ब्रेकिंग न्यूज़
तमिलनाडु: बिजली का झटका लगने से हाथी की मौत

ईरोड (तमिलनाडु), छह मार्च (भाषा) तमिलनाडु के ईरोड जिला स्थित सत्यमंगलम बाघ अभयारण्य (एसटीआर) में करंट लग जाने से एक नर हाथी की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, वन कर्मियों की एक टीम ने बृहस्पतिवार को एसटीआर के कदंबूर वन रेंज के भीतर कडागनल्ली वन गांव में एक निजी क्षेत्र का दौरा किया और वहां एक नर हाथी को मृत पाया।

मौके पर बुलाई गई वन विभाग की पशु चिकित्सा टीम ने करंट लग जाने से हाथी की मौत होने की पुष्टि की।

घटना को देखते हुए और पशु चिकित्सक के बयान को दर्ज करते हुए वन कर्मियों तथा कदंबूर पुलिस ने जमीन के मालिक पुट्टुसामी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

अधिकारियों ने बताया कि पुट्टुसामी ने अपनी ज़मीन पर मक्के की फसल उगाई थी और जानवरों को वहां घुसने से रोकने के लिए तार की बाड़ लगाई तथा अवैध रूप से उसमें बिजली का कनेक्शन भी लगवा दिया।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को वहां पहुंचा हाथी बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे करंट लग जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

भारत के पास हर नंबर पर बेहतरीन बल्लेबाज, बुमराह इस समय सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं: ब्रूक

मुंबई, छह मार्च (भाषा) इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक ने जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ करते हुए भारत के इस तेज गेंदबाज को ‘वर्तमान समय का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ करार दिया।

बुमराह ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल के आखिरी ओवरों में सटीक यॉर्करों की बौछार से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को हतप्रभ कर दिया। भारत ने यह मैच सात रन से जीता।

मौजूदा चैंपियन भारत ने संजू सैमसन की 42 गेंदों में खेली गई शानदार 89 रन की पारी की बदौलत सात विकेट पर 253 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड ने सात विकेट पर 246 रन बनाए।

ब्रूक ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘उनको हराना आसान नहीं है। उनके पास हर नंबर पर बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। उनके पास कुछ बेहद अच्छे बल्लेबाज हैं और वे सटीक शॉट लगाते हैं। अगर आप थोड़ा सा भी चूक जाते हैं, तो छक्का या चौका लग जाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से हमने उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जितना हम कर सकते थे और कुछ कैच छूटने से हमें थोड़ा नुकसान हुआ।’’

भारतीय पारी के तीसरे ओवर में ब्रुक ने तब सैमसन का आसान कैच छोड़ दिया, जब वह 15 रन पर थे। इसकी इंग्लैंड को भारी कीमत चुकानी पड़ी। इंग्लैंड ने हालांकि आखिर तक हार नहीं मानी। एक समय उसे 18 गेंद पर 45 रन की जरूरत थी और जैकब बेथेल (105) क्रीज पर थे।

लेकिन बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 18वें ओवर में केवल छह रन दिए और अपनी सटीक यॉर्कर की जिससे इंग्लैंड के सामने अंतिम दो ओवरों में 39 रन बनाने का असंभव लक्ष्य आ गया।

ब्रुक ने बुमराह के बारे में कहा, ‘‘वह बहुत अच्छा गेंदबाज है, शायद इस समय का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज है। वह लंबे समय से बहुत अच्छा गेंदबाज रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा भारतीयों ने भी शानदार फील्डिंग की, अक्षर पटेल का वह कैच (जिससे ब्रूक आउट हो गए थे) निश्चित रूप से मैंने जितनी भी कैच देखे हैं उनमें से सर्वश्रेष्ठ कैच में से एक था। इसके लिए उनकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है।’’

ब्रूक ने कहा कि इंग्लैंड का प्रदर्शन शानदार रहा और वह अपने इस अभियान पर गर्व कर सकता हूं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे निराशा है कि हम फाइनल में नहीं पहुंच पाए लेकिन मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व है। सच कहूं तो एक कप्तान के रूप में मैं इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं कर सकता था। मुझे लगता है कि हमारा अभियान शानदार रहा है।’’

इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ‘‘‘जैसा कि मैंने कुछ दिन पहले कहा था, हम कभी भी मुकाबले से बाहर नहीं होते और आज रात (गुरुवार) यह फिर से साबित हो गया। हम आखिरी ओवर तक मुकाबले में बने रहे। मुझे अपने खिलाड़ियों पर बेहद गर्व है और सभी खिलाड़ियों को भी खुद पर बेहद गर्व होना चाहिए।’’

