ब्रेकिंग न्यूज़
नशा और गैर-कानूनी हथियार तस्करी मॉड्यूल का अमृतसर में पर्दाफाश; 2.1 किलो हेरोइन और सात पिस्तौल सहित एक गिरफ्तार

अमृतसर / सत्ता संदेश

वर्चुअल नंबरों के जरिए अपने विदेशी हैंडलर के संपर्क में था गिरफ्तार आरोपी: डीजीपी गौरव यादव

बरामद पिस्तौल अपराधियों को आगे सप्लाई की जानी थीं: सीपी अमृतसर गुरप्रीत भुल्लर

पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल में सक्रिय एक व्यक्ति को 2.1 किलोग्राम हेरोइन और सात आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान खुश कुमार उर्फ भोलू (26) निवासी गुरवाली गेट, अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा स्नैचिंग के मामले पहले से दर्ज हैं।

बरामद पिस्तौलों में एक 9 एमएम ग्लैडिएटर (तुर्की निर्मित), एक 9 एमएम जिगाना एक्स-शॉट, एक .30 बोर बेरेटा (इटली निर्मित), एक .30 बोर जिगाना (चीन निर्मित), एक .30 बोर (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक .30 बोर (चीन निर्मित) और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी वर्चुअल नंबरों के माध्यम से विदेशी तस्करों के संपर्क में था। उन्होंने कहा कि हेरोइन और हथियारों की अवैध खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी, जिन्हें आरोपी आगे अपराधियों तक पहुंचाता था।

डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि योजनाबद्ध तरीके और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने आरोपी खुश उर्फ भोलू को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ और आगे की जांच के दौरान सात पिस्तौल भी बरामद किए गए।

सीपी ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद पिस्तौल अपराधियों को आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सप्लाई की जानी थीं। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियारों की खेप आगे पहुंचने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 60 दिनांक 12-05-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत पुलिस स्टेशन सी-डिवीजन, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।

Punjab Government ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने के लिए घोषित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोमवार को CT University में श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और दर्शन को समर्पित एक विशेष सेमिनार आयोजित किया।

लुधियान /सत्ता संदेश

सेमिनार को संबोधित करते हुए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने युवाओं से आह्वान किया कि वे श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपनाकर समाज से सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को समाप्त करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, सार्वभौमिक भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया था, लेकिन आज भी शिक्षा और अर्थव्यवस्था सहित कई क्षेत्रों में भेदभाव और असमानता बनी हुई है।

आर्थिक असमानता का उल्लेख करते हुए सिसोदिया ने कहा कि भारत की 140 करोड़ आबादी में से करीब 40 प्रतिशत संपत्ति केवल 1.5 करोड़ लोगों के पास केंद्रित है, जबकि देश की 50 प्रतिशत आबादी के पास केवल 6 प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था को “पूरी तरह जर्जर” बताते हुए युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए व्यापक सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे असमानता और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएं और श्री गुरु रविदास जी के सपनों के समानतावादी समाज के निर्माण में योगदान दें, जहां किसी प्रकार का सामाजिक विभाजन या अन्याय न हो।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि Punjab Government मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पूरे वर्ष ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है ताकि गुरु साहिब के संदेश और दर्शन का प्रचार-प्रसार किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि हर पंजाबी को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर युवाओं के लिए मिस्ड कॉल अभियान (9090029090) भी शुरू किया गया।

इस दौरान पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु साहिब के आदर्शों के अनुरूप समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

संत केवल सिंह ने भी युवाओं से गुरु जी की शिक्षाओं को अपनाने की अपील की और कहा कि 650 वर्ष पहले दिए गए समानता और समान अवसर के संदेश को सभी को अपने जीवन में लागू करना चाहिए।

इस अवसर पर CT University के चांसलर चरणजीत सिंह चन्नी, प्रो-चांसलर डॉ. मनबीर सिंह, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, एसडीएम वेस्ट कुलदीप बावा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

