा में रहने वाली पंजाबी रेडियो होस्ट सुखविंदर कौर संघा को 83 करोड़ रुपए की ड्रग्स (मेथामफेटामाइन) की तस्करी के मामले में साढ़े 5 साल की सजा सुनाई गई है। वह जालंधर के नकोदर की रहने वाली है और वहां के पंजाबी समुदाय का एक बड़ा चेहरा थी।

10. 25 साल बाद लौटा पति, पत्नी ने देवर से कर ली थी शादी: कपूरथला का हंसा सिंह 25 साल बाद अपने गांव शिव दयालवाला वापस लौटा। घर आकर उसे पता चला कि उसकी पत्नी ने उसके ही छोटे भाई से शादी कर ली है और उसके बच्चे भी हैं। फिलहाल उसके भाई ने उसे अपने साथ रखने और देखरेख करने की बात कही है।

जालंधर में दिन-दहाड़े सनसनीखेज लूट: PNB बैंक में घुसे नकाबपोश लुटेरों ने गनपॉइंट पर कैशियर से लूटा पैसों का बैग; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पंजाब डेस्क: जालंधर के कुक्की टाब के पास बैंक एन्क्लेव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 6 अप्रैल 2026 को दिन-दहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। स्कूटी पर सवार होकर आए दो नकाबपोश लुटेरों ने हथियार के बल पर बैंक से नकदी लूट ली और फरार हो गए।

दोपहर का वक्त: यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है जब बैंक में कामकाज चल रहा था।

गनपॉइंट पर धमकी: स्कूटी पर आए दो लुटेरों में से एक बैंक के बाहर पहरा दे रहा था, जबकि दूसरा अंदर घुसा। उसने कैशियर के पास जाकर सारा कैश देने को कहा। जब कैशियर ने मना किया, तो लुटेरे ने उस पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी।

कैश लेकर फरार: डर के मारे कैशियर ने काउंटर पर रखा पैसों से भरा बैग उसे सौंप दिया। उस समय बैंक में 3-4 ग्राहक भी मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे मुंह ढककर अपनी स्कूटी से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज: पुलिस को इस घटना की सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें आरोपी बैंक से पैसों का बैग लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।

पुलिस की कार्रवाई: सूचना मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बैंक स्टाफ लूटी गई राशि का हिसाब लगा रहा है और आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात कर दी गई हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की खुली चेतावनी: ‘गर्दन काटकर डालेंगे वीडियो’, गुरदासपुर में पुलिसकर्मियों की हत्या पर भड़का गैंग

नेशनल/पंजाब डेस्क : लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए खौफनाक धमकी दी है। इस बार गैंग ने पंजाब के गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या पर भारी नाराजगी जाहिर करते हुए दोषियों और उनका साथ देने वालों को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।

खून का बदला खून’ की धमकी: गैंग के सदस्य हरि बॉक्सर टॉयसन बिश्नोई ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने गुरदासपुर में शहीद हुए एएसआई गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार को ‘देश का काबिल और ईमानदार अफसर’ बताते हुए उनकी हत्या की कड़ा निंदा की है। गैंग ने सीधे तौर पर कहा है कि इन पुलिसकर्मियों की हत्या का बदला खून से लिया जाएगा। पोस्ट में लिखा गया, “तुमने हमारे देश के 2 बेटे शहीद किए हैं, हम अब तुम्हारे 10 करेंगे”।

गद्दारों और गैंगस्टरों को चेतावनी: लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने उन अपराधियों और कथित गैंगस्टरों को भी निशाने पर लिया है जो इन आतंकवादियों का साथ दे रहे हैं। गैंग ने चेतावनी दी है कि जो भी देश की रक्षा करने वाले सैनिकों या प्रशासन की तरफ आंख उठाएगा, उनकी आंखें निकाल दी जाएंगी।