ब्रुक ने 22 वर्षीय बेथेल की जमकर प्रशंसा की, जिनके शतक ने इंग्लैंड को भविष्य के लिए बहुत उम्मीदें जगाईं।

उन्होंने कहा, ‘‘वह एक असाधारण खिलाड़ी है। जैसा कि हमने आज भारत के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर दबाव वाली स्थिति में भी उसके प्रदर्शन को देखा। जिस तरह से उसने वह पारी खेली, वह वाकई असाधारण थी। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में मुझे उसके साथ काफी समय बिताने का मौका मिलेगा।’’

ईरान पर हमलों को रोकने के लिए युद्ध शक्तियों से संबंधित प्रस्ताव अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में खारिज

वाशिंगटन, छह मार्च (एपी) अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ईरान पर किए जा रहे हमलों को रोकने के लिए लाए गए युद्ध शक्तियों से संबंधित प्रस्ताव को बृहस्पतिवार को बहुत कम अंतर से खारिज कर दिया।

मतों का यह अंतर संसद के भीतर बढ़ती असहजता का शुरुआती संकेत माना जा रहा है, क्योंकि तेजी से फैल रहा इस युद्ध का दायरा अमेरिका की घरेलू और वैश्विक प्राथमिकताओं को बदल रहा है।

पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा प्रस्ताव है जो असफल हुआ है। इससे पहले सीनेट ने ऐसे ही एक प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। सांसदों के सामने जान-माल के नुकसान, भारी खर्च और अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों की परीक्षा समेत युद्ध के कारण पैदा हुई स्थिति से चिंतित अमेरिकी जनता का प्रतिनिधित्व करने की चुनौती है।

प्रतिनिधि सभा में यह प्रस्ताव 212 के मुकाबले 219 मतों से खारिज हो गया। इस नतीजे ने अमेरिका-इजराइल सैन्य अभियान और ट्रंप द्वारा संसद को दरकिनार करने के फैसले के समर्थन और विरोध की स्थिति को स्पष्ट कर दिया। अमेरिकी संविधान के अनुसार युद्ध घोषित करने का अधिकार केवल संसद को है।

सदन की विदेश मामलों की समिति में शीर्ष डेमोक्रेट सांसद ग्रेगोरी मीक्स ने कहा, ‘‘डोनाल्ड ट्रंप कोई राजा नहीं हैं और यदि उन्हें लगता है कि ईरान के साथ युद्ध राष्ट्रीय हित में है तो उन्हें संसद के सामने आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।’’

वहीं, सदन के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने आगाह किया कि जब अमेरिकी सेना पहले से संघर्ष में शामिल है तब राष्ट्रपति की शक्तियों को सीमित करना ‘‘खतरनाक’’ होगा।

रिपब्लिकन पार्टी के अधिकतर नेता ट्रंप के साथ खड़े दिखायी दिए जबकि ज्यादातर डेमोक्रेट इस युद्ध का विरोध कर रहे हैं। कुछ रिपब्लिकन नेताओं का मानना है कि यह संघर्ष नया युद्ध शुरू करने के बजाय ऐसे ईरानी शासन का अंत हो सकता है जो लंबे समय से पश्चिम के लिए खतरा रहा है। इस अभियान में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है, जिससे कुछ लोग वहां शासन परिवर्तन की संभावना देख रहे हैं।

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि यह युद्ध लगभग आठ सप्ताह तक जारी रह सकता है, जो राष्ट्रपति के शुरुआती अनुमान से दोगुना है।

वहीं, ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को नष्ट करना है, जो उसके परमाणु कार्यक्रम की सुरक्षा करती है।

खामेनेई की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन : कश्मीर घाटी में पाबंदियां बढ़ायी गयीं

श्रीनगर, छह मार्च (भाषा) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में कश्मीर घाटी में शुक्रवार दोपहर की नमाज के बाद प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर प्राधिकारियों ने लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध और कड़े कर दिए हैं।

अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में खामेनेई की हत्या के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के कारण घाटी में जनजीवन लगातार छठे दिन भी अस्त-व्यस्त है।

हत्या के विरोध में कश्मीर भर में अचानक प्रदर्शन शुरू होने के बाद सोमवार को ये प्रतिबंध लगाए गए थे।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और धार्मिक नेताओं के साथ बैठक की, ताकि सामान्य स्थिति बहाल की जा सके।

बैठक के बाद अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक के बाद विरोध प्रदर्शन थम गए।

