ब्रेकिंग न्यूज़
सोनीपत में लोहे की रॉड से तिहरा हत्याकांड, दंपति समेत तीन लोगों की हत्या

सोनीपत / सत्ता संदेश

हरियाणा के कुंडली क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर दंपति और एक अन्य महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ब्रह्मप्रकाश के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने रविवार देर रात तीनों पीड़ितों पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह हमला बेहद क्रूर और सुनियोजित बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतकों में एक पति-पत्नी और एक अन्य महिला शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती स्तर पर आपसी विवाद या व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी ठोस वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

मामले के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

अमृतसर के अनगढ़ इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके के मामले में नई अपडेट

घर में धमाके के बाद एक महिला की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसी

घर के अंदर बनाए जा रहे थे गैरकानूनी पटाखे, पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने वीडियो जारी कर किया बड़ा खुलासा

अमृतसर के अनगढ़ धमाका मामले में पुलिस का एक्शन, कहा — अवैध पटाखे बनाने वालों को नहीं किया जाएगा बख्शा

अमृतसर के अनगढ़ इलाके में एक घर के अंदर हुए भीषण धमाके और आग लगने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हादसे में दो महिलाएं बुरी तरह झुलस गई थीं, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दूसरी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सुबह करीब 11:45 बजे पुलिस को अनगढ़ इलाके में स्थित अशोक कुमार के घर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एसएचओ मनजीत सिंह, एसीपी सुरिंदर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि घर के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने और स्टोर करने का काम किया जा रहा था। इन गैरकानूनी फायरक्रैकर्स के कारण अचानक आग भड़क गई और जोरदार धमाका हुआ। हादसे में सुमनप्रीत नामक महिला की मौत हो गई, जबकि गुरप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

भुल्लर ने कहा कि पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनगढ़ इलाके में गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने या स्टोर करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग इस घटना को दूसरा रूप देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन असली कारण अवैध पटाखों के कारण लगी आग ही थी। उन्होंने कहा कि पटाखों के धमाकों की वजह से तेज आवाज आई थी और इसी कारण यह हादसा हुआ।

गौरतलब है कि सुबह हादसे के बाद पुलिस ने पहले घर के अंदर पटाखे होने की पुष्टि नहीं की थी, लेकिन अब पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने खुद वीडियो जारी कर साफ कर दिया है कि घर के अंदर गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाए और रखे जा रहे थे, जिसके कारण यह भीषण आग और धमाका हुआ।

बाइट: गुरप्रीत सिंह भुल्लर, पुलिस कमिश्नर, अमृतसर

पंजाब: ‘मेरा पति’ और ‘मेरा घरवाला’ की जंग; एक शख्स के लिए बीच सड़क भिड़ीं दो महिलाएं, बुलानी पड़ी पुलिस

पंजाब डेस्क: पंजाब के जलालाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को अपना पति बताने के दावे को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर हाथापाई (ढिसूम-ढिसूम) हुई, जिसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।

क्या है पूरा विवाद? यह घटना जलालाबाद के गांव ढाणी प्रेम सिंह की है। लुधियाना से आई रीना रानी नाम की एक महिला ने गांव के हरमेश सिंह को अपना पति बताते हुए उसके घर के बाहर डेरा डाल दिया। रीना का दावा है कि हरमेश पिछले कुछ महीनों से उसके साथ लुधियाना में रह रहा था।

रीना के अनुसार, वह तलाकशुदा है और अपने बच्चों को छोड़कर हरमेश के साथ रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि हरमेश उसे अस्पताल में बीमार हालत में छोड़कर गांव भाग आया और उसका फोन उठाना बंद कर दिया। जब वह उसके घर पहुंची, तो वहां मौजूद हरमेश की पत्नी तोशा रानी के साथ उसका विवाद शुरू हो गया।

परिजनों और पुलिस का पक्ष:

तोशा रानी (पत्नी): हरमेश की गांव में रहने वाली पत्नी तोशा रानी ने बताया कि उसका पति लुधियाना में फैक्ट्री में काम करने गया था और उसे दूसरी शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

हरमेश का भाई: हरमेश के फौजी भाई ने स्पष्ट किया कि परिवार ने हरमेश को 2021 में ही घर से बेदखल कर दिया था और उनका उससे कोई लेना-देना नहीं है।

पुलिस कार्रवाई: गांव में तनावपूर्ण स्थिति और हंगामा देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लुधियाना: यूनिवर्सिटी में दर्दनाक हादसा, दूसरी मंजिल की रेलिंग से गिरकर छात्रा की मौत, लिफ्ट का कर रही थी इंतज़ार

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं में स्थित सीटी यूनिवर्सिटी (CT University) में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक छात्रा की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरी यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा : मृतक छात्रा की पहचान शबनम खातून के रूप में हुई है, जो लुधियाना की रहने वाली थी और यूनिवर्सिटी में बीबीए (BBA) प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, शबनम अपनी सहेलियों के साथ दूसरी मंजिल पर लिफ्ट का इंतज़ार कर रही थी।

इंतज़ार के दौरान वह लिफ्ट के पास वाली सीढ़ियों की स्टील रेलिंग पर बैठी थी। जैसे ही लिफ्ट आई, छात्रा ने अपना संतुलन खो दिया और वह अपनी पीठ के बल पीछे की ओर सीधे बेसमेंट में जा गिरी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम: हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद यूनिवर्सिटी स्टाफ ने उसे तुरंत लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, जख्मों की ताव न सहते हुए उसने दम तोड़ दिया। सदर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस जांच और परिवार का हाल: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और डीएसपी जसविंदर सिंह ढींडसा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।

लुधियाना: शाही इमाम उस्मान पर ईंटों से हमला, दुकान विवाद में 3 पर FIR; आरोपियों की तलाश जारी

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना में जेल रोड स्थित जामा मस्जिद के बाहर पंजाब के शाही इमाम सहित तीन लोगों पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने शाही इमाम, मस्जिद के कार्यालय प्रबंधक मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी और एक अन्य व्यक्ति पर ईंटों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

मरम्मत और दुकानों को लेकर विवाद: इस हिंसक घटना के पीछे मस्जिद परिसर में स्थित व्यावसायिक दुकानों को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। मस्जिद कार्यालय के प्रभारी मोहम्मद मुजाहिद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 1 फरवरी को जब शाही इमाम मस्जिद में चल रहे मरम्मत कार्य की खुद निगरानी कर रहे थे, तब आरोपियों ने वहां पहुँचकर उनके साथ बदसलूकी की और उन पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन दुकानों पर अपना मालिकाना हक जता रहे हैं और मरम्मत कार्य के कारण यह विवाद बढ़ गया।

पुलिस की कार्रवाई और एफआईआर (FIR): डिवीजन नंबर 2 पुलिस स्टेशन ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान ब्राउन रोड निवासी ओबैद-उर-रहमान और उसके दो बेटों, अतीक-उर-रहमान और मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें शामिल हैं:

धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुँचाना।

धारा 126(2): गलत तरीके से रोकना।

धारा 332-सी: घर (परिसर) में जबरन घुसना।

धारा 351(2): आपराधिक धमकी देना।फिलहाल पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

हाथरस: कोर्ट से लौट रहे आर्मी जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने कार पर बरसाईं गोलियां

नेशनल डेक : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने एक आर्मी जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास हुई।

हमले का तरीका और बचाव की कोशिश : मृतक जवान किसी काम से कोर्ट आया हुआ था और वहाँ से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसकी कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से बचने के लिए जवान कार से उतरकर कोल्ड स्टोरेज की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे गोली मार दी। गोली लगने के कारण जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच: घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस, एसओजी (SOG) टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी दुश्मनी या सुनियोजित हमले की आशंका जता रही है।

इलाके में तनाव और पांच टीमों का गठन: आर्मी जवान की हत्या से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है। मृतक के परिजनों का बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सोलापुर-पुणे हाईवे पर भयानक हादसा: बेकाबू कार पेड़ से टकराई, 5 श्रद्धालुओं की मौत, एक महिला घायल

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के सोलापुर में एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां एक बेकाबू कार के पेड़ से टकराने से पांच लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग देवदर्शन (धार्मिक दर्शन) के लिए पनवल से अक्कलकोट जा रहे थे।

आधी रात का हादसा: यह हादसा सोलापुर-पुणे नेशनल हाईवे पर मोहोल के पास देवदरी पाटी में हुआ। जानकारी के मुताबिक, शनिवार-रविवार की रात करीब 12 बजे कार के ड्राइवर ने तेज रफ्तार गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया, जिससे कार सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

एक महिला गंभीर रूप से घायल: इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई है और मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

उदयपुर में भी बड़ा हादसा: सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह राजस्थान के उदयपुर में एक और हादसा हुआ, जहां पुराने अहमदाबाद हाईवे पर दो कारों की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।