पेट्रोल बम हमले और फायरिंग के मामले का भंडाफोड़, पुलिस ने 4 आरोपी किये गिरफ्तार

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर देहाती पुलिस ने सुधार गांव में सरपंच के घर पर पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सोहेल मीर ने बताया कि 5 मई की रात करीब 11 बजे गांव सुधार के सरपंच के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। इससे पहले सरपंच को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी भरी कॉल्स आ रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने कुलविंदर सिंह, आकाशदीप सिंह कौड़ा, आकाशदीप सिंह बाबा और जगतार सिंह को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उन्हें वीडियो कॉल के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी पहले एक मीट शॉप पर इकट्ठा हुए, जहां उन्होंने पेट्रोल बम और मोटरसाइकिल तैयार की और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यही गिरोह पहले भी उसी गांव में एक अन्य सरपंच के घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दे चुका है।

पुलिस के अनुसार कुछ विदेशी हैंडलरों के पारिवारिक सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई है।

इसके साथ ही सोहेल मीर ने नगर काउंसिल चुनावों को लेकर कहा कि अमृतसर देहाती क्षेत्र में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। करीब 1200 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि चुनाव अमन-शांति के माहौल में संपन्न हो सकें।

युवक ने मारी नहर में छलाँग, वीडियो बना कर की परिवार को शेयर

लुधियान / सत्ता संदेश

लुधियाना के जमालपुर निवासी 42 वर्षीय कारोबारी अमित कुमार अग्रवाल ने साझेदारों द्वारा कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर नीलों पुल से नहर में छलांग लगा दी। मृतक का शव गुरथली गांव के पास, दोराहा के नजदीक बरामद हुआ है।

मृतक के भाई विवेक अग्रवाल के अनुसार, उनके फूफा की मौत के बाद दूसरी पक्ष (मौसी का बेटा गोलू और दीपक गोयल) उनके साझे किराना और प्रॉपर्टी कारोबार पर अवैध कब्जा करना चाहते थे। अमित ने आत्महत्या से पहले दो वीडियो बनाकर परिवार को भेजे थे, जिनमें उसने अपनी मानसिक प्रताड़ना का दुख जाहिर किया था।

समराला पुलिस के अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत और वीडियो सबूत के आधार पर दीपक गोयल और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वीडियो अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

समराला में आवारा कुत्तों का कहर, 5 साल के मा:सूम पर बेरहमी से हमलाप्राइवेट पार्ट पर आईं गंभीर चोट, इलाके के लोगों में दहशत का माहौल

लुधियान / सत्ता संदेश

समराला के बौंदल रोड इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। देर रात एक दर्दनाक घटना में पांच साल के मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह बच्चा अपने परिवार के साथ खेतों के पास रह रहा था और पीने का पानी भरने के लिए बाहर गया हुआ था। उसी दौरान वहां घूम रहे कुछ आवारा कुत्तों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले में बच्चे को शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, वहीं कुत्तों ने उसके प्राइवेट पार्ट को भी बुरी तरह से काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत समराला के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया और बताया कि बच्चा अब खतरे से बाहर है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की उम्र करीब पांच साल है और वह बौंदल रोड का रहने वाला है। निजी अंग पर लगी चोटों का भी सफलतापूर्वक इलाज कर दिया गया है और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। समराला से परमिंदर वर्मा की रिपोर्ट

नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, लुधियाना में MLA ने मौके पर की कार्रवाई

लुधियान / सत्ता संदेश

लुधियाना के चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-32 की मेन मार्केट के पीछे उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों का एक समूह कथित रूप से नशा करते हुए पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, ये युवक इलाके में छिपकर नशे का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान विधायक दलजीत सिंह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ वहां से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर इन युवकों पर पड़ी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक और उनके सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और युवकों का पीछा किया। खुद को घिरता देख युवक मौके से भागने लगे और इधर-उधर छिपने की कोशिश करने लगे। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को काबू कर लिया।
इसके बाद मौके पर ही युवकों से पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि सभी युवक अच्छे परिवारों से संबंध रखते हैं और कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। इस खुलासे के बाद विधायक ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में नशे से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए, बिना किसी कानूनी कार्रवाई के सभी युवकों को छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर एक बार फिर चिंता जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। लुधियाना से दिनेश राजपूत की रिपोर्ट