सरकार ने शनिवार तक शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है और मोबाइल इंटरनेट की गति कम कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के जमावड़े को रोकने के लिए सुबह शहर भर में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि शहर में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण चौराहों पर कंटीले तार और अवरोधक लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ये कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लागू किए गए एहतियाती उपाय हैं।

शहर के बीचोंबीच स्थित लाल चौक का ऐतिहासिक घंटा घर प्रतिबंधित क्षेत्र बना हुआ है। रविवार देर रात अधिकारियों ने चारों ओर अवरोधक लगाकर इलाके को सील कर दिया।

खामेनेई की हत्या के बाद रविवार को घंटा घर पर हुए व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद इसे सील करने का कदम उठाया गया।

अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद से यह पहली बार है कि कश्मीर में इतने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं।

ईरान के अगले सर्वोच्च नेता की चयन प्रक्रिया में अमेरिका को शामिल किया जाना चाहिए : ट्रंप

दुबई, छह मार्च (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के अगले सर्वोच्चा नेता के चयन की प्रक्रिया में उन्हें शामिल किया जाना चाहिए।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले लगातार जारी हैं तथा इन हमलों के जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में इजराइल एवं अमेरिकी ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं।

ट्रंप ने कहा कि ईरान पर हमलों में मारे गए अयातुल्ला अली खामेनेई के स्थान पर उनके बेटे मोजतबा खामेनेई का सर्वोच्च नेता के तौर पर चयन ‘‘अस्वीकार्य’’ होगा।

अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ से बातचीत के दौरान की गई ट्रंप की यह टिप्पणी सवाल खड़ा करती है कि क्या अमेरिका और इजराइल ईरान के इस्लामी गणराज्य को उखाड़ फेंकना चाहते हैं या केवल उसकी नीतियों में बदलाव चाहते हैं। यह संघर्ष अनिश्चितकाल के लिए लंबा खिंचता नजर आ रहा है।

इस युद्ध का असर पश्चिम एशिया तथा उससे बाहर के 14 देशों पर पड़ा है।

अजरबैजान ने ईरान पर ड्रोन हमले करने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था जिसे तेहरान ने खारिज कर दिया।

ईरान ने बृहस्पतिवार सुबह इजराइल और अमेरिका के कई अड्डों पर नये सिरे से हमले किए और धमकी दी कि हिंद महासागर में ईरान के एक युद्धपोत को टॉरपीडो के हमले से डुबोने के लिए अमेरिका को बहुत पछताना पड़ेगा।

ईरान समर्थक हिजबुल्ला लड़ाकों के साथ संघर्ष बढ़ने के बीच इजराइल ने चेतावनी जारी कर बेरूत के दक्षिणी उपनगरों के लिए बड़े पैमाने पर निकासी का परामर्श जारी किया। संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों ने इजराइली सैनिकों की और टुकड़ियों के सीमा पार जाने के बीच दक्षिणी लेबनान में जमीनी लड़ाई की सूचना दी।

इस बीच, पूरे ईरान में अमेरिका और इजराइल के हमले जारी हैं। उन्होंने ईरान की सैन्य क्षमता, नेतृत्व और परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाया है।

ईरान ने जवाबी हमले करते हुए अरब में अपने पड़ोसियों को निशाना बनाया है। इन हमलों के कारण तेल आपूर्ति बाधित हो गई है और वैश्विक हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई है।

संबंधित देशों के अधिकारियों के अनुसार, इस युद्ध में ईरान में कम से कम 1,230 लोग, लेबनान में 120 से अधिक लोग और इजराइल में लगभग एक दर्जन लोग मारे गए हैं। हमलों में छह अमेरिकी सैनिक भी मारे गए हैं।

शुरुआती कारोबार में रुपया दो पैसे मजबूत होकर 91.62 प्रति डॉलर पर

मुंबई, छह मार्च (भाषा) भारतीय रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 91.62 के स्तर पर था। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच भारतीय रिफाइनरी को रूसी तेल खरीदने के लिए अमेरिका द्वारा 30 दिनों की छूट देने से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी मुद्रा में गिरावट के बावजूद, घरेलू शेयर बाजारों के नकारात्मक रुख और विदेशी कोषों की निकासी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के मद्देनजर अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय रिफाइनरी को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अपने पिछले बंद भाव 91.64 पर खुला और डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 91.62 पर पहुंच गया। पिछले दो सत्रों में 97 पैसे की गिरावट के बाद बृहस्पतिवार को भारतीय रुपया 41 पैसे सुधरकर 91.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.37 प्रतिशत गिरकर 98.94 पर था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.05 प्रतिशत गिरकर 84.51 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