वीडियो डालने का किया दावा: धमकी भरे संदेश में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गैंग ने हत्या का वीडियो साझा करने की बात कही है। पोस्ट में लिखा गया, “अब देश को भी पता चलेगा जब तुम्हारी गर्दन काट कर वीडियो डालेंगे, तैयार रहना”। गैंग ने दावा किया है कि वह ऐसी ‘गंदी मौत’ देगा कि भविष्य में कोई भी भारत माता या उसके बेटों की तरफ देखने की हिम्मत नहीं करेगा। अंत में “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ यह संदेश समाप्त किया गया है।

पंजाब: ‘मेरा पति’ और ‘मेरा घरवाला’ की जंग; एक शख्स के लिए बीच सड़क भिड़ीं दो महिलाएं, बुलानी पड़ी पुलिस

पंजाब डेस्क: पंजाब के जलालाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को अपना पति बताने के दावे को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर हाथापाई (ढिसूम-ढिसूम) हुई, जिसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।

क्या है पूरा विवाद? यह घटना जलालाबाद के गांव ढाणी प्रेम सिंह की है। लुधियाना से आई रीना रानी नाम की एक महिला ने गांव के हरमेश सिंह को अपना पति बताते हुए उसके घर के बाहर डेरा डाल दिया। रीना का दावा है कि हरमेश पिछले कुछ महीनों से उसके साथ लुधियाना में रह रहा था।

रीना के अनुसार, वह तलाकशुदा है और अपने बच्चों को छोड़कर हरमेश के साथ रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि हरमेश उसे अस्पताल में बीमार हालत में छोड़कर गांव भाग आया और उसका फोन उठाना बंद कर दिया। जब वह उसके घर पहुंची, तो वहां मौजूद हरमेश की पत्नी तोशा रानी के साथ उसका विवाद शुरू हो गया।

परिजनों और पुलिस का पक्ष:

तोशा रानी (पत्नी): हरमेश की गांव में रहने वाली पत्नी तोशा रानी ने बताया कि उसका पति लुधियाना में फैक्ट्री में काम करने गया था और उसे दूसरी शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

हरमेश का भाई: हरमेश के फौजी भाई ने स्पष्ट किया कि परिवार ने हरमेश को 2021 में ही घर से बेदखल कर दिया था और उनका उससे कोई लेना-देना नहीं है।

पुलिस कार्रवाई: गांव में तनावपूर्ण स्थिति और हंगामा देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लुधियाना में महिला मजदूर पर सरेआम एसिड अटैक; चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलसीं

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना स्थित दुग्गरी इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक जघन्य घटना सामने आई है। यहाँ एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक ने 40 वर्षीय महिला मजदूर पर सरेआम तेजाब (Acid) फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गई हैं।

पहचान छिपाकर आया हमलावर: पीड़िता की पहचान सावित्री (40) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की रहने वाली है और पिछले कई वर्षों से लुधियाना में मजदूरी कर रही है। घटना दुग्गरी के गुरु ज्ञान विहार इलाके में उस समय हुई जब सावित्री दोपहर के समय खाना खाने की तैयारी कर रही थी। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर पगड़ी बांधी हुई थी और उसके ऊपर हेलमेट भी पहना हुआ था।

आवाज देकर पास बुलाया, फिर फेंका तेजाब: बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले सावित्री को आवाज देकर अपने पास बुलाया। जैसे ही वह उसके करीब पहुंची, युवक ने बोतल में रखा तेजाब सीधे उसके चेहरे पर फेंक दिया और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से फरार हो गया। हमला इतना अचानक था कि पीड़िता को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के वक्त सावित्री अपनी भतीजी निशा के साथ काम कर रही थी। सावित्री के तीन बच्चे हैं और इस घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई : गंभीर हालत में घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर दुग्गरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हनी सेठी गिरफ्तार; डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

