ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर में SHO समेत चार के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज

अमृतसर/ सत्ता संदेश

अमृतसर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें मौजूदा SHO और उसके साथियों के खिलाफ एक व्यक्ति के अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने SHO प्रभजीत सिंह, रणबीर सिंह, जतिंदर सिंह और नछत्तर सिंह को नामजद किया है।

पीड़ित गुरपाल सिंह निवासी गांव झीते कला के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि SHO प्रभजीत सिंह ने अपने साथियों की मदद से एक युवक का अपहरण करवाया। पुलिस ने SHO प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। बताया जा रहा है कि वह इस समय गोइंदवाल साहिब में तैनात है।

गुरपाल सिंह ने बताया कि अमृतसर अदालतों के बाहर से तीन व्यक्तियों ने उसे इनोवा कार में जबरन बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे नग्न कर बेरहमी से पीटा। पीड़ित के अनुसार, गोल्डन गेट के पास SHO प्रभजीत सिंह दूसरी गाड़ी में बैठकर गोइंदवाल साहिब चला गया, जबकि बाकी आरोपी उसे नागोके गांव के मक्के के खेतों में ले गए और वहां मारपीट की।

पीड़ित ने आगे बताया कि उसे गोइंदवाल थाने ले जाकर मुंशी के दफ्तर में भी पीटा गया और जबरन खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। उसने कहा कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है।

गुरपाल सिंह के अनुसार, उसकी साढ़े पांच किल्ले जमीन का सौदा अल्फा सिटी के पीछे प्रति किल्ला 2 करोड़ रुपये में तजिंदर सिंह निवासी काजीकोट और उसके भाई नछत्तर सिंह के साथ हुआ था। इस सौदे के तहत तजिंदर सिंह ने 30 लाख रुपये बिना किसी लिखित समझौते के उसके खाते में डाले थे। बाद में जब वे रकम का इंतजाम नहीं कर पाए तो उन्होंने पैसे वापस मांगे, जिसे देने से गुरपाल सिंह ने इनकार कर दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अदालत से SHO का एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है।

पश्चिम बंगाल: नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू; ममता बनर्जी का इस्तीफे से इनकार, शुभेंदु अधिकारी बन सकते हैं अगले CM

नैशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गई है। एक ओर जहाँ चुनाव आयोग ने राज्य में नई विधानसभा के गठन के लिए आधिकारिक अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी कर दी है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है।

ममता बनर्जी के गंभीर आरोप: चुनाव में मिली हार के बावजूद ममता बनर्जी के तेवर कड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने से मना करते हुए कहा कि वह चुनाव में हारी नहीं हैं, बल्कि उन्हें हराया गया है। ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ‘EVM की लूट’ का आरोप लगाया है।

चुनाव आयोग की कार्रवाई : चुनाव आयोग ने नई विधानसभा के गठन का नोटिफिकेशन पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को सौंप दिया है, जिसके साथ ही राज्य में चुनाव प्रक्रिया का काम औपचारिक रूप से पूरा हो गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के इस्तीफे से इनकार करने का चुनाव आयोग से कोई लेना-देना नहीं है; यह मामला मुख्यमंत्री, राज्यपाल और राष्ट्रपति के बीच का है।नई सरकार के गठन की तैयारी राज्य में अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

मुख्य बातें इस प्रकार हैं:

शपथ समारोह: नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को गुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर होने की संभावना है।

BJP की बैठक: 8 मई को कोलकाता में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें नेता का चुनाव किया जाएगा।

पर्यवेक्षक: इस बैठक के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ऑब्जर्वर और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को को-ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।

CM की रेस: सूत्रों के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी का नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे है, जिन्होंने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को शिकस्त दी है।

लुधियाना में हाईटेक नाकाबंदी: नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई, सिफारिश भी बेअसर

लुधियाना/सत्ता संदेश

संवाददाता: यादविंदर सिंह

पंजाब के ल‍ुधियाना में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाने के उद्देश्य से दुगरी पुलिस द्वारा हाईटेक नाकाबंदी की गई। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उन वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। नियमों की अनदेखी करने वालों के मौके पर ही चालान काटे गए। इनमें हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और अन्य उल्लंघन शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने अपने परिचितों या प्रभावशाली व्यक्तियों से फोन पर बात करवाकर कार्रवाई से बचने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने किसी की सिफारिश नहीं मानी और नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखी। इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई कि कानून सभी के लिए समान है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