फाइनल में भी मैच विजेता पारी खेलना चाहते हैं शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन

मुंबई, छह मार्च (भाषा) पिछले दो मैच में शानदार पारियां खेलकर भारत को टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भी मैच विजेता पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम चार के मुकाबले में 89 रन की शानदार पारी खेली। सैमसन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने भारत को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में जगह दिलाने में अपना योगदान दिया।

सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सात रन से जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘बहुत अच्छा लग रहा है और यह राहत भरा अहसास है। मैं वास्तव में कुछ वर्षों से अपने देश के लिए ऐसा कुछ करने की कोशिश कर रहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरे धैर्य, कड़े अभ्यास और मानसिक रूप से मजबूत बनकर इंतजार कर रहा था। निश्चित रूप से मुझे खुशी है लेकिन मुझे लगता है कि अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है। हमें अभी एक कदम और आगे बढ़ाना है और अगर हम उसमें सफल रहे तो सब कुछ सार्थक हो जाएगा। एक और मैच विजेता पारी वाकई बहुत अच्छी रहेगी।’’

सैमसन ने सात छक्के और आठ चौके लगाकर केवल 42 गेंदों में 89 रन बनाए जिससे भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी लय बनाए रखने के लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई अपनी 97 रन की नाबाद पारी को श्रेय दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछली पारी ने निश्चित रूप से इस पारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं गेंद को बहुत अच्छी टाइमिंग से हिट कर रहा था और अच्छे निर्णय ले रहा था। मैंने सोचा कि अगर आप फॉर्म में हैं, तो आपको इस मैच में भी अपनी टीम के लिए योगदान देना चाहिए। यह वास्तव में मेरे जीवन के सबसे अच्छे पलों में से एक है।’’

सैमसन ने कहा कि आईपीएल सहित कई टी20 मैच खेलने के अनुभव से वह परिपक्त बन गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं काफी लंबे समय से इस प्रारूप में खेल रहा हूं। मैंने लगभग 300 या 400 (329) टी20 मैच खेले होंगे। मैं पहले नंबर से लेकर छठे नंबर तक खेला हूं। मैंने एक फ्रेंचाइजी की कप्तानी भी की है। इसलिए मैं जानता हूं की टीम को किस समय में किस चीज की जरूरत है और इस स्तर पर मेरी सटीक भूमिका क्या है। इस स्पष्टता से निश्चित रूप से मनचाहे तरीके से रन बनाने में मदद मिलती है।’’

सैमसन ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैच कांटे की टक्कर का था और वे एक ओवर में 13-15 रन बनाने की कोशिश कर रहे थे। हम जानते थे कि अगर हम मैच को अंत तक ले जाते हैं, तो वे हम पर हावी हो सकते हैं, इसलिए हम मैच को थोड़ा जल्दी खत्म करना चाहते थे।’’

सैमसन ने कहा, ‘‘यहीं पर हमने बुमराह, अर्शदीप (सिंह) और हार्दिक (पंड्या) को उन तीन ओवरों (17वें से 19वें) में गेंदबाजी कराई और यह हमारे लिए फायदेमंद साबित हुआ। बुमराह जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं।’’

उन्होंने अपने सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा का भी बचाव किया और कहा कि रन बनाने के लिए जूझ रहा यह बाएं हाथ का बल्लेबाज फाइनल में बड़ी पारी खेलने में सफल रहेगा।

सैमसन ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि फाइनल उसका दिन होगा। मुझे पूरा यकीन है कि वह आखिरी दिन बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’

उन्होंने वरुण चक्रवर्ती का भी बचाव किया जिन्होंने अपने चार ओवर में 64 रन देकर एक विकेट लिया।

सैमसन ने कहा, ‘‘स्पिनर के लिए पावरप्ले में छठा ओवर फेंकना बहुत मुश्किल काम है, क्योंकि विकेट में ज्यादा कुछ नहीं होता और बल्लेबाज लंबे शॉट खेलकर पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वरुण को इस चुनौती को स्वीकार करने, सकारात्मक बने रहने और अपना काम बखूबी करने का श्रेय जाता है।’’

ऑस्कर 2026: प्रियंका चोपड़ा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, रॉबर्ट डाउनी जूनियर के साथ मंच साझा करेंगी ‘देसी गर्ल’

मनोरंजन डेस्क: भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाने के लिए तैयार हैं। उन्हें आगामी 98वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) में एक प्रतिष्ठित प्रस्तुतकर्ता (Presenter) के रूप में चुना गया है। खास बात यह है कि वह ‘आयरन मैन’ फेम रॉबर्ट डाउनी जूनियर के साथ स्टेज साझा करती नजर आएंगी और पुरस्कार प्रदान करेंगी।