लुधियाना/खन्ना: पंजाब के खन्ना जिले के अंतर्गत आते कस्बा दोराहा के मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर नशा करने के आरोप लगे थे, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच के दौरान डोप टेस्ट पॉजिटिव आने से हुई है।

पुलिस कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट : दोराहा थाना के एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि पुलिस को हनी सेठी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें उनके शरीर में नशीले पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

विवादों से रहा है पुराना नाता: हनी सेठी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने बयानों और विभिन्न गतिविधियों के कारण विवादों में घिरे रहते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में काफी चर्चा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ उनकी मुहिम जारी है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

लुधियाना: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात गुर्गा पंकज राजपूत गिरफ्तार; दिल्ली पुलिस ने लुधियाना में मारा छापा

पंजाब डेस्क : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर पंकज राजपूत को लुधियाना के जमालपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। कैटेगरी-बी का यह गैंगस्टर दिल्ली के एक बड़े कारोबारी से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित था।

स्थानीय पुलिस को नहीं लगी भनक: हैरानी की बात यह है कि पंकज पिछले पांच दिनों से लुधियाना के पुनीत नगर में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि पंजाब पुलिस महानगर में ‘ऑपरेशन प्रहार 2’ चला रही थी, दूसरे राज्य की पुलिस आकर इतने बड़े अपराधी को पकड़ ले गई।

अपराधिक इतिहास और विदेशी कनेक्शन: पंकज राजपूत का नाता अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा से सीधा बताया जाता है। उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी जैसे करीब डेढ़ दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं।

अमेरिका फरार हुआ था आरोपी: साल 2023 में जमानत पर बाहर आने के बाद पंकज चकमा देकर अमेरिका भाग गया था।नेटवर्क विस्तार: हाल ही में भारत लौटकर उसने पंजाब में अपना नेटवर्क दोबारा सक्रिय करना शुरू किया था और लुधियाना के दरेसी मैदान के आसपास अपना आधार बना रहा था।

ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में संलिप्तता: पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पंकज का नाम 1 किलो हेरोइन की बरामदगी और जगरांव मुठभेड़ जैसे मामलों से भी जुड़ा हुआ है। साल 2019 में जेल में रहने के दौरान भी उसके पास से मोबाइल मिला था, जिससे पता चलता है कि वह सलाखों के पीछे से भी अपना गिरोह चला रहा था।

अगली कार्रवाई: दिल्ली पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि पंकज की गिरफ्तारी से फिरौती और ड्रग सिंडिकेट से जुड़े कई बड़े नामों और स्थानीय मददगारों का पर्दाफाश हो सकता है। लुधियाना के अलावा संगरूर, फिरोजपुर और बठिंडा पुलिस भी पुराने मामलों में उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है।

तरनतारन लॉ कॉलेज हत्याकांड: हमलावर प्रिंस राज की भी अस्पताल में मौत, छात्रा संदीप कौर की हत्या के बाद खुद को मारी थी गोली

पंजाब डेस्क : पंजाब के तरनतारन जिले के गांव उस्मां स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में 9 फरवरी की सुबह हुई रूह कंपा देने वाली वारदात के आरोपी प्रिंस राज ने भी गुरुवार को दम तोड़ दिया। प्रिंस ने अपनी सहपाठी संदीप कौर (20) के माथे में गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद के सिर में भी गोली मार ली थी। प्रिंस का इलाज पिछले तीन दिनों से अमृतसर के गुरु नानक अस्पताल में चल रहा था, जहाँ आज सुबह उसकी मौत हो गई।

पिता की सर्विस पिस्टल का किया इस्तेमाल: जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार प्रिंस के पिता का था, जो सीआरपीएफ (CRPF) में जवान हैं। प्रिंस के पिता छुट्टी पर घर आए हुए थे और अपनी सर्विस पिस्टल साथ लाए थे। प्रिंस मौका देखकर वह पिस्टल उठा लाया और क्लास में घुसकर संदीप के साथ कुछ सेकंड बहस करने के बाद उस पर फायर कर दिया। यह पूरी घटना कॉलेज के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी।

