ब्रेकिंग न्यूज़
तीन दिन से लापता किशोर का शव नहर किनारे झाड़ियों में मिला, हत्या का संदेह

कुशीनगर (उप्र), 30 मार्च (भाषा) कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक किशोर का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर नहर किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या का संदेह जताया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गोपालपुर विरैचा गांव में अपने ननिहाल में रह रहा राजवीर यादव (12) शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे सामान खरीदने दुकान पर गया था और काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला।

उसने बताया कि किशोर के लापता होने पर उसी रात करीब आठ बजे उसके मामा आदित्य की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई और तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर रधिया-देवरिया मार्ग के पास बाजार से लौट रहे कुछ लोगों ने नहर किनारे झाड़ियों में एक शव देखा जिसकी पहचान बाद में राजवीर के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि उसके गले पर काले निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या का संदेह पैदा हो गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से रामकोला के कतरौल निवासी राजवीर के पिता प्रमोद यादव रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में हैं। प्रमोद की पत्नी रीना अपने दोनों बेटों के साथ मायके में रहती है।

विधानसभा सदस्यता से सोमवार को इस्तीफा देने से पहले नितिन नवीन की भावुक अपील

पटना, 30 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने से पहले विधानसभा क्षेत्र की जनता से भावुक अपील की।

दो सप्ताह पहले राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए नवीन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’’

अपने राजनीतिक को याद करते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और 27 अप्रैल 2006 को पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर मैंने सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 20 वर्षों में पिताजी दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार पांच बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया। सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। मैंने अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही निकाला है।’’

नवीन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी ने जब मुझे बिहार सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया, तब मुझे कई अहम फैसलों, नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन करने में सफलता मिली। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद व्यक्त करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने यह हमेशा कहा है कि जनता ने मुझे समस्याएं भी बताई, और उन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मुझे जनता ने हीं दिखाया। कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में और अभिभावक के रूप में उंगली पकड़कर आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि जो परिवार का भाव उन्होंने मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूंगा।’’

नवीन ने कहा, ‘‘पार्टी ने मुझे जो नयी भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूंगा। मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह सदैव बना रहेगा और मुझे हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 के ‘विकसित भारत एवं विकसित बिहार’ बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगा। ’’

अमेरिका में ट्रम्प के खिलाफ ‘नो किंग्स’ महारैली: 80 लाख लोग सड़कों पर उतरे, ईरान युद्ध और महंगाई को लेकर इस्तीफे की मांग

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में ट्रम्प के खिलाफ ‘नो किंग्स’ महारैली: 80 लाख लोग सड़कों पर उतरे, ईरान युद्ध और महंगाई को लेकर इस्तीफे की मांगइंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में शनिवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ ‘नो किंग्स’ मार्च के रूप में एक विशाल जनाक्रोश देखने को मिला, जिसमें लगभग 80 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रदर्शन अमेरिका के सभी 50 राज्यों में 3,300 से ज्यादा जगहों पर आयोजित किया गया। आयोजकों का दावा है कि पिछले साल अक्टूबर में हुए प्रदर्शनों की तुलना में इस बार 10 लाख अधिक लोग शामिल हुए हैं।

प्रदर्शन के मुख्य कारण और मांगें : प्रदर्शनकारी ट्रम्प सरकार की कई नीतियों, विशेष रूप से ईरान के साथ बढ़ते युद्ध के तनाव, सख्त इमिग्रेशन कार्रवाई और आसमान छूती महंगाई से बेहद नाराज हैं। कई शहरों में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को पद से हटाने की मांग करते हुए पोस्टर लहराए। ट्रम्प के खिलाफ यह अब तक का तीसरा बड़ा राष्ट्रीय प्रदर्शन है।

न्यूयॉर्क और वॉशिंगटन: न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर और मैनहट्टन में बड़ी भीड़ जुटी, जबकि वॉशिंगटन डीसी में लोगों ने ट्रम्प का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।लॉस एंजिलिस और पोर्टलैंड: लॉस एंजिलिस में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें कई गिरफ्तारियां की गईं। वहीं, पोर्टलैंड में प्रदर्शनकारियों ने इमिग्रेशन एजेंसी (ICE) के दफ्तर के बाहर अमेरिकी झंडा जला दिया।

सैन फ्रांसिस्को: यहाँ समुद्र तट पर लोगों ने एक विशाल ‘मानव बैनर’ बनाया, जिस पर लिखा था- ‘ट्रम्प मस्ट गो नाउ’।