सिख सब्जी विक्रेता पर नगर कौंसिल कर्मचारियों ने किया हमला, श्री अकाल तख्त साहिब ने लिया संज्ञान

माछीवाड़ा/सत्ता संदेश

रिपोर्टर: जसवीर सिंह अलबेला

पंजाब के माछीवाड़ा साहिब से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नगर कौंसिल कर्मचारियों द्वारा सब्जी बेचने वाले एक सिख व्यक्ति की कथित पिटाई का मामला तूल पकड़ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद श्री अकाल तख्‍त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है।

पीड़ित कुलदीप सिंह, जो कि सेना से सेवानिवृत्त हैं, उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने खेतों में उगाई सब्जियां ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लाकर माछीवाड़ा बस स्टैंड के पास बेचते हैं। 4 मई की शाम नगर कौंसिल की टीम ने उनकी ट्रॉली से सामान उठाया। जब वह सामान वापस लेने गए तो 7-8 लोगों ने उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बालों से पकड़कर घसीटा, प्लास्टिक क्रेट और लोहे के कड़े से हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। उनके नाबालिग बेटे सुखमनप्रीत सिंह के साथ भी मारपीट की गई।


इस घटना के बाद सिख संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने खन्ना के एसएसपी से बात कर चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर न्याय नहीं मिला तो वह खुद पीड़ित परिवार से मिलकर आगे की कार्रवाई करेंगे। माछीवाड़ा थाना प्रभारी पवित्र सिंह के अनुसार इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जिनमें से 2 को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं नगर कौंसिल अध्यक्ष मोहित कुंदरा ने घटना की निंदा करते हुए संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और कहा कि कानून को हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

5659 करोड़ का कपास उत्पादकता मिशन, क्षेत्र के पुनरुद्धार की बड़ी पहल : शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली/सत्ता संदेश

पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा कपास उत्पादकता मिशन को मंझूरी मिल गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इसकी स्वकृति दी जाना तथा एससीओ सदस्य देशों के साथ कृषि उत्पादों के सुरक्षित व्यापार, प्लांट क्वारंटीन और फाइटोसैनिटरी से जुड़े पौधों को स्वीकृति मिलना किसानों कृषि अर्थव्यव्स्था और खाद्य सुरक्षा के लिए जरुरी निर्णय है।उन्होंने बताया कि भारत वैश्विक कपास उत्पादन में 21 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखता है और 114.47 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में कपास की खेती होने से यह क्षेत्र लाखों किसानों की आजीविका और वस्त्र उद्योग दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

शिवराज सिंह ने बताया कि यह मिशन वस्त्र क्षेत्र के लिए एकीकृत 5F दृष्टिकोण- फार्म, फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन के अनुरूप देश को खेती से उद्योग तक एक मजबूत और टिकाऊ मूल्य श्रृंखला प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मिशन के लिए 5659.22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत पहला प्रमुख घटक अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों सहित रणनीतिक उपायों के माध्यम से कपास की उत्पादकता और उत्पादन को बढ़ावा देना है, जिसे कृषि मंत्रालय के अंतर्गत किसान कल्याण विभाग तथा कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग द्वारा कार्य किया जाएगा।