हत्या की वजह पर दो अलग दावे: इस हत्याकांड के पीछे दो अलग-अलग पक्ष सामने आ रहे हैं:

एकतरफा प्यार: मृतक छात्रा संदीप कौर के परिवार का आरोप है कि प्रिंस उस पर एकतरफा प्यार का दबाव बनाता था और उसे परेशान करता था। संदीप अपनी पढ़ाई और परिवार (7 बहनें और 1 भाई) की जिम्मेदारी पर ध्यान देना चाहती थी। तीन महीने पहले संदीप की मंगनी होने के बाद प्रिंस का पागलपन और बढ़ गया था।

वित्तीय विवाद: कुछ सूत्रों के अनुसार, प्रिंस राज संदीप की पढ़ाई का खर्च उठाता था। जब उसे पता चला कि संदीप की कहीं और मंगनी हो गई है, तो वह गुस्से में आ गया और उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

संदीप कौर का अंतिम संस्कार बीते दिन उसके परिवार द्वारा कर दिया गया था। परिवार ने पहले मांग की थी कि जब तक उन्हें प्रिंस की लाश नहीं दिखाई जाती, वे संस्कार नहीं करेंगे।

पंजाब में दिल दहला देने वाली घटना: तरनतारन में दिनदहाड़े 21 साल के युवक की गोली मारकर हत्या

पंजाब डेस्क: पंजाब के तरनतारन जिले के बाकीपुर गांव में एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक 21 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुरसिंह गांव के रहने वाले राणा सिंह (21) के रूप में हुई है।

हत्या की वजह: मिली जानकारी के मुताबिक, इस खूनी घटना के पीछे की वजह एक लड़की से छेड़छाड़ का मामला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक लड़की से छेड़छाड़ को लेकर लड़कों के दो ग्रुप में झगड़ा हुआ था, जिसके चलते ‘समय’ मिल गया। हालांकि, कुछ समय पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह भी हो गई थी, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। इस मामले की जांच DSP अतुल सोनी की देखरेख में की जा रही है ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जा सके।

होशियारपुर में दिनदहाड़े AAP नेता की हत्या: मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने दुकान में घुसकर कई राउंड फायरिंग

पंजाब डेस्क: होशियारपुर के टांडा उड़मुड़ के गांव मियानी में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब आम आदमी पार्टी (AAP) के एक एक्टिव नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वाले की पहचान 60 साल के बलविंदर सिंह सतकरतार के तौर पर हुई है, जिनकी गांव में हार्डवेयर की दुकान थी।

घटना की जानकारी: यह खूनी घटना शाम करीब 4 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, तीन अनजान हमलावर मोटरसाइकिल पर दुकान से बाहर निकले। एक हमलावर मोटरसाइकिल के पास बाहर ही रहा, जबकि दो नकाबपोश हमलावर दुकान में घुसे और बिना कुछ कहे पिस्टल से करीब सात राउंड फायरिंग की।

एक की मौत, दूसरा घायल: हमलावरों की चलाई गोलियां बलविंदर सिंह के सीने में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में दुकान पर मौजूद उनका दोस्त लखविंदर सिंह भी घायल हो गया। उनके कंधे में गोली लगी और उन्हें तुरंत टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस जांच जारी: घटना की जानकारी मिलते ही टांडा के DSP दविंदर सिंह बाजवा और SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए दुकान और आसपास की सड़कों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

कोई पुरानी दुश्मनी नहीं: बलविंदर सिंह सतकरतार लंबे समय से AAP के कार्यकर्ता थे, हालांकि पार्टी में उनके पास कोई पद नहीं था। हैरानी की बात यह है कि अभी तक उनकी किसी से दुश्मनी, विवाद या धमकी की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है। पुलिस हत्या के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।