सेलिब्रिटीज और दिग्गज नेताओं का समर्थन : इस आंदोलन को कई बड़े नामों का समर्थन मिला है। डेमोक्रेट नेता बर्नी सैंडर्स और सांसद इल्हान उमर ने रैलियों को संबोधित करते हुए ट्रम्प पर अमेरिका को असंवैधानिक युद्ध में धकेलने का आरोप लगाया। इसके अलावा, मशहूर सिंगर ब्रूस स्प्रिंग्सटीन, मैगी रोजर्स और जोन बेज ने भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में परफॉर्म किया।

दुनिया भर में गूंज और व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया : ट्रम्प के खिलाफ यह नाराजगी सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रही; पेरिस, लंदन, रोम और एथेंस जैसे अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए। दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने इन प्रदर्शनों को महज एक ‘थेरेपी सेशन’ करार देते हुए खारिज कर दिया और कहा कि आम जनता को इससे फर्क नहीं पड़ता। ट्रम्प ने स्वयं इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके फैसले देश को मजबूत बनाने के लिए हैं।

IPL 2026: मुंबई इंडियंस ने 13 साल बाद जीत के साथ किया आगाज, अब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रचेंगे इतिहास?

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, जहाँ एक तरफ मुंबई इंडियंस (MI) ने बरसों पुराना सूखा खत्म किया है, वहीं दूसरी ओर एक युवा खिलाड़ी बड़ा रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर खड़ा है।

मुंबई इंडियंस की ऐतिहासिक जीत और रिकॉर्ड : रनचेज मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर नए सीजन की शुरुआत की है। इस जीत के साथ ही मुंबई ने पिछले 13 सीजन से चली आ रही पहले मैच में हार की ‘खराब आदत’ को तोड़ दिया है। साल 2012 के बाद यह पहला मौका है जब मुंबई ने सीजन का अपना पहला मैच जीता हो।वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों की मदद से 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा (78) और रायन रिकल्टन (81) की 148 रनों की तूफानी साझेदारी की बदौलत 221 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह मुंबई इंडियंस के आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रनचेज भी है।

वैभव सूर्यवंशी के 300 रनों पर टिकी नजरें : विराट कोहली और रोहित शर्मा के जलवे के बाद अब सबकी नजरें राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले अगले मुकाबले में वैभव एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। वे आईपीएल में अपने 300 रन पूरे करने से महज 48 रन दूर हैं।

बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने अब तक 7 पारियों में 252 रन बनाए हैं। चेन्नई के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी गवाही दे रहा है; उन्होंने आईपीएल 2025 में CSK के विरुद्ध 33 गेंदों में 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। वैभव ने पहले ही साफ कर दिया है कि इस सीजन में उनका इरादा कुछ अलग करने का है, जिसकी शुरुआत वे इस जादुई आंकड़े को छूकर कर सकते हैं।

कुछ “मौकापरस्त” केवल वही दोहरा रहे हैं जो मैंने हलवारा हवाई अड्डे के बारे में सार्वजनिक किया: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा

– संजीव अरोड़ा के लगातार प्रयासों के कारण लगभग 30 वर्षों की देरी के बाद हलवारा हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू हुईं
–
चंडीगढ़ /लुधियाना, 29 मार्च (000) – हलवारा हवाई अड्डे के विकास और प्रगति को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा दिया गया हालिया बयान भ्रामक और जमीनी हकीकत से कोसों दूर है।

यह उल्लेखनीय है कि 26 मार्च को लुधियाना में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि हलवारा के लिए उड़ानों की बुकिंग अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “यही बात आज कैबिनेट मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने तीन दिन बाद दोहराई है। कुछ ‘मौकापरस्त’ केवल वही दोहरा रहे हैं जो मैं पहले ही सार्वजनिक कर चुका हूं।”

यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूर्व राज्यसभा सांसद और वर्तमान पंजाब कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के निरंतर, समर्पित और बहु-स्तरीय प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने वर्षों तक इस मुद्दे को लगातार आगे बढ़ाया।

यह परियोजना कैबिनेट मंत्री अरोड़ा की क्षेत्रीय प्रतिबद्धता और पंजाब के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास, विशेषकर लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों को मजबूत करने के प्रति उनकी दृढ़ निष्ठा को दर्शाती है।

मुख्य हस्तक्षेप और उपलब्धियों का कालक्रम

22 नवंबर 2022: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रुकी हुई प्रगति को पुनर्जीवित करने के लिए हस्तक्षेप किया।

11 दिसंबर 2022: निर्माण कार्य फिर से शुरू करने हेतु 50 करोड़ रुपये जारी किए गए।

17 जनवरी 2023: सांसद संजीव अरोड़ा ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से दिल्ली-लुधियाना उड़ानें पुनः शुरू करने की अपील की।