केंद्रीय कृषि ने कहा कि कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के तहत 3804.17 करोड़ की लागत से नवीनतम फसल उत्पादन प्रौद्योगिकियों का व्यापक विस्तार किया जाएगा। इसके अंतर्गत उच्च घनत्व रोपण प्रणाली, कम अंतराल रोपण प्रणाली, एक्स्ट्रा लॉन्ग स्टेपल किस्मों का प्रोत्साहन तथा एकीकृत फसल प्रबंधन जैसे उपायों को प्रदर्शनों के माध्यम से खेत स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने ने बताया कि मिशन के प्रारंभिक चरण में 14 कपास उत्पादक राज्यों के 140 जिलों में लगभग 24 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया जाएगा और लगभग 32 लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा। राज्य सरकारों और आईसीएआर के माध्यम से इसका क्रियान्वयन यह सुनिश्चित करेगा कि नई तकनीक, बेहतर पद्धतियां और वैज्ञानिक सलाह सीधे किसानों तक पहुंचे। श्री चौहान ने कहा कि इस मिशन का लक्ष्य वर्तमान लगभग 440 किलोग्राम लिंट प्रति हेक्टेयर उत्पादकता को बढ़ाकर वर्ष 2031 तक 755 किलोग्राम लिंट प्रति हेक्टेयर करना तथा वर्तमान 297 लाख गांठों से बढ़ाकर 2031 तक 498 लाख गांठों का लक्ष्य प्राप्त करना है। यह लक्ष्य न केवल कपास उत्पादन को नई ऊंचाई देगा, बल्कि देश के वस्त्र उद्योग को गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल की स्थिर उपलब्धता भी सुनिश्चित करेगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा SCO सदस्य देशों के साथ हुए समझौते को स्वीकृति मिलना भी कृषि क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस समझौते का उद्देश्य सदस्य देशों में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कृषि उत्पादों के सुरक्षित व्यापार को सुगम बनाना तथा कृषि व्यापार में संभावित कीट प्रकोप को कम करने हेतु प्लांट क्वारंटीन और फाइटोसैनिटरी उपायों को मजबूत करना है।

वेव्स डॉक बाज़ार का दूसरा संस्करण 16 से 18 जून, 2026 तक आयोजित किया जाएगा

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 में व्यूइंग रूम और वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए आवेदन प्रारंभ हुए

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 अगली पीढ़ी की गाथा कहने के लिए एक उभरता बाजार प्रस्‍तुत करेगा

मुंबई / सत्ता संदेश

वेव्स डॉक बाज़ार का दूसरा संस्करण 16 से 18 जून, 2026 तक 19वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) के साथ मुंबई के एनएफडीसी कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा।

वेव्स डॉक बाज़ार एक प्रमुख मंच है जिसे वृत्तचित्र, एनिमेशन और लघु फिल्म निर्माताओं की प्रगति को बढ़ावा देने और गति प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। यह मंच सहयोग, मार्गदर्शन, बाज़ार तक पहुंच और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के अवसर प्रदान करता है। अपने दूसरे संस्करण के साथ इस मंच का उद्देश्य ऑडियो-विज़ुअल उद्योग के स्थापित पेशेवरों और उभरती हुई प्रतिभाओं को एक साथ लाना है। इसके अलावा, यह बाज़ार रचनाकारों, निर्माताओं, वितरकों, प्रसारकों, वित्तदाताओं और प्रौद्योगिकी भागीदारों के लिए एक जीवंत केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जो निर्माण और वितरण के विभिन्न चरणों में सहयोग प्रदान करते हुए असाधारण कहानी कहने की कला को सशक्त बनाएगा और फिल्म निर्माताओं को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने में सहायता प्रदान करेगा। प्रतिभागी विशेषज्ञों और अनुभवी पेशेवरों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से वर्तमान उद्योग रुझानों, बाज़ार की मांगों, वितरण रणनीतियों और दर्शकों की प्राथमिकताओं के संदर्भ में बहुमूल्य जानकारी प्राप्त करेंगे।

वेव्स डॉक बाज़ार के प्रमुख खंडों में से एक है व्यूइंग रूम (वीआर), जहां हाल ही में पूरी हुई या पोस्ट-प्रोडक्शन में मौजूद वृतचित्र, लघु और एनिमेशन फिल्मों को पंजीकृत प्रतिनिधियों के एक चुनिंदा समूह को दिखाया जाएगा। चुनिंदा खरीदारों, प्रोग्रामरों, वितरकों और निवेशकों के लिए ही सुलभ एक सुरक्षित मंच के रूप में डिज़ाइन किया गया यह मंच फिल्म निर्माताओं को वितरण कार्य प्राप्‍त करने, सह-निर्माताओं और विश्व बिक्री एजेंटों से जुड़ने, फिल्म समारोहों की संभावनाओं का पता लगाने और फिल्म निर्माण के लिए धनराशि प्राप्त करने के अवसर प्रदान करता है। एक विशेष रूप से तैयार की गई व्‍यवस्‍था के माध्यम से, खरीदार भाषा, अवधि, निर्माण के चरण और अन्य विवरणों के आधार पर फिल्मों को ब्राउज़ कर सकते हैं, जबकि चुनिंदा फिल्मों को व्यूइंग रूम कैटलॉग में भी शामिल किया जाएगा, जिसे सभी पंजीकृत प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाएगा और कार्यक्रम से पहले ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।

वर्क–इन-प्रोग्रेस लैब (डब्ल्यूआईपी)

विशेष रूप से डॉक्यूमेंट्री और एनिमेशन फिल्मों के रफ-कट चरण के लिए डिज़ाइन की गई है। एक बंद कमरे में आयोजित इस लैब में चयनित प्रतिभागियों को अनुभवी फिल्म निर्माताओं, संपादकों और अंतरराष्ट्रीय सलाहकारों से बहुमूल्य प्रतिक्रिया, मार्गदर्शन और सलाह मिलती है, जिससे उन्हें अपने प्रोजेक्ट को व्यापक दर्शकों के लिए परिष्कृत करने में सहायता मिलती है।

वीआर, एआर और एक्सआर पर केंद्रित उभरते बाज़ार का प्रीमियर वेव्स डॉक बाज़ार में होगा।

पहली बार, वेव्स डॉक बाज़ार में उभरता बाजार भी प्रस्‍तुत किया जाएगा, जो इमर्सिव कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोड्यूसर्स और टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के लिए एक समर्पित मंच है। वीआर, एआर और एक्सआर और परस्‍पर संवादात्‍मक अनुभवों पर केंद्रित यह बाजार अभिनव परियोजनाओं को प्रदर्शित करने, कहानी कहने के नए प्रारूपों का पता लगाने और सार्थक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

अपने गतिशील कार्यक्रमों और उद्योग-केंद्रित पहलों के साथ, वेव्स डॉक बाज़ार वृत्तचित्रों, एनिमेशन और लघु फिल्मों के लिए इकोसिस्‍टम को मजबूत करने के लिए तैयार है, साथ ही रचनात्मक उत्कृष्टता और अंतर्राष्ट्रीय पहुंच के लिए नए मार्ग प्रशस्‍त कर रहा है।

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 में व्यूइंग रूम और डब्‍ल्‍यूआईपी लैब के लिए आवेदन आमंत्रित हैं।

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के व्यूइंग रूम और वर्क-इन-प्रोग्रेस (डब्ल्यूआईपी) लैब के लिए आवेदन आमंत्रित हैं। यह एक वैश्विक मंच है जो वृत्तचित्र और एनिमेशन फिल्म निर्माताओं को उद्योग के अग्रणी पेशेवरों से जोड़ता है। इच्छुक प्रतिभागी 15 मई, 2026 को भारतीय समयानुसार रात 11:59 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।

2024 में आयोजित डॉक फिल्म बाजार के पहले संस्करण की पीआईबी फाइल तस्वीरें

पात्रता:
यह कार्यक्रम विश्वभर की वृत्तचित्र और एनिमेशन फिल्मों के लिए खुला है। लघु, मध्यम और फीचर-लंबाई वाली फिल्में वेव्स डॉक बाज़ार 2026 में प्रदर्शित होने के लिए पात्र हैं। फिल्में पूर्ण हो चुकी हों या पोस्ट-प्रोडक्शन में हों, और अधिकांश शूटिंग पूरी हो चुकी हो। विकास या पूर्व-निर्माण चरण में उपस्थित परियोजनाएं पात्र नहीं हैं। जिन फिल्म निर्माताओं की परियोजनाएं फिल्म समारोहों में प्रदर्शित होने, बिक्री, वितरण या निर्माण के लिए धन जुटाने की तलाश में हैं, उन्हें विशेष रूप से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। सीमित या बिना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित फिल्मों का भी स्वागत है।

प्रस्तुत करने की प्रक्रिया

पहले चरण में, आवेदकों को समीक्षा के लिए पूरी फिल्म या उसके रफ कट का पासवर्ड से सुरक्षित स्क्रीनर लिंक जमा करना होगा। चयन होने पर, फिल्म निर्माताओं को व्यूइंग रूम के लिए कम से कम 10 मिनट का फुटेज जमा करना होगा। पूरी फिल्म जमा करने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाता है। अंतिम फाइलें सुरक्षित रूप से अपलोड की जाएंगी और केवल अधिकृत प्रतिभागियों के लिए ही उपलब्ध होंगी।

फिल्म निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने काम का प्रदर्शन करने और वृत्तचित्र और एनीमेशन उद्योग के प्रमुख निर्णयकर्ताओं से जुड़ने के इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

इच्छुक उम्मीदवार नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

नियम एवं विनियम, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न और वीआर तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं के बारे में अधिक जानकारी यहां से प्राप्त की जा सकती है।

ईरान के शॉपिंग सेंटर में भीषण आग: 8 लोगों की मौत और 36 घायल, जांच जारी

इंटरनेशनल डेस्क : ईरान की राजधानी तेहरान के पास एक शॉपिंग सेंटर में मंगलवार को भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए हैं।

अंडीशे शहर में हुआ हादसा : यह दर्दनाक घटना तेहरान प्रांत के अंडीशे शहर स्थित अरघवान शॉपिंग सेंटर में हुई। राज्य टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आग पर काबू पाने की कोशिश : टेलीविजन फुटेज में देखा गया कि मल्टीस्टोरी इमारत से काले धुएं के बड़े गुबार उठ रहे थे और फायर ब्रिगेड के जवान बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे।

जांच और वर्तमान स्थिति: अधिकारियों ने बताया है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है। हालांकि, इस घटना के किसी युद्ध या बाहरी संघर्ष से जुड़े होने का कोई संकेत नहीं मिला है, जबकि अमेरिका के साथ पिछले तीन हफ्तों से एक नाजुक संघर्ष विराम लागू है।

नेहा कक्कड़ ने पति रोहनप्रीत के साथ तलाक की अफवाहों को किया खारिज; कहा- “मेरे पति को बेवजह मत घसीटो”

मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट के बाद उड़ रही तलाक की खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए सच्चाई सामने रखी है। नेहा ने साफ कर दिया है कि उनके और पति रोहनप्रीत सिंह के बीच सब कुछ ठीक है।

क्या था मामला? हाल ही में नेहा कक्कड़ ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा की थी जिसमें उन्होंने काम, जिम्मेदारियों और रिश्तों से ब्रेक लेने की बात कही थी। हालांकि, उन्होंने इस पोस्ट को कुछ ही देर में डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर उनके और रोहनप्रीत के बीच अनबन और तलाक की अफवाहें तेजी से फैल गईं।

नेहा की सफाई : इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेहा ने कहा कि उनके रिश्ते में कोई समस्या नहीं है। उन्होंने फैंस से अपील करते हुए लिखा, “प्लीज मेरे इनोसेंट हसबैंड या मेरे परिवार को इस बारे में मत घसीटो।” उन्होंने आगे कहा कि उनके पति और परिवार सबसे प्यारे लोग हैं और आज वे जो कुछ भी हैं, उन्हीं के सपोर्ट की वजह से हैं।

प्राइवेट लाइफ को लेकर लिया फैसला: सिंगर ने यह भी साझा किया कि उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट्स से काफी कुछ सीखा है और अब वे अपनी प्राइवेट लाइफ के बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं करेंगी। उन्होंने फैंस और मीडिया से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने और पैपराजी से भी दूरी बनाए रखने की गुजारिश की है।नेहा और रोहनप्रीत की शादी नवंबर 2020 में हुई थी और वे अक्सर अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

लुधियाना में 72% मतदाता मानचित्रण पूरा हुआ

एडीसी (जी) ने जवद्दी कलां में मतदाताओं से बातचीत की और मतदाताओं से भरपूर सहयोग की अपील की

लुधियाना / सत्ता संदेश

अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य)-सह-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी पूनम सिंह ने मंगलवार को बताया कि पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा शुरू किए गए पूर्व-विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन ने 72% मतदाता मानचित्रण पूरा कर लिया है।

सिंह ने आगे बताया कि पूर्व-विशेष निर्वाचन अधिकारी गतिविधियों के तहत, वर्तमान मतदाता सूची का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 2,700,999 मतदाता हैं, जिनमें से 1,922,543 (लगभग 72%) का मिलान बीएलओ द्वारा पहले ही किया जा चुका है।

इस संबंध में, एडीसी पूनम सिंह ने लुधियाना पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 123 के अंतर्गत आने वाले जवद्दी कलां में संबंधित बीएलओ आयुष कंबोज और चुनाव कानूनगो राकेश कुमार के साथ क्षेत्र का दौरा किया।

दौरे के दौरान, सिंह ने मतदाताओं से बातचीत की और उन्हें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार चल रहे प्री-एसआईआर मतदाता मानचित्रण कार्य के बारे में जागरूक किया। उन्होंने मतदाताओं से घर-घर जाकर मतदाता मानचित्रण कर रहे बीएलओ के साथ पूर्ण सहयोग करने और प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की।

सिंह ने यह भी बताया कि मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (ईसीआईनेट) https://voters.eci.gov.in/ या पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://elections.punjab.gov.in/Election/Public/SearchEroll2003 पर अपनी 2003 की मतदाता सूची का विवरण देख सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अधिक जानकारी, सुझाव या शिकायत के लिए मतदाता टोल-फ्री नंबर 1950 पर वोटर हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं।

इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम अपनाने वाला लुधियाना पंजाब का तीसरा शहर बना

– डीजीपी गौरव यादव द्वारा लुधियाना में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) का उद्घाटन
– इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम 9 ट्रैफिक उल्लंघनों का पता लगा सकता है: डीजीपी गौरव यादव
– डीजीपी पंजाब ने फील्ड अधिकारियों के साथ व्यापक बैठक की, जन शिकायतों के त्वरित और नागरिक-केंद्रित समाधान पर जोर
– डीजीपी ने दोपहर के ‘वड्डे खाने’ के दौरान 550 से अधिक पुलिस कर्मियों के साथ भोजन किया

लुधियाना / सत्ता संदेश

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह की सोच के अनुरूप पंजाब पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों के तहत जालंधर और मोहाली के बाद अब लुधियाना राज्य का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) स्थापित किया गया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने अत्याधुनिक भावी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) के उद्घाटन के अवसर पर दी।

डीजीपी ने बताया कि आइसीसीसी परियोजना के तहत शहर की निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए 259 स्थानों पर 1,700 हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं।

शहर भर में 46 स्थानों पर स्थापित यह आइटीएमएस 9 प्रकार के ट्रैफिक उल्लंघनों का पता लगा सकता है, जिनमें लाल बत्ती पार करना, स्टॉप लाइन का उल्लंघन, बिना हेलमेट वाहन चलाना, पीछे बैठने वाले यात्री द्वारा हेलमेट न पहनना, तीन सवारी बैठाना, ओवरस्पीडिंग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन, गलत दिशा में वाहन चलाना और गलत पार्किंग शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव, जो ग्राउंड-जीरो दौरे के तहत लुधियाना में थे, ने अपग्रेड किए गए अत्याधुनिक आइसीसीसी को निवारक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, “नए उद्घाटित आइसीसीसी में एक ही छत के नीचे कई यूनिट्स को शामिल किया गया है, जिनमें ट्रैफिक, पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर), सेफ सिटी और वायरलेस यूनिट शामिल हैं। इससे पुलिस के कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा और पीसीआर रेस्पोंस समय 15 मिनट से घटाकर मात्र 7-8 मिनट कर दिया गया है।”

डीजीपी, जिनके साथ कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) लुधियाना स्वप्न शर्मा और डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीआईजी) लुधियाना रेंज सतिंदर सिंह भी मौजूद थे, ने फील्ड अधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक भी की, जिसमें जन शिकायतों के त्वरित और नागरिक-केंद्रित समाधान पर जोर दिया गया।

आपसी समन्वय और एकजुटता को और मजबूत करने के लिए डीजीपी गौरव यादव ने पुलिस लाइंस में आयोजित ‘वड्डे खाने’ के दौरान पंजाब पुलिस के सभी रैंक के 550 से अधिक कर्मियों के साथ भोजन किया। उन्होंने कहा, “ऐसे अवसर आपसी सहयोग, एकता और जनसेवा के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं।”

इस दौरान डीजीपी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित हो सकें।

इस अवसर पर अन्य के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लुधियाना (ग्रामीण) अंकुर गुप्ता, एसएसपी एसबीएस नगर तुषार गुप्ता, एसएसपी खन्ना दरपन आहलूवालिया और डीजीपी पंजाब के स्टाफ ऑफिसर ऋषभ भोला भी उपस्थित थे।