आग लगने से गरीब मजदूरों की 30 से अधिक झुग्गियां जलकर राखन सिर पर छत बची, न खाने को अनाज और न पहनने को कपड़े

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

माछीवाड़ा साहिब के नजदीकी गांव सहजो माजरा में आज दोपहर एक भीषण आग लगने से गरीब मजदूरों की करीब 30 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गईं। जानकारी के अनुसार, गांव के पास बड़ी संख्या में मजदूर अपने परिवारों सहित झुग्गियों में रह रहे थे। अचानक एक झुग्गी से आग की लपटें उठीं, जो देखते ही देखते अन्य झुग्गियों तक फैल गईं। घटना के समय झुग्गियों में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जबकि पुरुष मजदूरी के लिए खेतों में गए हुए थे। परिवारों ने पहले अपने बच्चों और जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही डीएसपी समराला प्रीतपाल सिंह और सहायक थाना प्रभारी सोहन सिंह मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
आग में मजदूरों का सारा सामान—अनाज, बर्तन, पंखे, बच्चों की किताबें, साइकिल, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और जमा की गई नकदी—सब जल गया। अब पीड़ित परिवारों के पास न रहने को छत बची है, न खाने-पीने का सामान। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की सूची तैयार की, जिसमें गणेश, ऋषिदेव, वासु, बिलास, पंकज, सीता देवी, किरतानंद, अवध चौधरी, शिवा, मुकेश, मनकी, सुनील, मीना, रुपेश, सुज्जू और तूफान समेत कई नाम शामिल हैं। गांव के सरपंच जसवीर सिंह ने बताया कि ये मजदूर बाहरी राज्यों से आकर यहां वर्षों से रह रहे हैं और खेती में काम करके अपना जीवन यापन करते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए।

विकास कार्यों में बाधा पर सदरौर में हंगामा, सरपंच के समर्थन में उमड़ा जनसमर्थन

राजपुरा के गांव सदरौर में सरपंच द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में कुछ लोगों द्वारा रुकावट डालने का मामला सामने आया है। इसको लेकर सरपंच चरणजीत सिंह और बड़ी संख्या में गांववासियों ने एकजुट होकर पत्रकारों के सामने अपनी बात रखी। गांववासियों ने कहा कि गांव के विकास के लिए सरपंच सही दिशा में काम कर रहे हैं। उनके प्रयासों से गांव में गलियों और नालियों का निर्माण, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य तेजी से चल रहे हैं। ग्रामीणों ने सरपंच के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों में बाधा डालने वाले लोग गांव के हित में नहीं हैं। सरपंच चरणजीत सिंह ने कहा कि वे गांव के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और किसी भी तरह की रुकावट के बावजूद विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने गांववासियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया। इस मौके पर मौजूद पंचायत सदस्यों और गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने भी सरपंच के कार्यों का समर्थन किया और प्रशासन से मांग की कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नगर काउंसिल टांडा के सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।

टांडा/ सत्ता संदेश

मुलाजिम एक्शन कमेटी पंजाब के आह्वान पर नगर काउंसिल टांडा के सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखी गई है। आज कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।

इस मौके पर संबोधित करते हुए कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले पार्टी नेताओं और मुख्यमंत्री द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के वादे किए गए थे, लेकिन साढ़े चार साल बीत जाने के बावजूद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक टांडा शहर में यह हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी।

नगर काउंसिल के सफाई कर्मचारियों ने नगर काउंसिल के गेट पर पुतला टांगकर विरोध प्रदर्शन किया और शहर में रोष मार्च निकाला। इस दौरान किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने भी उनका समर्थन किया।

धरने के दौरान संगठन से जुड़े कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न ट्रेडों के मजदूर भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस प्रदर्शन को उस समय और बल मिला जब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के जिला प्रधान परमजीत सिंह भुल्ला बाठ अपने साथियों सहित कर्मचारियों के समर्थन में धरने पर पहुंचे और हर तरह के सहयोग का ऐलान किया। इस मौके पर परमजीत सिंह भुल्ला बाठ ने सफाई कर्मचारियों को संगठित रहने की अपील करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