हॉलीवुड के दिग्गजों के साथ आएंगी नजर: इस प्रतिष्ठित समारोह के लिए प्रस्तुतकर्ताओं की नवीनतम सूची का खुलासा कार्यकारी निर्माता राज कपूर और केटी मुलान ने किया है। प्रियंका के साथ इस सूची में ऐनी हैथवे, ग्वेनेथ पाल्ट्रो, क्रिस इवांस, एड्रियन ब्रोडी और पॉल मेस्कल जैसे दिग्गज हॉलीवुड सितारों के नाम शामिल हैं। पॉल मेस्कल इस साल अपनी फिल्म ‘हैमनेट’ के लिए चर्चा में हैं, जिसे 8 ऑस्कर नामांकन मिले हैं।

7 साल बाद बॉलीवुड में वापसी: प्रियंका चोपड़ा पिछले 8 सालों से लगातार हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं और आखिरी बार 2019 में भारतीय फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में नजर आई थीं। अब वह जल्द ही दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी, जो भारतीय सिनेमा में उनकी करीब 7 साल बाद वापसी होगी। इस फिल्म को लेकर प्रियंका काफी उत्साहित हैं और हाल ही में उन्होंने एक टॉक शो में इस पर खुलकर बात भी की थी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का ‘महा-रिकॉर्ड’, इंग्लैंड को रोमांचक मैच में हराकर फाइनल में बनाई जगह

स्पोर्टस डेस्क : मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने न केवल फाइनल में प्रवेश किया, बल्कि क्रिकेट जगत के कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं।

भारत ने बनाया विश्व रिकॉर्ड: इस जीत के साथ भारतीय टीम 15वीं बार किसी आईसीसी (ICC) टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है, जो एक विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जो 14 बार फाइनल में पहुंची थी। इसके अलावा, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार होगा कि कोई डिफेंडिंग चैंपियन (भारत) अपनी ट्रॉफी बचाने के लिए फाइनल में उतरेगी।

मैच का लेखा-जोखा:भारत का स्कोर: पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए।

स्टार परफॉर्मर: संजू सैमसन ने 89 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 43 रनों का योगदान दिया।

इंग्लैंड की चुनौती: विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 246 रनों तक ही पहुंच सकी। इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

अब खिताबी मुकाबला: भारतीय टीम अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच खेलेगी। न्यूजीलैंड की टीम 8वीं बार आईसीसी फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है।

भारतीय रिफाइनरियों को बड़ी राहत: अमेरिका ने रूसी तेल खरीदने के लिए दी 30 दिन की अस्थायी छूट

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका ने वैश्विक तेल बाजार में स्थिरता बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने घोषणा की है कि भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद के लिए 30 दिनों की अस्थायी छूट दी जा रही है। यह निर्णय विशेष रूप से उन जहाजों पर लागू होगा जो 5 मार्च 2026 तक समुद्र में फंसे हुए हैं।

छूट के पीछे मुख्य कारण और शर्तें:

वैश्विक आपूर्ति: स्कॉट बेसेंट के अनुसार, यह छूट वैश्विक तेल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए दी गई है।

मध्य पूर्व में तनाव: यह फैसला ऐसे समय में आया है जब ईरान से जुड़े संघर्षों के कारण तेल बाजार में अस्थिरता और आपूर्ति की चिंताएं बढ़ गई हैं।

स्टॉप-गैप उपाय: अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक ‘स्टॉप-गैप’ (अस्थायी) व्यवस्था है। इससे रूस को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं होगा क्योंकि यह केवल पहले से लोड किए गए और फंसे हुए तेल की डिलीवरी को कवर करता है।

ईरान पर दबाव: बेसेंट ने कहा कि यह व्यवस्था ईरान द्वारा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को ‘बंधक’ बनाने की कोशिशों के दबाव को कम करने में मदद करेगी।

भारत पर इसका प्रभाव: इस छूट से IOC, BPCL और HPCL जैसी प्रमुख भारतीय रिफाइनरियां फंसे हुए रूसी क्रूड की खरीद जारी रख सकेंगी। इससे भारतीय बाजार में तेल की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव कम होने और घरेलू ईंधन आपूर्ति सुचारु रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही, अमेरिका ने यह भी उम्मीद जताई है कि भारत भविष्य में अमेरिका से तेल के आयात को बढ़ाएगा।