14 अप्रैल 2023: अरोड़ा ने विभिन्न एयरलाइनों को हलवारा से उड़ानें शुरू करने हेतु पत्र लिखा।

7 मई 2023: हवाई अड्डे के शीघ्र पूर्ण होने की मांग की गई।

22 अगस्त 2023: नागरिक उड्डयन सचिव राजीव बंसल से एयरलाइनों को हलवारा से दिल्ली व मुंबई उड़ानें शुरू करने के लिए दबाव बनाने की स्वीकृति प्राप्त हुई।

26 अगस्त 2023: संजीव अरोड़ा ने प्रगति की समीक्षा के लिए हलवारा हवाई अड्डे का दौरा किया।

9 जनवरी 2024: मंत्रालय ने निर्माण प्रगति पर अद्यतन जानकारी दी।

31 जनवरी 2024: अंतरिम टर्मिनल भवन के उद्घाटन का अनुरोध किया गया।

19 जुलाई 2024: संजीव अरोड़ा ने एएआई, पीडब्ल्यूडी और भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के साथ निर्माण की समीक्षा की गई।

13 अगस्त 2024: अरोड़ा जी की टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के साथ उड़ानों को लेकर चर्चा हुई।

29 अगस्त 2024: अरोड़ा जी एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात, जल्द उड़ान शुरू होने का आश्वासन मिला।

3 सितंबर 2024:सांसद श्री अरोड़ा ने नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर कार्य तेज करने की मांग की गई।

21 दिसंबर 2024: एएआई चेयरमैन विपिन कुमार से एयरपोर्ट कोड और संचालन तिथि पर चर्चा हुई।

8 जनवरी 2025: एयर इंडिया ने कमीशनिंग के बाद उड़ान संचालन शुरू करने की बात कही।

10 जनवरी 2025: एयर इंडिया ने हलवारा से उड़ानें संचालित करने पर सहमति दी।

4 फरवरी 2025: हलवारा को एच डबलयू आर एयरपोर्ट कोड प्राप्त हुआ।

19 फरवरी 2025: सांसद अरोड़ा जी द्वारा अंतिम चरण के कार्यों की समीक्षा की गई।

23 मई 2025: मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से टर्मिनल चालू करने का अनुरोध किया।

जून 2025: बुनियादी ढांचा कार्य पूरा हुआ; टर्मिनल की फिनिशिंग भी पूरी हुई।

27 जुलाई 2025: तकनीकी कारणों से उद्घाटन स्थगित हुआ।

2 दिसंबर 2025: राज्यसभा में संचालन तेज करने की मांग उठी।

29 दिसंबर 2025: एयर इंडिया ने सप्ताह में पांच दिन संचालन की मंजूरी दी।

15 जनवरी 2026: अंतिम सुरक्षा ऑडिट पूरा हुआ; बीसीएएस से अनुमति मिली।

28 जनवरी 2026: अंतिम साइट निरीक्षण किया गया।

29 जनवरी 2026: 1 फरवरी को उद्घाटन की पुष्टि; एयर इंडिया ने सात दिन संचालन का अनुरोध किया।

1 फरवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया।

श्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि हलवारा हवाई अड्डे के शुरू होने से क्षेत्रीय हवाई संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, यात्रा समय कम होगा और उद्योग, निर्यात तथा निवेश को बड़ा बढ़ावा मिलेगा—विशेष रूप से लुधियाना जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्र को।

उन्होंने कहा कि उनके निरंतर प्रयास, नीतिगत पहल और नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, एयरलाइंस तथा पंजाब सरकार के साथ बेहतर समन्वय के कारण यह लंबे समय से लंबित परियोजना अंततः सफल हो पाई।

——–

सोनम कपूर के घर दूसरी बार गूंजी किलकारी: बेटे को दिया जन्म, वायु के छोटे भाई के आगमन से कपूर और आहूजा परिवार में जश्न

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। सोनम ने रविवार, 29 मार्च 2026 को अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद खूबसूरत चित्र वाले घोषणा कार्ड के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया।

परिवार में खुशी का माहौल: सोनम कपूर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उनका परिवार बढ़ गया है और वे इस नए जीवन के लिए बेहद धन्य महसूस कर रहे हैं। उनके पहले बेटे वायु, जो अब करीब साढ़े तीन साल के हैं, अपने छोटे भाई के स्वागत के लिए बेहद उत्साहित हैं। इस खास मौके पर बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों जैसे करीना कपूर खान और परिणीति चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कपल को बधाई दी है।

सोनम और आनंद का सफरमुलाकात और शादी: सोनम और आनंद आहूजा की पहली मुलाकात साल 2015 में फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट किया और साल 2018 में शादी के बंधन में बंध गए।

पहली बार मां बनीं: शादी के चार साल बाद, 20 अगस्त 2022 को सोनम ने अपने पहले बेटे ‘वायु’ का स्वागत किया था।

कैरियर: सुपरस्टार अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर ने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दी हैं, हालांकि पिछले कुछ समय से वे काफी चुनिंदा प्रोजेक्ट्स पर ही काम कर रही हैं।

माता-पिता की अनदेखी पड़ेगी भारी: राज्य में नया कानून पास, लापरवाही करने पर सैलरी से कटेगा पैसा

नेशनल डेस्क: तेलंगाना सरकार ने बुजुर्गों के कल्याण और उनकी गरिमा को सुरक्षित करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है। रविवार को तेलंगाना विधानसभा में ‘तेलंगाना कर्मचारी दायित्व और माता-पिता की देखभाल निगरानी बिल, 2026’ को मंजूरी दे दी गई है। यह कानून सामाजिक बदलाव की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

कौन-कौन आएगा इस कानून के दायरे में? इस बिल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका दायरा बहुत व्यापक है। इसमें केवल सरकारी कर्मचारी ही नहीं, बल्कि निम्नलिखित को भी शामिल किया गया है:

-प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारी और अफसर।

-जन प्रतिनिधि जैसे विधायक, MLC, पार्षद, निगम पार्षद और सरपंच।

लापरवाही पर कड़ी सजा का प्रावधान: बिल के अनुसार, जो भी कर्मचारी अपने माता-पिता की उपेक्षा या लापरवाही करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी:

दोषी पाए जाने पर कर्मचारी की कुल सैलरी से 15% या 10,000 रुपये (जो भी कम हो) काट लिए जाएंगे। कटौती की गई यह राशि सीधे उनके माता-पिता के भरण-पोषण के लिए उन्हें दी जाएगी। माता-पिता को अब अपने बच्चों से भरण-पोषण मांगने का कानूनी अधिकार होगा और इसके लिए एक औपचारिक शिकायत तंत्र भी बनाया गया है।

बुजुर्गों को मिलेंगे ये अधिकार: यह कानून केवल वित्तीय मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवा, आवास और वित्तीय सुरक्षा जैसे जरूरी पहलुओं को सुनिश्चित करने में बच्चों की जवाबदेही तय करता है।

समाज कल्याण मंत्री अड्लूरी लक्ष्मण कुमार ने बिल पेश करते हुए कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में पारंपरिक पारिवारिक मूल्यों की रक्षा के लिए इन जिम्मेदारियों को कानूनी सहारा देना अनिवार्य हो गया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के मार्गदर्शन में तैयार इस कानून के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एक समर्पित निगरानी तंत्र और शिकायत निवारण प्रणाली स्थापित की जाएगी।

नीतीश कुमार और नितिन नवीन का इस्तीफा: अब राज्यसभा में शुरू करेंगे नई पारी, ‘सुशासन बाबू’ ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड

नेशनल डेस्क: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद (MLC) और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधानसभा सदस्यता (MLA) से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा 16 मार्च 2026 को उनके राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद आया है।

संवैधानिक मजबूरी और नया सफर: संवैधानिक नियमों के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति केवल 14 दिनों तक ही दो सदनों का सदस्य रह सकता है। चूंकि दोनों नेता 16 मार्च को निर्वाचित हुए थे, इसलिए 30 मार्च यानी आज उन्हें एक सदन से इस्तीफा देना अनिवार्य था। अब ये दोनों नेता उच्च सदन (राज्यसभा) में अपनी राजनीतिक पारी की नई शुरुआत करेंगे।

नीतीश कुमार का ऐतिहासिक रिकॉर्ड :इस इस्तीफे के साथ ही नीतीश कुमार उन गिने-चुने नेताओं की श्रेणी में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारतीय संसदीय प्रणाली के चारों सदनों (लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद) का प्रतिनिधित्व किया है। 1985 में पहली बार विधायक बनने वाले नीतीश कुमार केंद्र में रेल और कृषि मंत्री जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं।

इस्तीफे से पहले बड़ी बैठक: इस्तीफा देने से ठीक पहले रविवार शाम को मुख्यमंत्री आवास पर सियासी हलचल तेज रही। नीतीश कुमार ने जदयू के वरिष्ठ नेताओं, जैसे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, संजय कुमार झा और विजय कुमार चौधरी के साथ भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की।