इस अवसर पर कर्मचारियों और समर्थकों द्वारा शहर में रोष मार्च भी निकाला गया। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों को तुरंत पूरा करे और कर्मचारियों की मांगों को मानकर उनका समाधान करे।

इस मौके पर प्रधान माया, चेयरमैन जसपाल बाई, सकरमैन जतिंदर हंस के अलावा काला, नीरज भट्टी, जसपाल, मणि, मंजू, पांडी, बिपन, विजय, नीरज मट्टू, गुलशन, दीपक हंस, अभिनाश हंस, रानी, भोली परवीन, लखविंदर कौर, ममता, परमजीत पम्मा, करण, अभिनाश, अमरजीत, शेखर, संदीप, रेनू, शीतल कुमार, निशान बंटी, रोकी, विजय, पप्पू, राधा रानी, रमन, बृज, जानवी, पूनम, पिंकी, रजनी, नवनीत, परमजीत सिंह, रवि पाल तथा किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

खालसा कॉलेज अमृतसर में बिहारी और कश्मीरी छात्रों के बीच झगड़ा, तनाव का माहौल

अमृतसर/ सत्ता संदेश

देर रात हॉस्टल में हुई कहासुनी ने हिंसक रूप धारण किया

बिहार के छात्रों ने वार्डन और कुछ शिक्षकों पर लगाए गंभीर आरोप

कश्मीरी और बिहारी छात्रों के बीच पुराने विवाद की बात भी आई सामने

Khalsa Engineering College के रणजीत एवेन्यू स्थित कैंपस में देर रात छात्रों के बीच हुए झगड़े ने कॉलेज का माहौल तनावपूर्ण बना दिया। जानकारी के अनुसार बिहार और कश्मीर से संबंधित छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। इस घटना में कुछ छात्रों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और कॉलेज प्रशासन दोनों जांच में जुटे हुए हैं।

मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार के एक छात्र ने बताया कि वह खालसा कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। उसने आरोप लगाया कि हॉस्टल में पहले एक छात्र के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। बिहार के छात्रों ने कहा कि कुछ कश्मीरी छात्रों ने पत्थरों और अन्य चीजों से बिहार के छात्रों पर हमला किया। उसका दावा है कि इस दौरान कुछ शिक्षक और वार्डन भी मौजूद थे, जिन पर छात्रों ने नशे की हालत में होने के आरोप लगाए हैं।

छात्रों का कहना है कि कुछ बच्चों को कमरों में बुलाकर थप्पड़ मारे गए और उनके साथ बदसलूकी की गई। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। बिहार के छात्रों ने मांग की है कि जिन वार्डनों और छात्रों का इस घटना में नाम सामने आया है, उन्हें तुरंत निलंबित कर कॉलेज से बाहर निकाला जाए।

छात्रों ने यह भी कहा कि इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं और हर बार उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हॉस्टल में छात्रों के साथ धर्म और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव किया जाता है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन उन्हें पूरी सुरक्षा नहीं दे रहा, जबकि वे चार साल की फीस भरकर यहां पढ़ाई करने आए हैं।

दूसरी ओर, इस मामले को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए Jagjit Singh Walia ने कहा कि खालसा इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों के बीच किसी मुद्दे को लेकर झगड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था की कोई समस्या पैदा न हो। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने भी एक आंतरिक जांच समिति बनाई है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी ने कहा कि अभी तक किसी बड़ी चोट या हथियार इस्तेमाल होने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जो भी सबूत और तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर ही पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों और मीडिया से अपील की कि इस मामले को धर्म या किसी राज्य से जोड़कर न देखा जाए और अफवाहों से बचा जाए।

फिलहाल कॉलेज कैंपस में माहौल शांत बताया जा रहा है, लेकिन छात्रों और अभिभावकों में घटना को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस और कॉलेज प्रशासन की जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं।